Sheikh Hasina की देश वापसी के ऐलान से Tariq Rahman की बढ़ी बेचैनी... सरकार ने मीडिया को दी सख्त चेतावनी
Bangladesh Media Censorship: सरकार के इस कदम ने बांग्लादेश में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, मीडिया की भूमिका और राजनीतिक माहौल को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
Bangladesh Media Censorship
Bangladesh Media Censorship: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के दिसंबर में देश वापस लौटने की इच्छा जताने के बाद वहां का राजनीतिक माहौल और ज्यादा गर्म हो गया है। उनके हालिया इंटरव्यू के बाद बांग्लादेश सरकार ने मीडिया संस्थानों को अदालत के आदेशों का सख्ती से पालन करने का आदेश जारी किया है। सरकार ने साफ़ कर दिया है कि शेख हसीना के बयान, भाषण, इंटरव्यू या ऑडियो-वीडियो संदेश के प्रसारण और प्रकाशन पर लागू न्यायिक प्रतिबंधों का उल्लंघन नहीं किया जाना चाहिए।
बता दे, सरकार के इस कदम ने बांग्लादेश में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, मीडिया की भूमिका और राजनीतिक माहौल को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
मीडिया संस्थानों को जारी किए गए आदेश
सरकारी बयान के मुताबिक, सभी प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, ऑनलाइन और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को अदालत के आदेशों का पालन करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने कहा कि इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल (ICT) द्वारा साल 2024 में जारी आदेश के अंतर्गत शेख हसीना से जुड़े बयानों के प्रसारण पर रोक लागू है।
इसके अलावा, जिन व्यक्तियों को अदालत दोषी ठहरा चुकी है और जिन्हें फरार घोषित किया गया है, उनके बयान, इंटरव्यू या वीडियो संदेश के प्रसारण पर भी कानूनी प्रतिबंध लागू हैं। सरकार ने मीडिया संस्थानों से कहा है कि इन निर्देशों का किसी भी स्थिति में उल्लंघन न किया जाए।
इंटरव्यू के बाद से बढ़ी राजनीतिक हलचल
हाल ही में शेख हसीना ने एक अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी को दिए इंटरव्यू में कहा था कि वह दिसंबर में अपने देश वापस लौटने की योजना बना रही हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया था कि वह देश लौटने के बाद संबंधित अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण करने पर विचार कर सकती हैं।
इस इंटरव्यू के प्रकाशित होने के बाद बांग्लादेश के कई मीडिया संस्थानों ने इसे प्रमुखता से प्रकाशित और प्रसारित किया। इसके बाद सरकार ने अदालत के पुराने आदेशों का हवाला देते हुए मीडिया को नई चेतावनी जारी कर दी।
पत्रकार ने कही यह बात
लंदन स्थित वरिष्ठ बांग्लादेशी पत्रकार सैयद बदरुल अहसान ने शेख हसीना के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी वापसी की इच्छा इस बात का संकेत है कि वह अब भी बांग्लादेश की राजनीति में प्रभावशाली नेता बनी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि अगर शेख हसीना वास्तव में स्वदेश लौटती हैं तो उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी होगी। उनके मुताबिक, किसी भी राजनीतिक मतभेद से ऊपर उठकर सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
पहले भी हो चुके हैं जानलेवा हमले
सैयद बदरुल अहसान ने याद दिलाया कि शेख हसीना अपने राजनीतिक जीवन में कई गंभीर हमलों का सामना कर चुकी हैं। उन्होंने बताया कि साल 1988 में चटगांव में उन पर हमला हुआ था, जबकि साल 2004 में ढाका में हुए ग्रेनेड हमले में भी वह निशाना बनी थीं। ऐसे में अगर वह भविष्य में बांग्लादेश वापसी करती हैं तो उनकी सुरक्षा को लेकर खास इंतजाम किए जाने की ज़रूरत होगी।
कानूनी और राजनीतिक विवाद जारी
शेख हसीना से जुड़े मामलों को लेकर बांग्लादेश में कानूनी और राजनीतिक विवाद लगातार गहराते जा रहे हैं। एक तरफ सरकार अदालत के आदेशों का हवाला देते हुए मीडिया पर प्रतिबंधों के पालन की बात कर रही है, वहीं विपक्ष और राजनीतिक विश्लेषक इस पूरे घटनाक्रम को देश की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों से जोड़कर देख रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि शेख हसीना की संभावित वापसी, उनके खिलाफ चल रही कानूनी प्रक्रियाएं और मीडिया पर लागू प्रतिबंध आगामी महीनों में बांग्लादेश की राजनीति का प्रमुख मुद्दा बने रह सकते हैं।
बढ़ सकती है राजनीतिक हलचल
दिसंबर महीने में संभावित वापसी की चर्चा के बीच बांग्लादेश की राजनीति में हलचल लगातार तेज होती जा रही है। राजनीतिक दल, मीडिया और आम जनता की निगाहें अब इस बात पर टिकी है कि शेख हसीना वास्तव में कब और किन परिस्थितियों में देश लौटती हैं तथा सरकार और न्यायिक संस्थाएं इस पूरे मामले में आगे क्या कदम उठाती हैं।