उत्तराखंड कैबिनेट के 13 बड़े फैसले! चीनी मिलों को 207 करोड़, आंगनबाड़ी मानदेय पर CM लेंगे फैसला
Uttarakhand Cabinet Decisions 2026: उत्तराखंड की धामी कैबिनेट ने कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी है। चीनी मिलों को 207.75 करोड़ की सरकारी गारंटी, आबकारी विभाग में 11 नए पद और पीजी डॉक्टरों के लिए दो साल की अनिवार्य सेवा सहित सभी फैसले जानिए।
Pushkar Singh Dhami
Uttarakhand Cabinet Decisions 2026: उत्तराखंड में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। बैठक में कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा, चीनी मिलों को आर्थिक मदद, मेडिकल कॉलेजों के पीजी छात्रों की अनिवार्य सरकारी सेवा, ग्रामीण पेयजल योजनाओं और आबकारी विभाग में नए पदों से जुड़े फैसले लिए गए। इसके अलावा एनएचआईडीसीएल को निर्माण कार्यों के लिए सूचीबद्ध कार्यदायी संस्थाओं के पैनल से हटाने का निर्णय लिया गया। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर फैसला लेने के लिए मंत्रिमंडल ने मुख्यमंत्री को अधिकृत किया है।
सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद होगा सृजित
कैबिनेट ने उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग के अंतर्गत उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली 2026 को मंजूरी
केंद्र सरकार की सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 की धारा 154 और 156 के तहत राज्य सरकार उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 प्रख्यापित करेगी। इसका उद्देश्य संगठित और असंगठित क्षेत्रों के कर्मचारियों एवं कर्मकारों तक सामाजिक सुरक्षा का लाभ पहुंचाना है।
नियमावली में असंगठित कर्मकारों और भवन निर्माण कर्मकारों के कल्याण के लिए अलग-अलग बोर्ड गठित करने का प्रावधान किया गया है। यदि किसी कर्मकार का नामांकित व्यक्ति या उत्तराधिकारी नाबालिग है, तो नियोक्ता उसके वयस्क होने तक ग्रेच्युटी की राशि भारतीय स्टेट बैंक या किसी राष्ट्रीयकृत बैंक में सावधि जमा के रूप में निवेश करेगा।
इसके अलावा कर्मकारों के नामांकन की प्रक्रिया और प्रारूप निर्धारित किए गए हैं। कर्मकार की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार के खर्च के लिए राशि सक्षम प्राधिकारी के पास जमा करने का प्रावधान भी किया गया है। नियमावली में कर्मचारी बीमा न्यायालय की संरचना और नियंत्रण से जुड़े प्रावधान शामिल हैं। साथ ही सामाजिक सुरक्षा कोष का गठन कर असंगठित कर्मकारों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
फार्मासिस्ट भर्ती की शैक्षिक योग्यता में बदलाव
कर्मचारी राज्य बीमा योजना, उत्तराखंड के तहत फार्मासिस्ट (एलोपैथिक) के सीधी भर्ती पदों की शैक्षिक योग्यता में संशोधन किया जाएगा। अब डी.फार्मा के साथ बी.फार्मा को भी निर्धारित शैक्षिक योग्यता में शामिल किया जाएगा।
इसके लिए कैबिनेट ने उत्तराखंड कर्मचारी राज्य बीमा योजना फार्मासिस्ट संवर्ग (एलोपैथिक) सेवा नियमावली, 2021 के नियम-8 में संशोधन करते हुए कर्मचारी राज्य बीमा योजना फार्मासिस्ट (एलोपैथिक) (संशोधन) सेवा नियमावली, 2026 प्रख्यापित करने का निर्णय लिया है।
चार चीनी मिलों को 207.75 करोड़ की सरकारी गारंटी
पेराई सत्र 2026-27 के दौरान राज्य की सहकारी और सार्वजनिक क्षेत्र की चीनी मिलों को बैंकों से ऋण लेने के लिए सरकार शासकीय प्रत्याभूति देगी। इसका उद्देश्य गन्ना किसानों को समय पर गन्ना मूल्य का भुगतान सुनिश्चित करना है।
कैबिनेट के सामने चीनी मिल बाजपुर, नादेही, किच्छा और डोईवाला के लिए कुल 207.75 करोड़ रुपये की शासकीय प्रत्याभूति देने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे मंजूरी दी गई। राज्य सरकार पहले भी पेराई सत्र के दौरान चीनी मिलों को इस तरह की सरकारी गारंटी देती रही है।
एक्स-रे टेक्नीशियन सेवा नियमावली में संशोधन को मंजूरी
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के तहत कार्यरत एक्स-रे टेक्नीशियन सेवा में भर्ती और नियुक्त कार्मिकों की सेवा शर्तों को विनियमित करने के उद्देश्य से उत्तराखंड एक्स-रे प्राविधिज्ञ सेवा (संशोधन) नियमावली, 2026 के प्रख्यापन को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है।
पीजी डॉक्टरों को करना होगा दो साल अनिवार्य सरकारी सेवा
राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले छात्रों के लिए अनिवार्य राजकीय सेवा संबंधी बॉण्ड को मंजूरी दी गई है। इसके तहत उत्तराखंड के राजकीय मेडिकल कॉलेजों से पीजी पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद संबंधित चिकित्सकों को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के दुर्गम और पर्वतीय क्षेत्रों में स्थित अस्पतालों में दो साल की अनिवार्य सरकारी सेवा के लिए नियुक्ति दी जाएगी।
राज्य में सीनियर रेजीडेंट चिकित्सकों की कमी को देखते हुए पीजी पाठ्यक्रम में प्रवेशित छात्रों के लिए इस बॉण्ड को अनुमन्य करने के प्रस्ताव पर मंत्रिमंडल ने सहमति जताई है।
ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन की नई नीति को मंजूरी
कैबिनेट ने उत्तराखंड ग्रामीण पेयजल योजनाओं का संचालन एवं रख-रखाव नीति, 2026 के प्रख्यापन को मंजूरी दे दी है। इसके लागू होने के बाद पहले से प्रचलित ग्रामीण पेयजल योजना संचालन एवं रख-रखाव नीति, 2024 अधिक्रमित हो जाएगी।
एनएचआईडीसीएल को कार्यदायी संस्थाओं के पैनल से हटाया जाएगा
उत्तराखंड में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए सूचीबद्ध राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) को कार्यदायी संस्थाओं के पैनल से हटाने का निर्णय लिया गया है।
एनएचआईडीसीएल को पहले सरकारी विभागों के विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए कार्यदायी संस्था के रूप में सूचीबद्ध किया गया था। आवास विभाग की ओर से राज्य के पांच जनपदों में ऑटोमेटेड, मैकेनाइज्ड और टनल पार्किंग से जुड़े निर्माण कार्य इस संस्था को आवंटित किए गए थे। कैबिनेट के सामने रखे गए प्रस्ताव के अनुसार, संस्था ने इन कार्यों में रुचि नहीं दिखाई और जारी धनराशि के बावजूद लंबे समय तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किए। इसी को देखते हुए उसे पार्किंग और अन्य विविध निर्माण कार्यों के लिए कार्यदायी संस्थाओं की सूची से हटाने का फैसला लिया गया।
विधानसभा के तृतीय सत्र का सत्रावसान करने की संस्तुति
मंत्रिमंडल ने उत्तराखंड की पंचम विधानसभा के वर्ष 2026 के तृतीय सत्र का तत्काल प्रभाव से सत्रावसान किए जाने की संस्तुति दी है।
सेतु आयोग के आईटी कर्मचारियों के लिए सेवा नियमावली
नियोजन विभाग के अंतर्गत सेतु आयोग, उत्तराखंड के संगठनात्मक ढांचे को पहले ही स्वीकृति दी जा चुकी है। विभागीय कार्यों के सुचारू संचालन और तकनीकी सहित अन्य जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े कार्मिकों की सेवा शर्तों को विनियमित किया जाएगा। इसके लिए उत्तराखंड सेतु आयोग सूचना प्रौद्योगिकी सेवा नियमावली, 2026 के प्रख्यापन को कैबिनेट ने मंजूरी दी है।
लेखा परीक्षा राजपत्रित सेवा नियमावली में संशोधन
कैबिनेट ने उत्तराखंड लेखा परीक्षा राजपत्रित सेवा (संशोधन) नियमावली, 2026 को भी मंजूरी दी है। उत्तराखंड लेखा परीक्षा राजपत्रित सेवा नियमावली, 2019 के अधिमानी अर्हता से जुड़े बिंदु-9 में हिंदी और अंग्रेजी संस्करण के बीच अंतर पाया गया था।
इस विसंगति को दूर करने के लिए अधिमानी अर्हता की धारा-9 के भाग (1) में 'प्रादेशिक सेवा' के स्थान पर 'प्रादेशिक सेना' शब्द किया जाएगा। इसका उद्देश्य भविष्य में सहायक निदेशक और लेखा परीक्षा अधिकारी (पे मैट्रिक्स लेवल-10) के सीधी भर्ती अधियाचन में किसी तरह की विसंगति को रोकना है।
आबकारी विभाग में 11 नए पदों का सृजन
आबकारी विभाग में राजस्व संग्रह बढ़ाने, अवैध मदिरा की रोकथाम और विभागीय कार्यों की जरूरत को देखते हुए 11 नए पद सृजित किए गए हैं। इसके तहत वर्तमान में मौजूद दो परिक्षेत्रों को पुनर्गठित कर सात परिक्षेत्र बनाया जाएगा। प्रत्येक परिक्षेत्र में एक उप आबकारी आयुक्त का पद निर्धारित किया गया है।
इस प्रक्रिया में उप आबकारी आयुक्त (वेतन लेवल-11) के पांच नए पद और राज्य में स्थापित डिस्टलरीज तथा ब्रूवरीज के लिए सहायक आबकारी आयुक्त (वेतन लेवल-10) के छह नए पद सृजित किए गए हैं। इस तरह विभाग में कुल 11 नए पदों को मंजूरी दी गई है।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय पर CM लेंगे फैसला
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत काम करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और आंगनबाड़ी सहायिकाओं के मासिक मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर निर्णय लेने के लिए मंत्रिमंडल ने मुख्यमंत्री को अधिकृत कर दिया है। यानी मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव पर अंतिम फैसला मुख्यमंत्री लेंगे।