बैंक का काम निपटाकर घर लौट रही थीं महिलाएं, रास्ते में भीषण हादसे में 8 की मौत; सीएम धामी ने जताया दुख
पौड़ी गढ़वाल जिले के रिखणीखाल में एक भीषण सड़क हादसे में महिलाओं समेत 8 लोगों की मौत हो गई। हादसे पर सीएम धामी ने दुख जताया है।
Image Source – Social Media
Pauri Road Accident: पौड़ी गढ़वाल जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। कोटद्वार के रिखणीखाल ब्लॉक में एक गाड़ी बेकाबू होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में छह समेत आठ लोगों की मौत हो गई, वहीं चार लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
बैंक का काम निपटाकर गांव लौट रही थीं महिलाएं
जानकारी के मुताबिक, हादसा रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास हुआ। रिखणीखाल ब्लॉक के एक गांव की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं बैंक संबंधी काम के सिलसिले में सिद्धखाल गई थीं। काम पूरा करने के बाद सभी एक गाड़ी से अपने गांव लौट रही थीं।
इसी दौरान कलवाड़ी गांव के पास गाड़ी अचानक बेकाबू हो गई और सड़क से फिसलकर करीब 100 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि वाहन में सवार सात लोगों की जान चली गई। मृतकों में वाहन चालक के अलावा स्वयं सहायता समूह से जुड़ी छह महिलाएं शामिल हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य में मदद की। प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। हादसे के बाद आसपास के गांवों में शोक का माहौल है।
मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने और गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं। पहाड़ी क्षेत्र में हुए इस हादसे ने एक बार फिर उत्तराखंड की सड़कों पर सुरक्षा और दुर्घटनाओं की चुनौती को सामने ला दिया है।