PM मोदी का बड़ा ऐलान! नॉर्थ ईस्ट को बताया ‘अष्टलक्ष्मी’, अरुणाचल को दी 5100 करोड़ की सौगात

PM Modi Arunachal visit: पीएम मोदी ने आज सोमवार को अरुणाचल प्रदेश में 5,100 करोड़ से ज़्यादा रुपये की इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इनमें दो बड़ी योजनाएं शामिल हैं।

Priya Singh Bisen
Published on: 22 Sept 2025 12:59 PM IST (Updated on: 22 Sept 2025 1:40 PM IST)
PM Modi Arunachal visit
X

PM Modi Arunachal visit (PHOTO: social media)

PM Modi Arunachal visit: अरुणाचल प्रदेश के इटानगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सोमवार (22 सितंबर) को तकरीबन 5,100 करोड़ से अधिक रुपये के अहम इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया। यह कार्यक्रम इंदिरा गांधी पार्क में आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री ने शि योमी जिले में दो महत्वपूर्ण जलविद्युत प्रोजेक्ट्स और तवांग में एक कन्वेंशन सेंटर की आधारशिला रखी। पीएम मोदी ने पूर्वोत्तर राज्यों के लिए कहा कि ये हमारे लिए अष्टलक्ष्मी हैं।

उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार की सभी नीतियां इन राज्यों के सभी तरह के विकास और सशक्तिकरण के लिए हैं। उन्होंने बीते कई सालों में पिछली सरकारों द्वारा अरुणाचल प्रदेश के विकास की नज़रअंदाज करने तुलना में केंद्र की उपलब्धियों को रेखांकित किया और कहा कि नेक नियत के सही परिणाम अब दिख रहे हैं।

हिमालय की गोद में आज माता का आशीर्वाद मिला

पीएम मोदी ने आगे अपने संबोधन में कहा कि साल 2014 में जब सभी देश की जनता ने उन्हें सेवा का मौक़ा दिया, उसी दिन उन्होंने कांग्रेसी सोच से देश को मुक्त करने का संकल्प लिया। मोदी ने साफ़ शब्दों में कहा कि उनकी प्रेरणा किसी राज्य में वोट और सीटों की संख्या से नहीं, बल्कि राष्ट्र को सर्वोपरि रखने की भावना से आती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित ही उनके हर निर्णय की नींव है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने अरुणाचल दौरे को तीन कारणों से खास और महत्वपूर्ण बताया। पहला, नवरात्र के शुभ दिन पर हिमालय की गोद में स्थित इस भूमि पर आकर मां शैलपुत्री का आशीर्वाद मिला।

दूसरा, देश में नेक्सट जेन GST सुधार लागू किये गए और GST बचत उत्सव की शुरुआत हुई, जिससे त्योहारों के दौर में जनता को डबल बोनस प्राप्त हुआ। तीसरा और सबसे महत्वपूर्ण, अरुणाचल प्रदेश में कई बड़े परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जो राज्य के विकास को नई ऊंचाई प्रदान करेंगे। पीएम ने कहा कि तवांग मठ से नमसाई तक अरुणाचल शांति और संस्कृति का अद्भुत मेल है और मां भारती का गौरव है।

पूर्वोत्तर की राजनीति पर बोले सिक्किम के सीएम

आज हुए आयोजन में सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने कभी भी पूर्वोत्तर को राजनीति के तराजू में नहीं तोला। उन्होंने हमेशा कहा कि भारत वृद्धि तभी करेगा जब नॉर्थ ईस्ट आगे बढ़ेगा। साल 2014 से पहले पूर्वोत्तर कुछ नकारात्मक वजहों से जाना जाता था, लेकिन अब यह विकास का इंजन बनकर देश की गति में तेज़ी लाने में अपना बड़ा योगदान दे रहा है। प्रधानमंत्री ने अरुणाचल प्रदेश को "उगते सूरज की धरती" बताया और कहा कि यहां का हर नागरिक शौर्य और शांति का प्रतीक है, जैसे तिरंगे झंडे का पहला रंग केसरिया है, वैसे ही अरुणाचल का रंग भी शौर्य का प्रतीक है।

स्थानीय लोगों से स्वदेशी में वृद्धि की चर्चा

इसके साथ ही अरुणाचल प्रदेश के इटानगर में पीएम मोदी ने स्थानीय व्यापारियों, उद्योगपतियों और करदाताओं के साथ GST दरों में हाल ही में हुए सुधारों के असर पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने व्यापारियों से सीधे बातचीत की और उनकी चिंताओं को गंभीरता से सुना। यह बैठक एक सक्रिय संवाद के रूप में आयोजित की गई, जिसमें व्यापारियों ने अपने अनुभव और समाधान बताया।

पीएम मोदी ने कहा कि GST दरों के हाल ही के संशोधन से व्यापारियों और उद्योग पर सकारात्मक असर पड़ेगा। उन्होंने व्यापारियों को विश्वास दिलाते हुए कहा कि सरकार उनकी दिक्कतों को गंभीरता से ले रही है और आर्थिक गतिविधियों को आसान बनाने के लिए लगातार कोशिश कर रही है।

स्वदेशी पर गर्व का महत्वपूर्ण संदेश

इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने व्यापारियों को ‘गर्व से कहो ये स्वदेशी है’ के पोस्टर भी प्रदान किये। दुकानदारों ने खुशी जताते हुए कहा कि वे इन पोस्टरों को अपने दुकानों पर लगाएंगे और स्वदेशी उत्पादों में वृद्धि करेंगे। पीएम मोदी ने इस पहल को एक उत्सव का रूप देते हुए स्थानीय व्यापारियों और करदाताओं को राष्ट्रीय भावना से जोड़ने की कोशिश की।

आर्थिक बल और स्वदेशी का महत्व

पीएम मोदी ने बल देकर कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के मार्ग में यह कदम बेहद अहम है। उन्होंने व्यापारियों को प्रेरित किया कि वे स्थानीय उत्पादों के प्रयोग और प्रचार के ज़रिये से आर्थिक सशक्तिकरण में योगदान दें।

व्यापारियों ने कहा कि GST सुधारों से कीमतों और बिक्री पर प्रभाव पड़ेगा, लेकिन स्वदेशी उत्पादों के प्रचार-प्रसार से उनकी बिक्री में बढ़ावा अवश्य मिलेगा। पीएम मोदी ने व्यापारियों की राय पर ज़ोर देते हुए कहा कि सभी सुझावों को नीति निर्माण में शामिल अवश्य करेंगे।

आज जिन प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया गया, उनपर भी एक नज़र...

ताटो-I प्रोजेक्ट - इसकी क्षमता तकरीबन 186 मेगावाट है, अरुणाचल प्रदेश सरकार और NEEPCO के संयुक्त कोशिशों से 1,750 करोड़ रुपये की लागत में विकसित किया जायेगा। यह परियोजना एक साल में करीब 802 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन करेगी। 240 मेगावाट क्षमता वाला हेओ प्रोजेक्ट भी इसी भागीदारी में 1,939 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा और सालाना लगभग 1,000 मिलियन यूनिट बिजली उत्पन्न करेगा। ये दोनों प्रोजेक्ट्स राज्य की हाइड्रोइलेक्ट्रिक क्षमता में वृद्धि करेंगे और क्षेत्रीय ऊर्जा सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

कन्वेंशन सेंटर भी लॉन्च - पीएम नरेंद्र मोदी ने एक और योजना के अंतर्गत तवांग में लगभग 145.37 करोड़ रुपये की लागत से 1,500 लोगों की क्षमता वाला कन्वेंशन सेंटर का भी उद्घाटन किया। यह सेंटर वैश्विक मानकों के मुताबिक निर्मित किया जाएगा और पर्यटन व सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी और फायर सेफ्टी जैसे कई सेक्टरों में लगभग 1,290 करोड़ रुपये से ज़्यादा की अन्य प्रोजेक्ट्स का भी उद्घाटन किया।

1 / 6
Your Score0/ 6
Priya Singh Bisen
ABOUT THE AUTHOR

Priya Singh Bisen

Content Writer Mail ID - Priyasinghbisen96@gmail.comPriyasinghbisen96@gmail.com

Priya Singh Bisen is a journalist with over five years of experience in the news and digital media industry. She covers a wide range of topics, including weather, lifestyle, health, politics, and international affairs. In addition to news writing, Priya has experience in news script writing, voice-overs, anchoring, field reporting, and social media management. She holds a Bachelor's degree in Mass Communication and a Master's degree in Advertising and Public Relations. Priya also enjoys writing, traveling, and playing sports, pursuits that reflect her curiosity and passion for exploring new perspectives.

Next Story