UP में मौसम फिर लेगा यू-टर्न! दो दिन की गर्मी के बाद फिर लौटेंगे मेघ, आंधी-बारिश का यलो अलर्ट

UP Weather: मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। हालांकि 12 से 14 मई के बीच मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है।

Update:2026-05-11 08:07 IST

UP Weather

UP Weather: उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान और बारिश के बाद मिली राहत अब खत्म होती दिखाई दे रही है। पिछले दो दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी और लू का असर तेजी से बढ़ गया है। रविवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान कर दिया। सुबह होते ही सूरज की तपिश इतनी बढ़ गई कि लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा छा गया और बाजारों में भी भीड़ काफी कम दिखाई दी। व्यस्त इलाकों में भी ट्रैफिक सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम रहा। तेज गर्मी और लू के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकले। दोपहिया वाहन चालक अपने चेहरे और सिर को कपड़ों से ढककर सफर करते नजर आए। अधिकांश लोगों ने शाम के बाद ही बाजारों का रुख किया।

बाजारों में ग्राहकों की संख्या घटने से कारोबार प्रभावित

रविवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्मी का असर छोटे व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी दुकानदारों पर भी साफ दिखाई दिया। बाजारों में ग्राहकों की संख्या घटने से कारोबार प्रभावित हुआ। फल और सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण सामान जल्दी खराब हो रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

12 से 14 मई के बीच मौसम फिर लेगा करवट 

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। हालांकि 12 से 14 मई के बीच मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र ने पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जनपदों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं गरज-चमक और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं पूर्वी यूपी में 13 और 14 मई को बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 से 4 बजे तक घर से बाहर न निकलने, पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार 15 मई के बाद राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

Tags:    

Similar News