US में एयर ट्रैफिक ठप, फिर भी एअर इंडिया की फ्लाइट्स ने पकड़ी रफ्तार; यात्रियों को मिली राहत

अमेरिका में FAA के देशव्यापी ग्राउंड स्टॉप के बावजूद एअर इंडिया की उड़ानें तय समय पर चलीं। न्यूयॉर्क, नेवार्क और सैन फ्रांसिस्को की फ्लाइट्स समय पर पहुंचीं।

Update:2026-11-14 22:57 IST

Image Source – Social Media

Air India US Flights: अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण हवाई सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने सुरक्षा कारणों से देशभर के एयरपोर्ट्स पर उड़ानों के टेकऑफ पर अस्थायी रोक लगा दी। इस दौरान हजारों उड़ानें रद्द हुईं और बड़ी संख्या में फ्लाइट्स देरी से चलीं। हालांकि, इस व्यवधान के बीच एअर इंडिया की अमेरिका आने-जाने वाली उड़ानों का शेड्यूल प्रभावित नहीं हुआ।

एअर इंडिया ने शनिवार को जानकारी दी कि अमेरिका के लिए और वहां से आने वाली उसकी सभी उड़ानें बिना किसी बड़ी देरी के निर्धारित समय के अनुसार संचालित हुईं। एयरलाइन के मुताबिक, न्यूयॉर्क, नेवार्क और सैन फ्रांसिस्को जाने वाली उड़ानें शनिवार सुबह समय पर पहुंचीं। इन तीनों शहरों से रवाना होने वाली उड़ानों ने भी बिना किसी खास देरी के उड़ान भरी।

एअर इंडिया ने क्या कहा?

एअर इंडिया ने अपने बयान में कहा, ''अमेरिका में बीती रात से लागू देशव्यापी ग्राउंड स्टॉप के कारण एयर ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित होने के बावजूद अमेरिका आने-जाने वाली हमारी सभी उड़ानें बिना किसी बड़ी देरी के तय कार्यक्रम के अनुसार संचालित हो रही हैं।'' एयरलाइन के मुताबिक, उसके विमानों की आवाजाही सामान्य रही और यात्रियों को इस वजह से किसी बड़ी असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। एअर इंडिया ने यह जानकारी ऐसे समय में दी, जब अमेरिका के कई प्रमुख एयरपोर्ट्स पर उड़ानों का संचालन प्रभावित था।

अमेरिका में क्यों ठप हुआ एयर ट्रैफिक?

अमेरिका में शुक्रवार, 13 नवंबर को एयर ट्रैफिक कंट्रोल से जुड़े संचार नेटवर्क में तकनीकी खराबी सामने आई। इसके बाद अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (FAA) ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए देशभर में उड़ानों के टेकऑफ पर अस्थायी रोक लगा दी।अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों में संचार संबंधी दिक्कतें आ रही थीं। इसी वजह से विमानों की आवाजाही को सुरक्षित तरीके से नियंत्रित करने में परेशानी हो रही थी। जानकारी के मुताबिक सिस्टम के स्विच और राउटर पर डेटा का दबाव काफी ज्यादा बढ़ गया था। जिसकी वजह से यह परेशानी होने लगी थी।

2500 से ज्यादा उड़ानें रद्द

इस तकनीकी गड़बड़ी का असर अमेरिकी विमानन व्यवस्था पर काफी ज्यादा देखने को मिला। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट FlightAware के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार को अमेरिका में 2,500 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं। जानकारी के मुताबिक इस गड़बड़ी की वजह से करीब 13 हजार उड़ाने अमेरिका में प्रभावित हुईं थीं। हालांकि अब सभी दिक्कतों को दूर करके एयरस्पेस को खोल दिया गया है। इस व्यवधान के बीच एअर इंडिया की उड़ानों का निर्धारित समय पर संचालित होना यात्रियों के लिए राहत की खबर रही। एअर इंडिया भारत की उन प्रमुख एयरलाइंस में शामिल है, जो अमेरिका के लिए सीधी उड़ान सेवाएं संचालित करती हैं।

Tags:    

Similar News