BRICS: बांग्लादेश का दावा- बतौर प्रधानमंत्री तारिक रहमान को नहीं मिला न्योता, भारत ने बताई सच्चाई

BRICS Summit से पहले बांग्लादेश ने कहा कि PM तारिक रहमान को प्रधानमंत्री के तौर पर न्योता नहीं मिला। भारत ने उन्हें BIMSTEC चेयर के रूप में Outreach Session के लिए आमंत्रित किया था।

Update:2026-09-11 09:40 IST

BRICS Summit 2026: नई दिल्ली में 12-13 सितंबर को होने वाले BRICS Summit से पहले बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के भारत दौरे को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। बांग्लादेश ने कहा है कि तारिक रहमान को प्रधानमंत्री के तौर पर BRICS सम्मेलन में आमंत्रित नहीं किया गया, बल्कि निमंत्रण उन्हें BIMSTEC के मौजूदा चेयरमैन के रूप में दिया गया था। इसी वजह से ढाका ने उनके सम्मेलन में शामिल होने की संभावना खारिज कर दी है।

बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने गुरुवार को कहा कि अगर प्रधानमंत्री को ही आमंत्रित नहीं किया गया तो बांग्लादेश BRICS Summit में कैसे शामिल हो सकता है। उन्होंने कहा कि निमंत्रण BIMSTEC चेयर को दिया गया है, न कि बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के तौर पर तारिक रहमान को। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बांग्लादेश सम्मेलन में अपनी सरकार का कोई प्रतिनिधि भेजने की स्थिति में नहीं है।

भारत ने क्या कहा था?

भारत का आधिकारिक रुख इससे अलग है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अगस्त में स्पष्ट किया था कि भारत ने तारिक रहमान को BIMSTEC के मौजूदा चेयर के तौर पर BRICS Summit के Outreach Session में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। भारत ने इसे BRICS की स्थापित परंपरा बताया था, जिसके तहत क्षेत्रीय संगठनों के प्रमुखों को आउटरीच सत्र में आमंत्रित किया जाता है।

5 सितंबर को भी विदेश मंत्रालय ने कहा था कि उसे ढाका की ओर से तारिक रहमान की BRICS में भागीदारी की पुष्टि के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।

अब दिल्ली नहीं आएंगे तारिक रहमान

हुमायूं कबीर के बयान के बाद तारिक रहमान के 12-13 सितंबर के BRICS Summit में शामिल होने की संभावना लगभग खत्म हो गई है। बांग्लादेश सरकार ने यह भी कहा है कि वह प्रधानमंत्री की भारत यात्रा को अलग से द्विपक्षीय दौरे के तौर पर आयोजित करने पर काम कर रही है और इसके लिए उपयुक्त समय का इंतजार किया जा रहा है।

कबीर के मुताबिक, तारिक रहमान की पहली भारत यात्रा बहुपक्षीय कार्यक्रम के तहत नहीं, बल्कि द्विपक्षीय यात्रा के रूप में होनी चाहिए।

भारत-बांग्लादेश संबंधों में तनाव

तारिक रहमान के BRICS Summit से दूर रहने का फैसला ऐसे समय आया है जब भारत और बांग्लादेश के रिश्ते संवेदनशील दौर से गुजर रहे हैं। शेख हसीना के अगस्त 2024 में सत्ता से हटने के बाद भारत आने और उन्हें भारत में राजनीतिक शरण मिलने को लेकर दोनों देशों के बीच मतभेद बने हुए हैं।

ऐसे में BRICS Summit के निमंत्रण को लेकर दोनों देशों के बयानों में अंतर को कूटनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारत का कहना है कि निमंत्रण BIMSTEC चेयर के तौर पर दिया गया था, जबकि ढाका इसे प्रधानमंत्री के तौर पर निमंत्रण नहीं दिए जाने के रूप में देख रहा है।

12-13 सितंबर को BRICS Summit

भारत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में 18वें BRICS Summit की मेजबानी कर रहा है। सम्मेलन में BRICS देशों के नेताओं के अलावा आउटरीच और साझेदार देशों के प्रतिनिधियों की भागीदारी होगी। इस बार सम्मेलन का आधिकारिक थीम “Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability” है।

BRICS के विस्तार के बाद संगठन में अब 11 सदस्य हैं। 2024 में मिस्र, इथियोपिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हुए थे, जबकि इंडोनेशिया 2025 में समूह का सदस्य बना।

Tags:    

Similar News