पहाड़ों में अब इलाज के लिए नहीं काटने होंगे चक्कर! CM धामी ने रवाना किए दो 'आरोग्य रथ'
Arogya Rath Uttarakhand: उत्तराखंड के दूरस्थ इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए CM पुष्कर सिंह धामी ने दो आरोग्य रथ रवाना किए। जानिए अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के लोगों को इन मोबाइल मेडिकल यूनिट से क्या सुविधाएं मिलेंगी।
Arogya Rath Uttarakhand: उत्तराखंड के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने एक नई पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को देहरादून स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से दो मोबाइल मेडिकल यूनिट 'आरोग्य रथ' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों के दूरस्थ इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाएंगे। इस पहल का उद्देश्य उन क्षेत्रों के लोगों को उनके आसपास ही प्राथमिक चिकित्सा और स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराना है, जहां अस्पतालों तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण होता है।
अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री धामी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के पर्वतीय और दूरस्थ इलाकों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के नजदीक पहुंचाना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अपने आसपास ही प्राथमिक चिकित्सा और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श मिल सकेगा। इससे उन्हें छोटी-मोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए भी लंबी दूरी तय करने की जरूरत कम होगी।
आरोग्य रथ में डॉक्टर से लेकर दवाओं तक की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने बताया कि इन मोबाइल मेडिकल यूनिट में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, फार्मासिस्ट और जरूरी दवाओं की व्यवस्था की गई है। इनके माध्यम से लोगों को प्राथमिक और निवारक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की शुरुआती पहचान करने और समय पर चिकित्सकीय परामर्श देने में भी मदद मिलेगी।
इन वाहनों के जरिए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का काम भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस पहल से पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
CSR कार्यक्रम के तहत शुरू हुई पहल
दोनों मोबाइल मेडिकल यूनिट की शुरुआत पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रम के अंतर्गत की गई है। इसका संचालन टीएसएल फाउंडेशन कर रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। खासतौर पर पर्वतीय और दूरस्थ इलाकों में चिकित्सा सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सरकारी प्रयासों के साथ कॉर्पोरेट क्षेत्र और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी विभिन्न संस्थाएं स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य सामाजिक क्षेत्रों के विकास में इसी तरह सहयोग करती रहेंगी।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, सदस्य पलायन निवारण आयोग अनिल सिंह शाही, सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव मनमोहन मैनाली, पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन की सीनियर डायरेक्टर (CSR) अनंतिका सिंह, टीएसएल ग्रुप के CEO साहिल अरोड़ा और डायरेक्टर आदेश गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।