Congress बूथ प्रबंधन को बनाएगी हथियार, मतदाता सूची में नहीं होने देगी गड़बड़ी, प्रयागराज जोन की बैठक में तय हुई रणनीति

UP Congress: प्रभारी अविनाश पांडेय ने कहा कि पिछले छह दिनों की समीक्षा उत्साहजनक रही। पार्टी का हर पदाधिकारी और कार्यकर्ता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य कर रहा है।

Update:2025-06-19 18:18 IST

UP Congress review meeting (Photo: Social Media)

UP Congress: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत छठे और अंतिम दिन प्रयाग जोन की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में प्रयागराज जोन के अंतर्गत वाराणसी, गाजीपुर, चंदौली, जौनपुर, भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र, कौशांबी, इलाहाबाद, प्रतापगढ़, अमेठी और सुल्तानपुर के जिला व शहर अध्यक्षों एवं समन्वयकों ने भाग लिया।

संगठन सृजन का वर्ष है घोषित

उत्तर प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन एवं पूर्व मंत्री डॉ. सीपी राय ने बताया कि यह बैठक अहमदाबाद अधिवेशन में वर्ष 2025 को संगठन सृजन का वर्ष घोषित किए जाने के क्रम में की गई। यह समीक्षा 14 जून से शुरू हुई थी। जो 19 जून तक जारी रही। जिसके तहत प्रदेश के छह जोन, पश्चिम, ब्रज, बुंदेलखंड, पूर्वांचल, अवध और प्रयागराज संगठनात्मक कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

छह दिनों की समीक्षा उत्साहजनक

प्रभारी अविनाश पांडेय ने कहा कि पिछले छह दिनों की समीक्षा उत्साहजनक रही। पार्टी का हर पदाधिकारी और कार्यकर्ता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य कर रहा है। हम 2025 के अंत से पहले प्रदेश में पांच स्तरीय संगठन सृजन कार्य पूर्ण कर लेंगे और संगठन को हथियार बनाकर भाजपा को सत्ता से बाहर करेंगे।

बूथ प्रबंधन होगा सशक्त हथियार

यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस बूथ प्रबंधन को अपना सबसे सशक्त हथियार बनाएगी। जिससे हर मतदाता तक कांग्रेस की पहुंच सुनिश्चित हो सके। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मतदाता सूची की पारदर्शिता को प्राथमिकता बताते हुए कहा, हम किसी भी हाल में मतदाता सूची में हेराफेरी नहीं होने देंगे। कांग्रेस बूथ स्तर तक मजबूत संगठन खड़ा करेगी। प्रदेश की जनता से जुड़े मुद्दों पर सड़कों पर संघर्ष करेगी।

रणनीतिक दृष्टिकोण से कार्य कर

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब रणनीतिक दृष्टिकोण से कार्य कर रही है। बूथ स्तर पर संगठनात्मक ढांचा मजबूत करने के साथ पार्टी मतदाता सूची की निगरानी, जनसंपर्क और जनआंदोलन जैसे सभी मोर्चों पर सक्रिय होगी। इस बैठक में कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश सिंह, प्रदेश महासचिव अनिल यादव और वॉर रूम प्रभारी संजय दीक्षित प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News