IMA की बनारस शाखा ने मनाया 108वां वार्षिकोत्सव, चिकित्सा सेवा में योगदान देने वाले डॉक्टर सम्मानित

Varanasi News: IMA बनारस शाखा ने 108वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया। समारोह में चिकित्सा और समाजसेवा में योगदान देने वाले कई चिकित्सकों को सम्मानित किया गया।

Update:2026-11-02 14:58 IST

IMA बनारस शाखा के 108वें वार्षिकोत्सव में सम्मानित चिकित्सक

Varanasi News: इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की बनारस शाखा ने अपना 108वां वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में चिकित्सा क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों सहित करीब दो हजार चिकित्सक शामिल हुए। कार्यक्रम में चिकित्सा सेवा और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चिकित्सकों को सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. एफ.एम. अबुल हसन ने कहा कि चिकित्सा सेवा के 108 वर्ष पूरे करना बनारस शाखा के लिए हर्ष और गर्व का विषय है। उन्होंने शाखा की विभिन्न गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि यहां का रक्त बैंक काफी विकसित है और पूरे पूर्वांचल के लोगों के लिए उपयोगी साबित हो रहा है।

मानवता और समाजसेवा की मिसाल है बनारस शाखा

विशिष्ट अतिथि और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन मुख्यालय के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. शरद अग्रवाल ने कहा कि IMA की बनारस शाखा मानवता और समाजसेवा की मिसाल पेश कर रही है। उन्होंने संगठन में नए सदस्यों को जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि लोगों को IMA के उद्देश्यों और उसकी गतिविधियों से अवगत कराने की आवश्यकता है।

वहीं, विशिष्ट अतिथि डॉ. आनंद प्रकाश ने बताया कि बनारस शाखा लगातार दो वर्षों से सर्वाधिक सदस्य बनाकर सर्वश्रेष्ठ शाखा का खिताब हासिल कर रही है।

अध्यक्ष और सचिव ने प्रस्तुत किया शाखा का रिपोर्ट कार्ड

कार्यक्रम में शाखा के अध्यक्ष डॉ. अनुराग टंडन ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह सत्र ऐतिहासिक रहा है। शाखा के मानद सचिव डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी ने सचिवीय रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए संस्था की ओर से संचालित विभिन्न प्रकल्पों और गतिविधियों की जानकारी दी।

इस अवसर पर शाखा के अध्यक्ष निर्वाचित प्रोफेसर डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि चिकित्सा सेवा का यह 108 वर्षों का इतिहास गर्व करने योग्य है।

चिकित्सा क्षेत्र में योगदान देने वाले चिकित्सक सम्मानित

वार्षिकोत्सव के दौरान चिकित्सा के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में प्रमुख रूप से डॉ. प्रभाकर शुक्ला, डॉ. अजीत सैगल, डॉ. पीके तिवारी, डॉ. भानुशंकर पांडेय, डॉ. सीपीके सिन्हा, डॉ. आलोक सी. भारद्वाज, डॉ. अभिषेक चंद्रा, डॉ. मुमताज अंसारी, डॉ. आलोक कुमार सिंह, डॉ. एके बजेोरिसा, डॉ. एसपी सिंह, डॉ. देवेश पांडेय, डॉ. आमिर सम्स, डॉ. केपी जायसवाल, डॉ. स्मिता चंद्रा, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. रवि प्रकाश जायसवाल, डॉ. संध्या मिश्रा, डॉ. विनीता श्रीवास्तव, डॉ. हेमंत गुप्ता, डॉ. मिशा जैन और डॉ. अविशा सहित अन्य चिकित्सक शामिल रहे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाई समारोह की रौनक

कार्यक्रम का संचालन डॉ. विजय गुप्ता ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में डॉ. आलोक भारद्वाज, डॉ. शालिनी टंडन और डॉ. ऋतु गर्ग ने सहयोग दिया। अंत में वित्त सचिव डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह ने अतिथियों और उपस्थित चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर संस्था के करीब दो हजार चिकित्सकों की उपस्थिति रही।

Tags:    

Similar News