Uttarakhand News: उत्तराखंड में 1 सितंबर से शुरू होगा खेल महाकुम्भ-2026, 30 अक्टूबर तक होंगी खेल प्रतियोगिताएं

Uttarakhand News: उत्तराखंड में खेल महाकुम्भ-2026 का आयोजन 1 सितंबर से 30 अक्टूबर तक होगा। न्याय पंचायत, विधानसभा, संसदीय क्षेत्र और राज्य स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

Update:2026-08-18 15:02 IST

 Uttarakhand Khel Mahakumbh 2026 (Image Credit-Social Media)

देहरादून, 18 अगस्त। उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खेल महाकुम्भ-2026 मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से जारी विस्तृत कार्ययोजना के अनुसार प्रदेश में खेल महाकुम्भ का आयोजन 1 सितंबर से 30 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा।

खेल महाकुम्भ के तहत प्रतियोगिताएं न्याय पंचायत, विधानसभा क्षेत्र, संसदीय क्षेत्र और राज्य स्तर पर आयोजित की जाएंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इसका उद्देश्य प्रदेश के युवाओं में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बेहतर मंच देना और उन्हें राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराना है।

चार चरणों में होंगी प्रतियोगिताएं

जारी कार्ययोजना के अनुसार न्याय पंचायत स्तर की स्थानीय जनप्रतिनिधि खेलकूद प्रतियोगिताएं 1 से 10 सितंबर तक आयोजित होंगी। इसके बाद विधानसभा स्तर की विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिताएं 11 से 20 सितंबर, जबकि संसदीय क्षेत्र स्तर की सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिताएं 21 से 30 सितंबर तक आयोजित की जाएंगी।

राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिताएं 10 सितंबर से 30 अक्टूबर तक चलेंगी। इस दौरान विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

न्याय पंचायत स्तर पर इन खेलों के मुकाबले

न्याय पंचायत स्तर पर अंडर-14 और अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग में कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो और मुर्गा झपट जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों की युवा प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिलेगा।

विधानसभा स्तर पर वॉलीबाल और पिट्टू सीधे तथा न्याय पंचायत स्तर से चयन के आधार पर विभिन्न प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।

सांसद चैम्पियनशिप में कई खेल शामिल

संसदीय क्षेत्र स्तर पर मलखम्ब, रस्साकसी, गोली यानी कंचा, फुटबॉल और बैडमिंटन की प्रतियोगिताएं सीधे आयोजित होंगी। इसके अलावा विधानसभा स्तर से चयन के आधार पर भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

राज्य स्तर पर होंगे बड़े मुकाबले

मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के राज्य स्तरीय मुकाबलों में जूडो, बॉक्सिंग, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, कराटे, बास्केटबॉल, हॉकी, हैंडबॉल, योगासन, तैराकी, तीरंदाजी, फेंसिंग, कुश्ती, पेंचक सिलाट, पावरलिफ्टिंग, वेटलिफ्टिंग, बेसबॉल और लॉन टेनिस समेत कई खेल शामिल किए गए हैं।

इसके अलावा महिला ओपन वर्ग और दिव्यांगजन महिला-पुरुष ओपन वर्ग के लिए भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच

सरकार का जोर प्रदेश के ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने पर है। प्रतियोगिताओं के विभिन्न स्तरों के जरिए खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर से राज्य स्तर तक अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिलेगा।

युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल की निदेशक दीप्ति सिंह ने खेल महाकुम्भ के संबंध में विस्तृत कार्ययोजना जारी की है। उन्होंने संबंधित विभागों से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपेक्षा की है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खेल महाकुम्भ का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं आयोजित करना नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए आवश्यक मंच उपलब्ध कराना है।

Tags:    

Similar News