Sultanpur News: राम मंदिर चोरी मामले में विपक्ष पर गरजीं अनुप्रिया, कहा-'पहले भी हार थे, आगे भी...

Sultanpur News: सुल्तानपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने राम मंदिर चोरी, जातीय जनगणना, 2027 चुनाव और सपा-कांग्रेस पर खुलकर हमला बोला।

Update:2026-06-15 20:28 IST

राम मंदिर चोरी मामले में विपक्ष पर गरजीं अनुप्रिया, कहा-'पहले भी हार थे, आगे भी... (Photo- Newstrack)

Sultanpur News: एनडीए की घटक दल अपना दल चुनावी मोड में, जिला स्तरीय कार्यकर्ता समागम कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचीं केंद्रीय मंत्री एवं अनुप्रिया पटेल ने सोमवार को कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान कई राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी, अखिलेश यादव की बेटी पर की गई टिप्पणी, 2027 विधानसभा चुनाव, जातीय जनगणना और सपा-कांग्रेस गठबंधन जैसे मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए एनडीए को मजबूत करने का आह्वान भी किया।

राम मंदिर में चोरी को बताया “अक्षम्य अपराध”

राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर अनुप्रिया पटेल ने कहा कि यह बेहद गंभीर विषय है, क्योंकि करोड़ों लोगों की आस्था मंदिर से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मामले का संज्ञान लेते हुए एसआईटी गठित कर दी है और जांच शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि मंदिर में चोरी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने कहा, “मंदिर के साथ करोड़ों लोगों की भावनाएं जुड़ी हैं। ऐसे स्थान पर चोरी होना अक्षम्य है। हमारी पार्टी की स्पष्ट मांग है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले।”

अखिलेश यादव की बेटी पर टिप्पणी को लेकर जताई नाराजगी

राजनीतिक बयानबाजी के दौरान अखिलेश यादव की बेटी को लेकर हुई कथित टिप्पणी पर भी केंद्रीय मंत्री ने सख्त प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के बीच लड़ाई वैचारिक होनी चाहिए, न कि परिवारों और बच्चों को निशाना बनाने वाली।

उन्होंने कहा कि किसी भी दल या नेता की बेटी पर अमर्यादित टिप्पणी करना निंदनीय है और इसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि समाज की हर बेटी का सम्मान होना चाहिए और बेटियों को राजनीतिक विवादों में घसीटना गलत परंपरा है।

उन्होंने कहा, “किसी भी परिवार की बेटी के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी की हम घोर निंदा करते हैं। राजनीति वैचारिक होनी चाहिए, व्यक्तिगत नहीं। समाज की हर बिटिया हम सबकी बिटिया है।”

2027 चुनाव पर बोलीं-  सीटों की नहीं, संगठन मजबूत करने की तैयारी

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर एनडीए में सीट बंटवारे की चर्चाओं के सवाल पर अनुप्रिया पटेल ने कहा कि अभी इस विषय पर कोई औपचारिक चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने इसे जल्दबाजी करार देते हुए कहा कि फिलहाल पार्टी संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर ध्यान दे रही है।

उन्होंने कहा कि लक्ष्य सिर्फ एक है—एनडीए की जीत सुनिश्चित करना। इसके लिए अपना दल (एस) के कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ मैदान में जुटेंगे। सीटों को लेकर सहयोगी दलों से समय आने पर चर्चा की जाएगी।

जातीय जनगणना पर कहा- 1931 के बाद पहली बार आएंगे अधिकृत आंकड़े

जातीय जनगणना को लेकर पूछे गए सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अपना दल (एस) हमेशा से इसकी समर्थक रही है और पार्टी ने सड़क से लेकर संसद तक यह मांग उठाई थी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने सामाजिक न्याय से जुड़ी कई मांगों को स्वीकार किया है और जातीय जनगणना भी उसी दिशा में बड़ा कदम है।


उन्होंने कहा कि 1931 के बाद पहली बार अलग-अलग जातियों और समुदायों के अधिकृत आंकड़े सामने आएंगे, जिससे सरकार को नीतियां बनाने में मदद मिलेगी। सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों के लिए योजनाएं अधिक प्रभावी तरीके से लागू की जा सकेंगी।

सपा-कांग्रेस गठबंधन पर बोलीं- पहले भी हार चुके, आगे भी हारेंगे

सपा और कांग्रेस के गठबंधन पर हमला बोलते हुए अनुप्रिया पटेल ने कहा कि यह कोई नया प्रयोग नहीं है। जनता पहले भी इस गठबंधन के परिणाम देख चुकी है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र और प्रदेश की एनडीए सरकारों ने पिछले वर्षों में गरीब कल्याण और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में बड़े बदलाव किए हैं।

उन्होंने कहा कि पहले गरीबों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भटकना पड़ता था, लेकिन अब करोड़ों लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में हुए विकास कार्यों के आधार पर आगामी चुनावों में भी एनडीए मजबूत प्रदर्शन करेगा।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, “जिस तरह पहले सपा-कांग्रेस गठबंधन पराजित हुआ था, वैसे ही आगे भी होगा। आगामी चुनाव में विपक्ष चारों खाने चित्त होगा।”

कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मंच से नेताओं ने संगठन विस्तार, बूथ मजबूती और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने का संदेश दिया।

Tags:    

Similar News