'आतंकिस्तान' में आतंक! आतंकियों का घात लगाकर हमला, पाकिस्तान में DSP समेत 10 पुलिस वालों की मौत

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में आतंकियों ने पुलिस टीम पर घात लगाकर हमला किया, जिसमें कम से कम 10 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई।

Update:2026-11-11 21:35 IST

Pakistan: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर बड़ा हमला किया है। बुधवार को पहाड़ी इलाके में घात लगाकर किए गए इस हमले में कम से कम 10 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। मरने वालों में एक डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) और एक सब-इंस्पेक्टर भी शामिल हैं।

पुलिस टीम अवैध सोने के खनन के खिलाफ कार्रवाई करने जा रही थी, तभी रास्ते में हमलावरों ने उस पर गोलियां बरसा दीं। यह हमला कोहाट और करक जिलों के बीच दरबो काच जलंधर बांदा इलाके में हुआ। पुलिस प्रवक्ता मोहम्मद नौमान जैब के मुताबिक, टीम कोहाट जिले के गुम्बट इलाके की ओर जा रही थी। इसी दौरान पहाड़ियों से आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए हमले में पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका नहीं मिला और कई जवानों की जान चली गई।

पहाड़ियों से बरसाईं गोलियां

'द एक्सप्रेस ट्रिब्यून' की रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावरों ने ऊंची पहाड़ियों से पुलिस टीम पर गोलियां चलाईं। इस दौरान पुलिस की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा। हमले में DSP गुम्बट हैदर जमान और सब-इंस्पेक्टर मुख्तियार की मौत हो गई। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आतंकियों ने पुलिस की पांच मोबाइल गाड़ियों में आग लगा दी। हमले के बाद पुलिस टीम और हमलावरों के बीच काफी देर तक गोलीबारी होती रही। अचानक हुए इस हमले से पूरे इलाके में तनाव फैल गया।

हमले के बाद मौके पर भेजी गई अतिरिक्त पुलिस फोर्स

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग ने अतिरिक्त गाड़ियों और जवानों को मौके पर रवाना किया। इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि हमलावरों का मुकाबला किया जा सके और स्थिति को संभाला जा सके। फिलहाल हमले में शामिल लोगों की पहचान और उनकी तलाश को लेकर कार्रवाई की जा रही है।

खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर ने जताया दुख

खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने पुलिस टीम पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे आपराधिक तत्वों और आतंकियों के गठजोड़ का नतीजा बताया। गवर्नर ने शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों का बलिदान याद रखा जाएगा।

Tags:    

Similar News