25 एकड़ में हेलीपैड, 3 करोड़ की डिफेंडर और 200 घोड़ों की रेस! अनंत सिंह की बेटी की रॉयल वेडिंग

Anant Singh Daughter Wedding: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी में शाही इंतजाम किए जा रहे हैं। दामाद को डिफेंडर, बेटे को BMW और घुड़दौड़ के विजेता को थार देने की तैयारी है। जानिए चार लाख मेहमानों और 150 पकवानों वाले इस आयोजन की खास बातें।

Shalni Kumari
Published on: 20 Nov 2026 1:50 PM IST
Mokama MLA
X

Shivangi Singh Wedding

Anant Singh Daughter Wedding: बिहार के मोकामा से विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह के घर इन दिनों शादी की तैयारियों ने भव्य आयोजन का रूप ले लिया है। बेटी शिवांगी सिंह की शादी को यादगार बनाने के लिए ऐसा इंतजाम किया जा रहा है, जिसकी चर्चा अभी से शुरू हो गई है। कहीं करोड़ों की डिफेंडर कार दामाद को देने की तैयारी है तो कहीं घुड़दौड़ के विजेताओं के लिए थार, बाइक और स्कूटी जैसे इनाम रखे गए हैं। शादी के साथ बेटे अभिनव सिंह का उपनयन संस्कार भी होगा। शुक्रवार से फलदान और तिलक की रस्मों के साथ इस शाही शादी समारोह की शुरुआत हो रही है।

दामाद को फलदान में मिलेगी करोड़ों की डिफेंडर कार

'छोटे सरकार' के नाम से मशहूर अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी वैदिक रीति-रिवाजों के साथ उनके पैतृक गांव नदवां में होगी। शुक्रवार को पटना से दामाद ऋषिकेश कुमार के लिए फलदान और तिलक की रस्में पूरी की जाएंगी। इस मौके पर वर पक्ष के स्वागत के लिए खास इंतजाम किए गए हैं।

फलदान और तिलक में फल, मिठाई, बर्तन, फर्नीचर, आभूषण, कपड़े समेत कई उपहार दिए जाएंगे। इनमें सबसे खास करोड़ों रुपये कीमत की लैंड रोवर डिफेंडर कार बताई जा रही है, जो अनंत सिंह अपनी बेटी और दामाद को उपहार में देंगे। शादी में बड़ी संख्या में रिश्तेदारों और मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है।

तीन दिन चलेंगी रस्में

शादी समारोह की अगली रस्में भी खास अंदाज में आयोजित की जाएंगी। 23 नवंबर को हल्दी और कलश की रस्म होगी। इस दौरान बेटी शिवांगी के साथ बेटे अभिनव को भी हल्दी लगाई जाएगी। कार्यक्रम में मेहमानों के लिए भोज का आयोजन भी किया जाएगा।

इसके अगले दिन यानी 24 नवंबर को मेहंदी और संगीत समारोह होगा। इस दौरान पारंपरिक गीत-संगीत के साथ जश्न मनाया जाएगा। शिवांगी के हाथों में शादी की मेहंदी सजाने के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित कलाकारों को बुलाया गया है। परिवार और रिश्तेदारों की महिलाएं भी इस रस्म में शामिल होंगी।

100 फीट लंबे मंच पर होगा जयमाला समारोह

25 नवंबर को ऋषिकेश कुमार बिहटा से बारात लेकर अनंत सिंह के गांव नदवां पहुंचेंगे। इसी दिन शिवांगी और ऋषिकेश एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत करेंगे। जयमाला के लिए भव्य मंच तैयार किया जा रहा है। जयपुर से आए कलाकार करीब 100 फीट लंबा और 30 फीट चौड़ा मंच बना रहे हैं। इसके साथ पूरे पंडाल को विदेशों से मंगवाए गए फूलों से सजाने की तैयारी है।

इसी दिन शादी समारोह से पहले अनंत सिंह के बेटे अभिनव सिंह का उपनयन संस्कार भी होगा। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्हें जनेऊ धारण कराया जाएगा। इस मौके पर अनंत सिंह बेटे को उपहार में BMW कार देने वाले हैं।

घुड़दौड़ विजेता को मिलेगी थार

बेटी की शादी को लेकर अनंत सिंह ने घुड़दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन रखा है। इसके लिए करीब आठ बीघा जमीन पर रेस का मैदान तैयार किया जा रहा है। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से घोड़े और उनके मालिक नदवां पहुंच रहे हैं। घोड़ों के ठहरने और खाने-पीने की व्यवस्था भी की गई है।

इस प्रतियोगिता में विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। पहले स्थान पर आने वाले घोड़े के मालिक को थार गाड़ी दी जाएगी। दूसरे स्थान के विजेता को बाइक और तीसरे स्थान पर रहने वाले को स्कूटी इनाम में मिलेगी।

चार लाख मेहमानों के भोजन की तैयारी

अनंत सिंह की बेटी की शादी में मेहमानों की संख्या भी आयोजन को खास बना रही है। दावा है कि समारोह में करीब चार लाख लोगों के भोजन का इंतजाम किया जा रहा है। इसके लिए लगभग 10 बीघा जमीन पर पंडाल तैयार किया जा रहा है। मेहमानों को करीब 150 तरह के पकवान और व्यंजन परोसने की तैयारी है।

शादी में राजनीतिक, सामाजिक और कारोबारी जगत की कई बड़ी हस्तियों को न्योता भेजा गया है। अनंत सिंह ने लालू प्रसाद यादव, नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी और बृजभूषण सिंह समेत कई प्रमुख नेताओं को बेटी को आशीर्वाद देने के लिए आमंत्रित किया है। इसके अलावा समर्थकों और आम लोगों को भी समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है।

इस तरह शिवांगी की शादी सिर्फ पारिवारिक समारोह नहीं, बल्कि भव्य आयोजन के तौर पर चर्चा में है। फलदान में लग्जरी कार, बेटे के जनेऊ पर BMW, घुड़दौड़ में थार और लाखों मेहमानों के भोजन की तैयारी ने इस शादी को बिहार की चर्चित शादियों में शामिल कर दिया है।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story