Hapur News: हापुड़ में चाऊमीन विक्रेता की टिप्पणी पर बवाल, प्रतिमा के सामने युवक से मंगवाई माफी
Hapur News: हापुड़ के मेरठ तिराहा पर चाऊमीन विक्रेता की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद लोगों ने विरोध किया, प्रतिमा के सामने माफी मंगवाई, वीडियो वायरल हुआ।
हापुड़ में चाऊमीन विक्रेता की टिप्पणी पर बवाल, प्रतिमा के सामने युवक से मंगवाई माफी (Photo- Newstrack)
Hapur News: हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र में मेरठ तिराहा स्थित महापुरुष की प्रतिमा के पास शनिवार को उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब एक चाऊमीन विक्रेता द्वारा एक समाज के प्रति कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और आरोपी युवक से सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।जानकारी के अनुसार नगर कोतवाली क्षेत्र के मेरठ तिराहा पर चाऊमीन का ठेला लगाने वाले एक युवक पर आरोप है कि उसने एक समाज और उसके महापुरुष को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। जैसे ही यह बात लोगों तक पहुंची, समाज के लोगों में भारी नाराजगी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और युवक को मेरठ तिराहा स्थित महापुरुष की प्रतिमा के पास लाया गया।
प्रतिमा के सामने मांगी माफी
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में युवक को महापुरुष की प्रतिमा के सामने खड़े होकर अपनी कथित टिप्पणी के लिए माफी मांगते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में मौजूद लोग उससे दोबारा ऐसी गलती न करने की बात भी कहलवाते नजर आ रहे हैं। घटना के दौरान क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि बाद में स्थानीय लोगों और जिम्मेदार लोगों के प्रयास से मामला शांत हो गया।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई लोग आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील कर रहे हैं। वीडियो के वायरल होने के बाद यह मामला पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले को लेकर थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है और स्थिति पूरी तरह सामान्य है। वायरल वीडियो और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
शांति बनाए रखने की अपील
पुलिस प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ पोस्ट साझा न करने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और किसी भी व्यक्ति को सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
नोट: सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की newstrack स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।