न ईमेल खुला, न मैसेज भेज पाए यूजर्स! Microsoft के सर्वर में आई बड़ी खराबी, जानें किन सेवाओं पर पड़ा असर

Microsoft Server Crash: माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में बड़ी तकनीकी खराबी से Outlook, Teams, Copilot और Microsoft 365 सेवाएं प्रभावित हुईं। जानिए आउटेज की वजह और ताजा अपडेट।

Update:2026-11-13 11:56 IST

Microsoft Server Crash

Microsoft Server Outage: दुनिया की दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट की कई सेवाओं में बड़ी तकनीकी खराबी आने से दुनियाभर में यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा। Microsoft 365 के सर्वर में आई गड़बड़ी का असर Outlook, Microsoft Teams, SharePoint और Copilot जैसी सेवाओं पर देखने को मिला। कई यूजर्स अपने ईमेल अकाउंट तक नहीं पहुंच पाए, जबकि कुछ को ईमेल भेजने और प्राप्त करने में दिक्कत हुई। इस आउटेज की वजह से दुनियाभर में कंपनियों, सरकारी विभागों और संस्थानों का कामकाज प्रभावित हुआ।

यह परेशानी गुरुवार, 12 नवंबर को शुरू हुई और शुक्रवार, 13 नवंबर को भी सेवाओं को सामान्य करने की कोशिश जारी रही। माइक्रोसॉफ्ट ने प्रभावित सर्वर को दोबारा चालू करने और नेटवर्क ट्रैफिक को दूसरे रास्तों पर भेजने के लिए जरूरी कदम उठाए हैं।

Outlook से लेकर Teams तक सेवाओं पर असर

माइक्रोसॉफ्ट के इस बड़े आउटेज का सबसे ज्यादा असर ईमेल सेवा Outlook पर पड़ा। कई यूजर्स को अपना इनबॉक्स खोलने, ईमेल भेजने और नए मैसेज प्राप्त करने में परेशानी हुई। इसके अलावा Microsoft Teams के कुछ फीचर्स, SharePoint Online और Microsoft 365 Copilot भी प्रभावित हुए।

कंपनी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, इस समस्या का असर Exchange Online पर भी पड़ा। यह माइक्रोसॉफ्ट की क्लाउड आधारित ईमेल सेवा है, जिस पर Outlook का बड़ा हिस्सा निर्भर करता है। रिपोर्ट के मुताबिक, Microsoft 365 के अलावा Defender XDR समेत कुछ अन्य सेवाओं में भी कनेक्टिविटी की समस्या सामने आई।

1.30 लाख से ज्यादा यूजर्स ने की शिकायत

आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट DownDetector के आंकड़ों के मुताबिक, अमेरिका में Outlook से जुड़ी शिकायतें एक समय करीब 1.30 लाख तक पहुंच गई थीं। Microsoft 365 और दूसरी सेवाओं को लेकर भी बड़ी संख्या में शिकायतें दर्ज की गईं। इसका असर सिर्फ अमेरिका तक सीमित नहीं रहा। ब्रिटेन, जापान, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों के यूजर्स ने सेवाओं में परेशानी की शिकायत की। DownDetector को करीब 74 देशों और क्षेत्रों से शिकायतें मिली थीं।

आखिर क्यों क्रैश हुए माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर?

माइक्रोसॉफ्ट की शुरुआती जांच में सामने आया कि प्रभावित सर्वर पर एक महत्वपूर्ण प्रोसेस जरूरत से ज्यादा दबाव में आ गया था। यह प्रोसेस सर्वर के सुरक्षित कनेक्शन स्थापित करने का काम करता है। इसके ओवरलोड होने से सर्वर रिक्वेस्ट प्रोसेस करना बंद कर रहे थे।

कंपनी ने यह भी पाया कि प्रभावित सर्वर को दोबारा शुरू करने के बाद जब उन पर ट्रैफिक लौटता था, तो कुछ सर्वर फिर से काम करना बंद कर देते थे। इससे सर्विस बहाल करने में उम्मीद से ज्यादा मुश्किल हो गई। माइक्रोसॉफ्ट ने प्रभावित सर्वरों को रीस्टार्ट करने, ट्रैफिक को दूसरे नेटवर्क रास्तों पर भेजने और पुराने सॉफ्टवेयर कॉन्फिगरेशन के साथ कुछ सर्वर को दोबारा तैयार करने जैसे उपाय शुरू किए।

क्या साइबर अटैक की वजह से हुआ सर्वर क्रैश?

माइक्रोसॉफ्ट ने इस घटना को साइबर अटैक से जुड़ा हुआ नहीं बताया है। ऑस्ट्रेलिया के साइबर सिक्योरिटी मंत्री टोनी बर्क के मुताबिक, माइक्रोसॉफ्ट का मानना था कि यह साइबर हमला नहीं है। फिलहाल कंपनी की जांच का केंद्र सर्वर और नेटवर्क कॉन्फिगरेशन से जुड़ी तकनीकी खराबी है।

Claude के यूजर्स भी हुए प्रभावित

माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई इस गड़बड़ी का असर दूसरी टेक कंपनियों पर भी पड़ा। OpenAI और Anthropic ने भी Microsoft 365 कनेक्टर्स में परेशानी की जानकारी दी। इन कनेक्टर्स के जरिए यूजर्स अपने काम से जुड़े ईमेल, कैलेंडर और दूसरी जानकारियों तक पहुंचते हैं। ऐसे में माइक्रोसॉफ्ट के आउटेज का असर अन्य प्लेटफॉर्म पर भी देखने को मिला।

कब तक सामान्य होंगी सेवाएं?

13 नवंबर की सुबह तक माइक्रोसॉफ्ट प्रभावित सर्वरों को बहाल करने में जुटा था। कुछ सर्वरों को दोबारा चालू करने के बाद स्थिरता देखने को मिली और कुछ क्षेत्रों में सेवाओं में आंशिक सुधार भी दर्ज किया गया। हालांकि कंपनी ने सभी सेवाओं के पूरी तरह सामान्य होने का कोई निश्चित समय नहीं बताया था।

Tags:    

Similar News