उत्तराखंड में सड़क हादसों से मचा कोहराम, बस और बोलेरो खाई में गिरीं, 13 लोगों की मौत
Rishikesh Bus Accident: ऋषिकेष-बदरीनाथ हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जिसमें छह लोगों की मौत की खबर बताई जा रही है।
Image Source – Social Media
Uttrakhand Road Accident: उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। राज्य में दो दिनों के भीतर दो बड़े सड़क हादसे हो चुके हैं जिसमें अभी तक 13 लोगों की मौत की खबर बताई जा रही है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। मंगलवार सुबह टिहरी जिले में ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर यात्रियों से भरी एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे पानी में जा गिरी। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले रुद्रप्रयाग में एक बोलेरो गहरी खाई में गिर गई थी।
ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह टिहरी जिले के गूलर बाजार के पास यह हादसा हुआ। यात्रियों से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे (पहाड़ी नाला) में जा गिरी। हादसे के समय बस में लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही SDRF की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय पुलिस और बचाव दल ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
हादसे में 8 लोगों की मौत, 18 घायल
रिपोर्ट के मुताबिक अभी तक इस हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई है। इनमें से 6 लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन घायलों की एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
रुद्रप्रयाग में बोलेरो खाई में गिरने से 4 की मौत
इससे पहले सोमवार देर शाम रुद्रप्रयाग जिले में भी एक भीषण सड़क हादसा हुआ था। बांसवाड़ा-कंडारा मोटर मार्ग पर एक बोलेरो वाहन बेकाबू होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गया। बोलेरो में कुल 10 लोग सवार थे। सभी एक विवाह समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
अंधेरे और खड़ी चट्टानों के बीच चला रेस्क्यू ऑपरेशन
रुद्रप्रयाग हादसे की सूचना मिलने के बाद SDRF, DDRF और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। रात के अंधेरे और खड़ी चट्टानों के कारण बचाव अभियान में काफी मुश्किलें आईं। इसके बावजूद रेस्क्यू टीमों ने स्ट्रेचर की मदद से सभी छह घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। इस तरह उत्तराखंड में दो दिनों के भीतर हुए इन दो हादसों में कुल 12 लोगों की जान चली गई। टिहरी बस हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।