4 लाख मेहमान, 10 बीघा में पंडाल और 150 डिशेज! अनंत सिंह की बेटी की शादी में क्या-क्या होगा खास?

Anant Singh Daughter Wedding Food Menu: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होगी। समारोह में करीब 4 लाख मेहमानों के लिए 150 से ज्यादा पकवान तैयार किए जा रहे हैं। जानिए शाही दावत में कौन-कौन सी डिशेज परोसी जाएंगी।

Shalni Kumari
Published on: 15 Nov 2026 1:01 PM IST
Anant Singh Daughter Wedding
X

Anant Singh Daughter Wedding 

Anant Singh Daughter Wedding Food Menu: बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी इन दिनों खूब चर्चा बटोर रही है। वजह सिर्फ शादी में शामिल होने वाले वीआईपी मेहमान नहीं, बल्कि यहां होने वाला शाही इंतजाम भी है। कहीं 10 बीघा जमीन पर एसी और वाटरप्रूफ पंडाल तैयार हो रहा है, तो कहीं मेहमानों के स्वागत के लिए 150 से ज्यादा तरह के पकवानों की तैयारी चल रही है। इस दावत में बिहार के पारंपरिक स्वाद से लेकर विदेशी जायकों तक का इंतजाम किया गया है। मिठाइयां, लिट्टी-चोखा, बिरयानी, पिज्जा और पास्ता जैसे व्यंजन मेन्यू का हिस्सा होंगे। ऐसे में हर किसी के मन में एक ही सवाल है कि आखिर इस शाही शादी में मेहमानों की थाली में क्या-क्या परोसा जाएगा?

10 बीघा में तैयार हो रहा भव्य पंडाल

मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर 2026 को उनके पैतृक गांव नदावां में होगी। शादी की तैयारियां बड़े स्तर पर की जा रही हैं। मेहमानों के लिए करीब 10 बीघा जमीन पर भव्य वाटरप्रूफ और एसी पंडाल तैयार कराया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस समारोह में करीब 4 लाख मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है।

शादी का निमंत्रण कार्ड पहले ही चर्चा में आ चुका है। अमेरिका और दुबई से भी मेहमानों के पहुंचने की बात कही जा रही है। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री, फिल्मी सितारों और कई मशहूर गायकों को भी निमंत्रण भेजा गया है। जाहिर है कि मेहमानों की बड़ी संख्या को देखते हुए खानपान से लेकर स्वागत तक के इंतजाम खास बनाए जा रहे हैं।

बिहारी स्वाद से लेकर शाही मिठाइयों तक का इंतजाम

शादी के मेन्यू में सबसे ज्यादा आकर्षण पारंपरिक भारतीय और बिहारी व्यंजनों का रहने वाला है। मिठाइयों की सूची में गुलाब जामुन, रसगुल्ला, काजू कतली और बिहार का मशहूर सिलाव खाजा शामिल है। खास बात यह है कि सिलाव खाजा अपनी 52 परतों और खास स्वाद के लिए जाना जाता है।

इसके अलावा मेहमानों को लिट्टी-चोखा और मखाने की खीर भी परोसी जाएगी। देसी घी से तैयार मालपुआ और बालूशाही के साथ शाही कोफ्ता, दाल मखनी, कश्मीरी पुलाव और बिरयानी जैसे व्यंजन भी दावत की शोभा बढ़ाएंगे। इतने बड़े आयोजन में खाने की व्यवस्था संभालने के लिए कई बड़े शेफ और हलवाइयों को बुलाया गया है।

पिज्जा, पास्ता और बर्गर भी होंगे मेन्यू का हिस्सा

इस शाही दावत में सिर्फ देसी पकवानों का ही बोलबाला नहीं रहेगा। विदेशी और कॉन्टिनेंटल जायकों को भी खास जगह दी गई है। मेहमानों के लिए पिज्जा, पास्ता, बर्गर और चाइनीज डिशेज तैयार की जाएंगी। इसके साथ ही अलग-अलग फ्लेवर की आइसक्रीम और कुल्फी भी परोसी जाएगी।

यानी इस शादी में आने वाले मेहमानों को एक ही जगह पर बिहारी पारंपरिक भोजन, देश के अलग-अलग हिस्सों के व्यंजन और विदेशी डिशेज का स्वाद चखने का मौका मिलेगा।

25 नवंबर को ऋषिकेश के साथ सात फेरे लेंगी शिवांगी

शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर 2026, बुधवार को ऋषिकेश के साथ होगी। इसी दिन दोनों विवाह के सात फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत करेंगे। समारोह को भव्य बनाने के लिए सजावट पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, सजावट के लिए विदेश से खास फूल मंगवाए जा रहे हैं।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story