काशी में संस्कृति संसद-2026 का शुभारंभ, गोमाता की रक्षा के लिए कानून बनाने की उठी मांग
Varanasi News: रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में जुटे 1500 संतों ने सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति की रक्षा का आह्वान किया, गुरुकुलों की स्थापना और युवाओं की भूमिका पर भी चर्चा हुई।
काशी में संस्कृति संसद-2026 का शुभारंभ, गोमाता की रक्षा के लिए कानून बनाने की उठी मांग (Photo- Newstrack)
Varanasi News: काशी के सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में तीन दिवसीय संस्कृति संसद-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन सत्र में देशभर से पहुंचे संतों, महामंडलेश्वरों, आचार्यों और धर्माचार्यों ने भारतीय संस्कृति, सनातन धर्म, गोमाता की रक्षा और युवाओं की सामाजिक भूमिका जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ज्योतिषपीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानन्द सरस्वती ने की। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति की रक्षा के लिए संस्कृति संसद जैसे आयोजन जरूरी हैं। साथ ही गोमाता की रक्षा के लिए कानून बनाने की मांग भी उठाई। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्रपुरी जी महाराज ने कहा कि संत समाज हमेशा से धर्म और भारतीय संस्कृति की रक्षा करता आया है और आगे भी इस जिम्मेदारी को निभाता रहेगा।
गोमाता की रक्षा के लिए कानून बनाने की मांग
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानन्द सरस्वती ने कहा कि संस्कृति संसद में संत वक्ताओं की ओर से रखे गए विचारों पर अमल करने की जरूरत है। उनके मुताबिक सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति पर अलग-अलग स्तरों पर हमले हो रहे हैं। ऐसे में इनकी रक्षा के लिए संस्कृति संसद जैसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि हिंदू विरोधी कानूनों में भी बदलाव की आवश्यकता है।
उन्होंने भारतीय समाज में गो, गंगा और गीता के महत्व को बताते हुए कहा कि गाय भारतीय संस्कृति का आधार है। गोमाता की रक्षा के लिए वर्ष 1962 में करपात्री जी महाराज के नेतृत्व में आंदोलन किया गया था। उस समय तत्कालीन सरकार की ओर से हुई हिंसा में करपात्री जी महाराज की एक आंख की रोशनी चली गई थी और किसी तरह उनकी जान बच सकी थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में गोमाता की सुरक्षा के लिए कानून बनाया जाना जरूरी है। इसके लिए उन्होंने समाज और सरकार दोनों से पहल करने का निवेदन किया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म पर हो रहे हमलों से हिंदू समाज को बचाने की आवश्यकता है।
संत समाज एक मंच पर आकर करेगा संस्कृति की रक्षा
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्रपुरी जी महाराज ने कहा कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद और अखिल भारतीय संत समिति का प्रयास है कि देशभर का संत समाज एकजुट होकर भारतीय संस्कृति की रक्षा में योगदान दे। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा थी कि पूरे भारत के अलग-अलग पंथों से जुड़े संत एक मंच पर आएं। संस्कृति संसद के माध्यम से यह प्रयास सफल हुआ है और इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से संत शामिल हुए हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति की रक्षा में संत समाज की हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अतीत में भी संतों ने संस्कृति को बचाने का काम किया और आगे भी यह जिम्मेदारी निभाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के खिलाफ होने वाले षड्यंत्रों से उसकी रक्षा के लिए संत समाज तैयार है।
अखिल भारतीय संत समिति एवं गंगा महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री स्वामी जितेन्द्रानन्द सरस्वती ने कहा कि वर्तमान समय में भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म के खिलाफ कई तरह के प्रयास हो रहे हैं। उनके अनुसार इस समय दिल्ली संघर्ष का केंद्र बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ व्यक्ति और संगठन लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के बजाय जंतर-मंतर के माध्यम से सत्ता बदलने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि उन्हें सनातन और संस्कृति की रक्षा के लिए काम करने वाली सरकार पसंद नहीं है।
उन्होंने संत समाज से इन परिस्थितियों को समझने और धर्म एवं संस्कृति के विरोध में काम करने वाली शक्तियों के खिलाफ सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। जेन जी के नाम पर युवाओं को बांटने के प्रयासों पर भी उन्होंने चिंता जताई। उन्होंने भारतीय युवाओं से समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने की अपील की।
कानूनों में बदलाव और सामाजिक जागरूकता पर जोर
विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक दिनेश ने कहा कि पूर्व की सरकारों के समय ऐसे कई कानून बनाए गए, जिनसे भारतीय हिंदू समाज और परिवारों की भावनाओं पर असर पड़ा है। उन्होंने यूजीसी कानून, समाज को जातियों में बांटने वाले कानून, लिव-इन रिलेशनशिप और पिता की संपत्ति में बेटियों की हिस्सेदारी से जुड़े विवादों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन विषयों पर आगे निर्णय लेने और कानूनों में बदलाव की जरूरत है। इसके लिए संगठन की ओर से प्रयास किए जाएंगे और सरकार पर भी दबाव बनाया जाएगा।
विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक ने कहा कि उनके अनुसार हिंदुओं की संख्या घट रही है, जबकि मुस्लिम आबादी बढ़ने से नया असंतुलन पैदा हो रहा है। उन्होंने धर्मांतरण की चुनौती का भी जिक्र किया। साथ ही कहा कि वर्तमान समय में मंचों से राम, शिव और कृष्ण के बारे में भी आपत्तिजनक विचार व्यक्त किए जा रहे हैं। ऐसे में संत समुदाय को समाज में जागरूकता बढ़ाने का काम करना चाहिए, जिससे भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म की रक्षा हो सके।
गुरुकुलों और संस्कार केंद्रों की स्थापना जरूरी
कथावाचक आचार्य सुधांशु महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में सनातन धर्म और संस्कृति के लिए पूरी सजगता के साथ काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने सात लाख से अधिक गुरुकुल बंद कराए थे। अब जरूरत है कि पहले से भी अधिक संख्या में गुरुकुलों की स्थापना की जाए। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए गुरुकुलों के साथ संस्कार केंद्र भी स्थापित करने होंगे। उन्होंने संत समाज से इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
जेन जी के विषय पर उन्होंने कहा कि केवल जेन जी से भारत के युवाओं की पहचान नहीं की जा सकती। युवाओं में संतोष और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना जरूरी है। युवाओं के विरोध को हमेशा नकारात्मक नजरिए से देखने के बजाय उसे सहयोगी भावना के साथ समझना चाहिए, ताकि समाज और व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
संस्कृति संसद के आयोजन के उद्देश्य पर भी रखे विचार
आयोजन समिति के अध्यक्ष सुनील देवधर ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ रहे अरविंद केजरीवाल के समर्थन में वामपंथी साहित्यकारों, कलाकारों और राष्ट्र विरोधी शक्तियों ने काशी में अपनी गतिविधियां शुरू की थीं। उन्होंने कहा कि इन्हीं शक्तियों के प्रयासों को विफल करने के उद्देश्य से संस्कृति संसद की शुरुआत हुई थी और यह आयोजन लगातार जारी है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भारतीय संस्कृति और धर्म पर हो रहे हमलों के बीच संस्कृति संसद की प्रासंगिकता और बढ़ गई है। उन्होंने जंतर-मंतर का भी जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं को किसी तरह के भ्रम में नहीं पड़ना चाहिए और उन्हें राष्ट्र के विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
संस्कृति संसद-2026 का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान मंच पर उपस्थित संतों और अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत सुनील देवधर, प्रोफेसर अरविंद जोशी और प्रोफेसर ओमप्रकाश सिंह ने किया। कार्यक्रम का संचालन संत समिति के कोषाध्यक्ष जनार्दन हरि ने किया।
इस अवसर पर भारतीय संत समिति के अध्यक्ष एवं कैवल्य पीठाधीश्वर जगद्गुरु अविचलदेवाचार्य महाराज, विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय, संत समिति के संयुक्त महामंत्री महामंडलेश्वर मनमोहन दास राधे-राधे बाबा, काशी विद्वत परिषद के अध्यक्ष प्रोफेसर वशिष्ठ त्रिपाठी, कार्यकारी अध्यक्ष प्रोफेसर रामचंद्र पांडेय और महामंत्री डॉ. रामनारायण द्विवेदी सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
संस्कृति संसद में पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार, उत्तराखंड, राजस्थान, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गोवा, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित देश के अलग-अलग राज्यों से लगभग 1500 संत, महामंडलेश्वर और आचार्य शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में मंच पर मौजूद अतिथियों ने संस्कृति पर्व पत्रिका का लोकार्पण किया।
देश-विदेश के कलाकारों की पेंटिंग और फोटो प्रदर्शनी बनी आकर्षण
संस्कृति संसद के आयोजन स्थल पर कला और संस्कृति से जुड़ी प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसमें देश-विदेश के कलाकारों की बनाई पेंटिंग और फोटो लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। प्रदर्शनी में पद्मश्री दुलारी देवी की बनाई मधुबनी पेंटिंग और पद्मश्री श्याम शर्मा की ओर से तैयार हनुमान जी की पेंटिंग विशेष रूप से आकर्षित कर रही हैं।
प्रदर्शनी में काशी की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को भी कैनवास पर उतारा गया है। इसमें काशी के घाटों पर आधारित तीन पेंटिंग, महादेव के अलग-अलग स्वरूपों पर बनाई गई पेंटिंग और काशी के विभिन्न दृश्यों को दिखाने वाली सात पेंटिंग शामिल हैं। इसके अलावा एक मिथिला पेंटिंग और महाकुंभ से जुड़ी तीन कलाकृतियां भी प्रदर्शित की गई हैं। अशोक सिंघल की पेंटिंग कलाकार अंचल चौधरी ने बनाई है।
फोटो प्रदर्शनी में हिंदू धर्म, भारतीय संस्कृति और सामाजिक जीवन से जुड़ी तस्वीरें लगाई गई हैं। इसमें थाईलैंड के रुबेन तस्मार, अमेरिका के डॉ. वेनिडेक्टो रियार्स और एरिन ब्रिडेन ब्रिक तथा तुर्की की देरेया अजार अस्ता सेवर के फोटो शामिल हैं।
रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर के प्रवेश द्वार और प्रमुख स्थानों पर आकर्षक रंगोली के माध्यम से भारतीय संस्कृति और परंपराओं को प्रदर्शित किया गया है। इन रंगोलियों को निहारिका, श्रुति, आरती, पलक, नंदिनी, खुशी, प्रियांशी, नीतू, दिशा, अंशिका, अंकिता, अनामिका, इशिका, जया, कविता और मानवेंद्र ने तैयार किया है।
जेन जी कॉन्क्लेव में युवाओं की भूमिका पर हुई चर्चा
तीन दिवसीय संस्कृति संसद-2026 के अंतर्गत जेन जी कॉन्क्लेव का भी आयोजन किया गया। रुद्राक्ष अंतरराष्ट्रीय सहयोग एवं सम्मेलन केंद्र में हुए इस समानांतर कार्यक्रम में युवा वक्ताओं ने जेन जी की अवधारणा और भारतीय युवाओं की सामाजिक भूमिका पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने जेन जी की अवधारणा को अमेरिकी नजरिए से जुड़ा बताते हुए कहा कि इसे भारतीय युवाओं पर उसी रूप में लागू नहीं किया जा सकता।
उनका कहना था कि अमेरिकी सोच में युवाओं को कुछ वर्षों के आधार पर अलग-अलग समूहों में बांटकर देखा जाता है, जबकि भारतीय संस्कृति में पूरी दुनिया को एक परिवार माना गया है। हजारों वर्ष पहले वेदों में वसुधैव कुटुंबकम् का विचार दिया गया था। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय युवाओं को समझने के लिए यहां की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक परिस्थितियों को ध्यान में रखना जरूरी है।
सोशल मीडिया के दौर में युवाओं को सतर्क रहने की जरूरत
कॉन्क्लेव के पहले सत्र में जेन जी की छवि और युवाओं की सामाजिक भूमिका पर चर्चा करते हुए डॉ. दीपक प्रधान ने कहा कि सोशल मीडिया के कारण दुनिया के युवाओं के साथ भारतीय युवाओं के व्यवहार में भी बदलाव आया है। सोशल मीडिया से बने नए नेटवर्क के कारण युवा पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े आंदोलनों में शामिल हुए हैं।
उन्होंने कहा कि भारत का युवा फ्रांस, इटली और जर्मनी जैसे यूरोपीय देशों के युवाओं की तरह हिंसक नहीं हुआ, बल्कि उसने अहिंसक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। उनके अनुसार इससे पता चलता है कि भारतीय युवा आज भी अपनी संस्कृति और विरासत के अनुरूप व्यवहार कर रहा है।
बनारस घराने के कथक नृत्यकार विशाल कृष्ण ने कहा कि भारत की गुरु-शिष्य परंपरा के कारण यहां की कलाएं आज भी जीवित हैं। जेन जी पीढ़ी का कलाकार भी अनुशासन में रहकर अपनी भावनाओं को व्यक्त करता है। वह उग्र और हिंसक तरीके से अपनी बात नहीं रखता। इसके पीछे भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण भूमिका है।
दिल्ली सेंट्रल यूनिवर्सिटी की इशू मौर्य ने कहा कि भारत का जेन जी वर्तमान में अपनी समस्याओं को लेकर आंदोलित दिखाई देता है, लेकिन वह हिंसक नहीं है। सोशल मीडिया के इस दौर में युवाओं को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हर घटना पर तुरंत अपनी राय देने के बजाय विश्वसनीय सूचनाओं के आधार पर ही प्रतिक्रिया देनी चाहिए और किसी भी बात पर अमल करने से पहले उसकी सच्चाई समझनी चाहिए।
युवाओं की समस्याओं पर समाज और सरकार भी करें विचार
जेन जी कॉन्क्लेव में युवा वक्ता भागेश ने कहा कि युवाओं में असीमित क्षमता है। उन्हें अपनी ऊर्जा का इस्तेमाल सामाजिक निर्माण और राष्ट्र की उन्नति में करना चाहिए। छोटी-छोटी समस्याओं को लेकर आंदोलित होने के बजाय उन्हें अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि केवल जेन जी ही नहीं, बल्कि सभी युवाओं की समस्याओं पर सरकार और समाज को गंभीरता से विचार करना चाहिए। युवाओं की परेशानियों को समझने और उनका समाधान करने से उनमें असंतोष कम किया जा सकता है।
भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष किसलय तिवारी ने कहा कि भारतीय युवाओं के आदर्श पश्चिमी देशों से अलग हैं। भारत में बालक कृष्ण, लव-कुश और नचिकेता जैसे चरित्र युवाओं के आदर्श रहे हैं। उन्होंने कहा कि बालक कृष्ण ने बचपन में ही बकासुर, अघासुर, पूतना और कंस का विनाश किया तथा कालिया नाग का मानमर्दन किया। इसी तरह लव-कुश ने लंका के विजयी योद्धाओं को पराजित किया था। नचिकेता ने अपने सवालों और दृढ़ संकल्प से यमराज को भी झुकने के लिए मजबूर कर दिया था।
उन्होंने ध्रुव का उदाहरण देते हुए कहा कि भारतीय युवाओं के सामने अपने आदर्श और प्रेरणास्रोत मौजूद हैं। इसलिए पश्चिम के जेन जी मॉडल को भारतीय युवाओं पर लागू नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि अमेरिकी समाजशास्त्रियों को भारतीय समाज और युवाओं को यहां की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के आधार पर समझना चाहिए।
संस्कृति संसद के गीत से हुई कॉन्क्लेव की शुरुआत
जेन जी कॉन्क्लेव के पहले सत्र की शुरुआत संस्कृति संसद के मुख्य गीत 'हम हैं शाश्वत सत्य सनातन...' से हुई। कार्यक्रम में एल वन कोचिंग, आर्य महिला इंटर कॉलेज, एमपी इंस्टीट्यूट ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन सहित वाराणसी के अलग-अलग विद्यालयों और संस्थाओं के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों का संचालन कौस्तुभ त्रिपाठी और वागेश ओझा ने किया।
इस तरह संस्कृति संसद-2026 के उद्घाटन सत्र और जेन जी कॉन्क्लेव में गोमाता की रक्षा, सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति, गुरुकुलों की स्थापना और युवाओं की भूमिका जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। वहीं कला प्रदर्शनी के माध्यम से भारतीय धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के अलग-अलग रंग भी प्रस्तुत किए गए।