अगर अमेरिका ने मान ली ये 2 शर्तें, तो ईरान 7 दिनों में खोल देगा 'स्टेट ऑफ होर्मुज'
ईरान ने संकेत दिया है कि अमेरिका सैन्य दबाव कम करे और ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी हटाए तो 'स्टेट ऑफ होर्मुज' को 7 दिनों में खोला जा सकता है।
Iran-US Conflict: ईरान ने रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण 'स्टेट ऑफ होर्मुज' को दोबारा खोलने का संकेत दिया है। रॉयटर्स और जापान की क्योडो न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने कहा है कि अगर अमेरिका सैन्य दबाव कम करता है और ईरानी बंदरगाहों पर लगी नाकाबंदी हटाता है, तो वह सात दिनों के भीतर 'स्टेट ऑफ होर्मुज' को फिर से खोल सकता है।
दोनों रिपोर्टों में एक अज्ञात वरिष्ठ ईरानी सरकारी अधिकारी के हवाले से बताया गया है कि तेहरान ने 'स्टेट ऑफ होर्मुज' को दोबारा खोलने के लिए जरूरी शर्तें सामने रखी हैं। बता दें कि मध्य पूर्व में करीब 7 महीने से युद्ध जारी है और ट्रंप प्रशासन की ओर से ईरान पर आर्थिक दबाव भी बढ़ रहा है।
अमेरिका के सामने ईरान की दो प्रमुख शर्तें
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने 'स्टेट ऑफ होर्मुज' को सात दिनों में खोलने की बात कही है, लेकिन इसके लिए अमेरिका को दो कदम उठाने होंगे।
1. अमेरिका को ईरान पर सैन्य दबाव कम करना होगा।
2. ईरानी बंदरगाहों पर लगाई गई नाकाबंदी को हटाना होगा।
ईरान का प्रस्ताव ऐसे समय आया है, जब अमेरिका की ओर से तेहरान पर दबाव बनाए रखने की कोशिश जारी है।
क्यों अहम है 'स्टेट ऑफ होर्मुज'?
'स्टेट ऑफ होर्मुज' दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में से एक है। इस रास्ते से आम तौर पर दुनिया की करीब 20 प्रतिशत तेल और तरलीकृत प्राकृतिक गैस यानी LNG की आपूर्ति गुजरती है। यही वजह है कि इस जलमार्ग में किसी भी तरह का व्यवधान वैश्विक ऊर्जा बाजार और अर्थव्यवस्था पर असर डाल सकता है।
'स्टेट ऑफ होर्मुज' को लेकर सामने आई खबरों के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी हलचल देखने को मिली। अमेरिकी शेयर बाजार के इंडेक्स फ्यूचर्स में मिलाजुला कारोबार हुआ, जबकि तेल की कीमतों में पहले की बढ़त पलट गई।
रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर एक्सपायरी वाला अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 2.6 प्रतिशत गिरकर 97.73 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। वहीं अक्टूबर एक्सपायरी वाला अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट यानी WTI 3.1 प्रतिशत गिरकर 92.40 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता देखा गया।
ट्रंप के UN भाषण से पहले आया प्रस्ताव
ईरान की ओर से होर्मुज को फिर से खोलने का यह प्रस्ताव ऐसे समय सामने आया, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करने वाले थे। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू करने के ट्रंप के फैसले को लेकर अमेरिका के भीतर भी उन पर दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में ईरान की ओर से 'स्टेट ऑफ होर्मुज' को फिर से खोलने के लिए शर्तें सामने रखना काफी मायने रखता है।