Uttarakhand News: उत्तराखंड को खेलों का हब बनाने की तैयारी, गौलापार स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी पर सीएम धामी का फोकस
Uttarakhand News: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने गौलापार स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। गुणवत्ता से समझौता न करने और तय समय में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
Uttarakhand News (Image Credit-Newstrack)
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड क्रीड़ा विश्वविद्यालय, गौलापार (नैनीताल) की निर्माणाधीन परियोजना की समीक्षा की। इस दौरान खेल विभाग की ओर से विश्वविद्यालय में चल रहे निर्माण कार्यों और प्रस्तावित खेल सुविधाओं की विस्तृत प्रगति प्रस्तुति मुख्यमंत्री के सामने रखी गई।
प्रस्तुतीकरण में विश्वविद्यालय परिसर में विकसित की जा रही खेल अवसंरचना, शैक्षणिक भवनों, प्रशिक्षण सुविधाओं, छात्रावासों, खेल विज्ञान केंद्र, अनुसंधान सुविधाओं और अन्य निर्माण कार्यों की मौजूदा स्थिति की जानकारी दी गई।
तय समय में पूरा हो निर्माण, गुणवत्ता से समझौता नहीं
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय से जुड़े सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना के निर्माण में गुणवत्ता के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड क्रीड़ा विश्वविद्यालय सिर्फ एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि राज्य के खेल भविष्य को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है। इसलिए इसके निर्माण में उच्च तकनीकी मानकों और दीर्घकालिक उपयोगिता का विशेष ध्यान रखा जाए।
नई खेल नीति और लिगेसी प्लान के अनुरूप हो विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को खेल उत्कृष्टता के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए दीर्घकालिक रणनीति पर काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का विकास राज्य की नई खेल नीति, खेल विजन और लिगेसी प्लान के अनुरूप किया जाए।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ऐसा संस्थान बने जहां खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं को आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
आधुनिक खेल सुविधाओं को दी जाए प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं के साथ अंतरराष्ट्रीय मानकों के खेल मैदान विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने इनडोर और आउटडोर खेल परिसर, स्पोर्ट्स साइंस एवं स्पोर्ट्स मेडिसिन सुविधाएं, हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिंग सेंटर, खेल प्रबंधन और खेल अनुसंधान से जुड़ी आधुनिक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी उत्तराखंड के युवाओं को खेल शिक्षा, प्रशिक्षण, अनुसंधान और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
जिला और ब्लॉक स्तर तक खेल सुविधाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें प्रशिक्षण देने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य में आधुनिक खेल अवसंरचना के विकास के साथ जिला और ब्लॉक स्तर तक खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, खेल उपकरण, पोषण और प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए जरूरी सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
खेलों को शिक्षा, कौशल और रोजगार से जोड़ने की योजना
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार की खेल नीति का उद्देश्य केवल पदक हासिल करना नहीं है। इसके साथ राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना और खेलों को शिक्षा, कौशल एवं रोजगार से जोड़ना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि खेल विजन और लिगेसी प्लान के माध्यम से राज्य में दीर्घकालिक खेल पारिस्थितिकी तंत्र तैयार किया जा रहा है। इससे उत्तराखंड को आने वाले वर्षों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने में मदद मिलेगी।
नियमित समीक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विश्वविद्यालय परियोजना की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में पारदर्शिता, तकनीकी मानकों का सख्ती से पालन और समयबद्ध प्रगति के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा और खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।