अनंत सिंह की बढ़ी टेंशन! बेटी की शादी से पहले विधानसभा का दूसरा नोटिस, इस तारीख तक देना होगा जवाब

Anant Singh: मोकामा विधायक अनंत सिंह को विधानसभा ने दूसरी बार नोटिस भेजकर 30 नवंबर तक जवाब मांगा है। बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को है, जबकि सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें 4 दिसंबर तक सरेंडर करने का आदेश दिया है।

Shalni Kumari
Published on: 14 Nov 2026 11:58 AM IST
Mokama MLA
X

Anant Singh Assembly Notice

Anant Singh: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। एक तरफ बेटी शिवांगी की शादी की तैयारियां चल रही हैं तो दूसरी ओर उनकी विधायकी पर भी संकट मंडरा रहा है। जेडीयू की ओर से सदस्यता खत्म करने की मांग किए जाने के बाद विधानसभा ने उन्हें एक बार फिर नोटिस भेजा है। इस बार अनंत सिंह को 30 नवंबर तक अपना पक्ष रखने का समय दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष के निर्देश पर प्रभारी सचिव संजय कुमार सिंह ने यह नोटिस जारी किया है।

बेटी की शादी के बाद नोटिस का जवाब देंगे अनंत सिंह

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को होनी है। परिवार में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी बीच दुलारचंद हत्याकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अनंत सिंह को 4 दिसंबर तक सरेंडर करने का आदेश दिया है। ऐसे में माना जा रहा है कि वह पहले बेटी की शादी की जिम्मेदारियां पूरी करेंगे और उसके बाद विधानसभा की ओर से भेजे गए नोटिस का जवाब देंगे। इसके बाद उन्हें सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक सरेंडर करना होगा।

जेडीयू ने छह साल के लिए पार्टी से किया निष्कासित

अनंत सिंह और जेडीयू के बीच तल्खी की शुरुआत एमएलसी चुनाव के दौरान हुई थी। उस समय जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच खींचतान देखने को मिली थी। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी भी की थी। इसके बाद पार्टी ने अनंत सिंह पर पार्टी विरोधी गतिविधियों और बयानबाजी का आरोप लगाते हुए उन्हें छह साल के लिए निष्कासित कर दिया।

जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने अनंत सिंह को पार्टी से निकाले जाने के बाद विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर उनकी विधायकी समाप्त करने की मांग की थी। इसी मांग के आधार पर विधानसभा ने 2 अक्टूबर को पहली बार अनंत सिंह को नोटिस भेजकर जवाब मांगा था।

विधानसभा अध्यक्ष से मांगा था जवाब देने के लिए समय

नोटिस मिलने के बाद अनंत सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात भी की थी। इस दौरान उन्होंने अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण दिया और नोटिस का जवाब देने के लिए अतिरिक्त समय देने का अनुरोध किया था। उन्होंने शादी की तैयारियों और व्यस्तता का हवाला देते हुए कुछ और मोहलत मांगी थी।

अब विधानसभा की ओर से दूसरी बार नोटिस भेजकर 30 नवंबर तक जवाब देने को कहा गया है। ऐसे में आने वाले दिनों में अनंत सिंह के सामने दो अहम तारीखें हैं। 25 नवंबर को बेटी की शादी और 30 नवंबर तक विधानसभा के नोटिस का जवाब। इसके बाद 4 दिसंबर तक सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत सरेंडर करने की समयसीमा भी है।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story