अमेरिकी उपराष्ट्रपति को पाकिस्तान आने से लगता है डर..! किले में बदला इस्लामाबाद, लॉकडाउन जैसे हालात
US-Iran Peace Talks: अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति वार्ता को लेकर पाकिस्तान में हलचल तेज हो गई है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के संभावित दौरे की खबरों के बीच पूरे देश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
फोटो सोशल- मीडिया
US-Iran Peace Talks: अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति वार्ता को लेकर पाकिस्तान में हलचल तेज हो गई है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के संभावित दौरे की खबरों के बीच पूरे देश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। पाकिस्तान को उम्मीद है कि अमेरिका और ईरान के शीर्ष अधिकारी इस्लामाबाद में संघर्ष विराम की शर्तों पर चर्चा के लिए एक साथ आ सकते हैं।
पाकिस्तान की ओर से दावा किया गया है कि ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने इस वार्ता में शामिल होने की गारंटी दी है। हालांकि, अमेरिका की तरफ से अभी तक इस मुद्दे पर कोई स्पष्ट पुष्टि नहीं की गई है।
सुरक्षा कारणों से वेंस के दौरे पर संशय
इसी बीच एक रिपोर्ट में सामने आया है कि जेडी वेंस सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान का दौरा करने से बचना चाहते हैं। पाकिस्तान ने अमेरिका को पूर्ण सुरक्षा की गारंटी जरूर दी है, लेकिन वहां की मौजूदा स्थिति को देखते हुए अमेरिकी पक्ष पूरी तरह आश्वस्त नजर नहीं आ रहा।
पाकिस्तान में आतंकवादी हमलों का खतरा पहले से बना रहता है और ऐसे में वैश्विक नेताओं की मौजूदगी इस खतरे को और बढ़ा सकती है। खुद डोनाल्ड ट्रंप ने भी संकेत दिए हैं कि वेंस शायद इस आमने-सामने की वार्ता में शामिल न हों।
अमेरिकी राजदूत से मुलाकात
इस पूरे घटनाक्रम के बीच पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी ने अमेरिका की राजदूत नैटली बेकर से मुलाकात की। इस दौरान इस्लामाबाद में होने वाली अमेरिका-ईरान उच्च स्तरीय वार्ता की सुरक्षा तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
हालांकि इस बैठक के बाद भी अमेरिकी राजदूत की ओर से जेडी वेंस के दौरे को लेकर कोई ठोस पुष्टि नहीं की गई, जिससे यह साफ है कि अमेरिका अभी भी सुरक्षा को लेकर सतर्क रुख अपनाए हुए है।
पाकिस्तान ने दी अभेद्य सुरक्षा की गारंटी
मुलाकात के दौरान मोहसिन नकवी ने भरोसा दिलाया कि सभी विदेशी मेहमानों की सुरक्षा के लिए व्यापक और मजबूत योजना तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि इस हाई-प्रोफाइल वार्ता में जेडी वेंस, स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर जैसे बड़े नाम पाकिस्तान के विशेष मेहमान हो सकते हैं।
इसके साथ ही इस्लामाबाद आने वाले विदेशी प्रतिनिधिमंडलों के लिए लॉजिस्टिक व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी गई है, ताकि किसी तरह की दिक्कत सामने न आए।
इस्लामाबाद में लॉकडाउन जैसे हालात
विदेशी प्रतिनिधिमंडलों के संभावित आगमन को देखते हुए इस्लामाबाद में सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी गई है। शहर में कई जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए गए हैं और कुछ प्रमुख सड़कों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
इस्लामाबाद ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, विशेष यातायात योजना लागू की गई है, जिसके तहत भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। जीरो पॉइंट से कोरल चौक तक एक्सप्रेसवे दोनों तरफ से बंद रहेगा, जबकि इस्लामाबाद एक्सप्रेस हाईवे पर भी आवाजाही के दौरान डायवर्जन लागू किए जाएंगे।