Iran Nuclear Threat: ईरान ने अमेरिका को दी 90% यूरेनियम संवर्धन की धमकी

Iran Nuclear Threat: ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर उस पर हमला हुआ तो वह यूरेनियम संवर्धन 90% तक करेगा। इससे पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया है।

Update:2026-05-12 14:50 IST

Iran Nuclear Threat

Iran Nuclear Threat: पश्चिम एशिया संकट फिर गहराने लगा है। अमेरिका के प्रस्तावों का ईरान की ओर से दिया जवाब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को पसंद नहीं आया तो तल्ख बयानों की झड़ी लग गई। इस बीच ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर उस पर दोबारा हमला किया गया तो वह यूरेनियम संवर्धन की दर 90 प्रतिशत कर देगा।ईरानी संसद की कमीशन के प्रवक्ता इब्राहिम रेजाई ने दावा किया कि इस विकल्प पर संसद में समीक्षा की जाएगी। उन्होंने 90 प्रतिशत संवर्धन की बात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की।

यूरेनियम को 90 प्रतिशत तक समृद्ध करना हथियार स्तर का संवर्धन माना जाता है। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के मुताबिक ईरान पहले ही 60 प्रतिशत तक यूरेनियम संवर्धन कर चुका है, जो वेपन ग्रेड के काफी करीब माना जाता है। आईएईए की रिपोर्ट के अनुसार ईरान ने हाल के वर्षों में 60 फीसदी शुद्धता तक यूरेनियम संवर्धन तेज किया है।

इस बीच अमेरिका के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार का बयान भी बढ़ते तनाव और टकराव की तस्दीक करता है। उन्होंने कहा है कि ईरान में बड़े पैमाने पर मिलिट्री एक्शन के दोबारा होने की पूरी आशंका है।

ट्रंप के पहले चरण के दौरान नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर रहे एच.आर. मैकमास्टर का अनुमान है कि ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान फिर से शुरू होगा। सीएनएन के एक शो में उनसे ट्रंप के उस बयान को लेकर सवाल किया गया था जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान के साथ सीजफायर "लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर है।" यानी ये अत्यंत कमजोर स्थिति में है।

सुर्खियों में इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की टिप्पणी भी है। जिन्होंने एक टीवी साक्षात्कार में कहा कि ईरान के साथ युद्ध तब तक जारी रहेगा जब तक देश के पास बहुत ज्यादा संवर्धित यूरेनियम का भंडार है।

उन्होंने अमेरिकी चैनल सीबीएस के प्रोग्राम 60 मिनट्स में कहा, “यह खत्म नहीं हुआ है, क्योंकि अभी भी परमाणु पदार्थ, यानी एनरिच्ड यूरेनियम, उनके पास है जिसे ईरान से बाहर ले जाना है। अभी भी एनरिचमेंट साइट्स हैं जिन्हें खत्म करना है।” यह पूछे जाने पर कि इसे कैसे हटाया जाना चाहिए, नेतन्याहू ने कहा, "आप अंदर प्रवेश करते हैं और इसे बाहर निकाल लाते हैं।”

Tags:    

Similar News