'नशामुक्त समाज के लिए सबको आगे आना होगा', मन की बात सुनकर बोले CM धामी
Mann Ki Baat 140th Episode: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात का 140वां एपिसोड सुना। उन्होंने नशामुक्त समाज बनाने, युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और जनजागरूकता बढ़ाने की अपील की।
CM Pushkar Singh Dhami
Mann Ki Baat 140th Episode: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के जरिए रविवार को नशामुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली और साइबर सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में कार्यक्रम का 140वां संस्करण सुना। इसके बाद उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देश के लोगों को सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के लिए प्रेरित करने का प्रभावी मंच बन चुका है।
नशामुक्त समाज के लिए जनभागीदारी जरूरी
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे नवाचारों, जनसेवा के कार्यों और प्रेरणादायक पहलों को सामने लाने का काम करता है। इसके माध्यम से ऐसे प्रयासों को पहचान मिलती है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस बार ‘मन की बात’ में नशामुक्ति, बेहतर जीवनशैली, साइबर सुरक्षा, जनसेवा और कला-संस्कृति के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे। मुख्यमंत्री के मुताबिक, नशे से मुक्त समाज बनाने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि इसके लिए लोगों की जागरूकता और सामूहिक भागीदारी भी जरूरी है।
युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के लिए करें प्रेरित
धामी ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने में समाज के हर वर्ग की अहम भूमिका है। उन्होंने जोर दिया कि स्वस्थ नागरिक ही मजबूत राष्ट्र की नींव रखते हैं।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में डॉक्टरों और मेडिकल की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों को समाज में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाने के लिए आगे आना चाहिए।
अंत में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामाजिक और राष्ट्रीय विकास के लिए हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सक्रिय योगदान देना चाहिए।