Keir Starmer Resigns: ब्रिटिश पीएम कीर का इस्तीफा, बर्नहम हो सकते हैं उत्तराधिकारी
Keir Starmer Resigns: कीर स्टारमर ने डाउनिंग स्ट्रीट में बयान देते हुए कहा कि वे प्रधानमंत्री पद से इस्तीफ़ा देंगे। उन्होंने अपना पद छोड़ने और लेबर पार्टी के नेतृत्व के लिए चुनाव की समय-सीमा भी बताई है।
Starmer resigns (Social Media)
ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने सोमवार को अपने इस्तीफ़े की घोषणा कर दी है। उम्मीद की जा रही है कि सितंबर में संसद का सत्र के शुरू होने से पहले नया नेता चुन लिया जाएगा। उनके इस्तीफे से लेबर पार्टी के पुनर्गठन का रास्ता साफ हो गया है। चुनाव में पार्टी को ज़बरदस्त जीत दिलाने के दो साल से भी कम समय बाद, उन्हें इस्तीफा देना पड़ा है। कहा जा रहा है कि देश भर में हुए स्थानीय चुनावों में पार्टी की ज़बरदस्त हार ने स्टार्मर के ख़िलाफ़ बगावत को हवा दे दी, यह भी कहा जा रहा है कि स्टार्मर अपने एजेंडे को तय करने में संघर्ष करते रहे हैं जिससे पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है। स्टारमर ने कहा है कि वे अपने उत्तराधिकारी का समर्थन करेंगे। वे 10 साल से भी कम समय में इस्तीफ़ा देने वाले UK के छठे प्रधानमंत्री हैं।
स्टारमर पर कई महीनों से दबाव बढ़ रहा था और शुक्रवार को ग्रेटर मैनचेस्टर के मेयर एंडी बर्नहम के संसदीय चुनाव जीतने और वेस्टमिंस्टर लौटने के बाद यह दबाव तेज़ी से बढ़ गया। बर्नहम ने निगेल फ़ाराज की 'रिफ़ॉर्म UK' पार्टी के उम्मीदवार को हराया; यह पार्टी एक साल से ज़्यादा समय से राष्ट्रीय ओपिनियन पोल में आगे चल रही है।
बर्नहम की जीत से लेबर पार्टी के नेताओं को उम्मीद जगी है कि वे स्टारमर के दौर में पार्टी की गिरी साख को सुधारने में मदद कर सकते हैं। बर्नहम लंबे समय से राजनीति में हैं और अपनी बातचीत की कला के लिए जाने जाते हैं, जबकि स्टारमर की लोकप्रियता रेटिंग किसी ब्रिटिश नेता के लिए अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है।
हालांकि, बर्नहम की नीतियों को लेकर अभी भी सवाल बने हुए हैं। बुनियादी बदलाव और रहने-सहने का खर्च कम करने की बात कहने के अलावा, उन्होंने विदेश मामलों, अर्थव्यवस्था या रक्षा के मामलों में अपनी रणनीति के बारे में साफ़ तौर पर कुछ नहीं बताया है। उन्हें भी स्टारमर की तरह ही आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है, जैसे कि बॉन्ड मार्केट के निवेशकों का दबाव और पब्लिक सर्विस, जीवन स्तर और इमिग्रेशन को लेकर वोटरों की नाराज़गी।