Hapur News: 10 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप: चर्चित हिस्ट्रीशीटर फिर सुर्खियों में, पुलिस जांच शुरू

Hapur News: हापुड़ के सिम्भावली क्षेत्र में एक व्यक्ति ने जिले के चर्चित हिस्ट्रीशीटर पर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

By :  Avnish Pal
Update:2026-05-30 20:57 IST

Hapur News

Hapur News: सिम्भावली थाना क्षेत्र के गांव नियाजपुर खेड़िया निवासी एक व्यक्ति द्वारा 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी की शिकायत के बाद एक बार फिर जिले का चर्चित हिस्ट्रीशीटर सुर्खियों में आ गया है। शिकायतकर्ता ने एसपी कार्यालय में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि आरोपी ने रंगदारी नहीं देने पर चार दिन के भीतर जान से मारने की धमकी दी है। शिकायत में आरोपी के आपराधिक इतिहास का भी जिक्र किया गया है, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।

10 लाख की रंगदारी और जान से मारने की धमकी का आरोप

पीड़ित अशोक कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने उससे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। आरोप है कि रकम न देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने अपनी और परिवार की सुरक्षा को खतरा बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

दोहरे हत्याकांड का मास्टरमाइंड बताया गया था आरोपी

बताया जाता है कि वर्ष 2024 में गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव गुलालपुर स्थित एक फार्म हाउस पर हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड में भी इसी आरोपी का नाम सामने आया था। नौ अक्तूबर 2024 की रात मेरठ के सीना गांव निवासी अनिरुद्ध और नोएडा के बोड़ाकी गांव निवासी रतनपाल भाटी की नृशंस हत्या कर दी गई थी।हमलावरों ने दोनों पर नल के हत्थे और धारदार हथियारों से हमला किया था, जबकि फार्म हाउस पर मौजूद एक अन्य व्यक्ति जीतपाल को गंभीर रूप से घायल अवस्था में छोड़ दिया गया था। पुलिस जांच में आरोपी को इस दोहरे हत्याकांड का मास्टरमाइंड बताया गया था।दोहरे हत्याकांड के बाद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने उस पर इनाम घोषित किया था। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर उसके घर की कुर्की की कार्रवाई भी की गई थी। उस समय पुलिस ने आरोपी की संपत्ति जब्त कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया था।

गंगा एक्सप्रेस-वे के ठेकेदार से भी मांगी थी रंगदारी

आरोपी का नाम गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना से जुड़े एक रंगदारी प्रकरण में भी सामने आया था। आरोप है कि वर्ष 2024 में गंगा एक्सप्रेस-वे पर मिट्टी डालने का ठेका लेने वाले मुजफ्फरनगर निवासी ठेकेदार हर्ष डबास से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी।बताया गया कि ठेकेदार को फोन कर गांव पीरनगर बुलाया गया और रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। इस मामले में मेरठ एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया था। उस समय उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।

फिर बढ़ी पुलिस की चुनौती

अब 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने की नई शिकायत सामने आने के बाद पुलिस के सामने एक बार फिर आरोपी की गतिविधियों की जांच बड़ी चुनौती बन गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो यह कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

एसपी हापुड़ कुंवर ज्ञानंजय सिंह का बयान

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक हापुड़ कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले को गंभीरता से लिया गया है। जांच के लिए संबंधित थाना पुलिस को निर्देशित किया गया है। शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। यदि जांच में रंगदारी मांगने, धमकी देने अथवा किसी अन्य आपराधिक गतिविधि की पुष्टि होती है तो आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Tags:    

Similar News