TRENDING TAGS :
'कादो में नहीं दौड़ेगा घोड़ा...' बेटी की शादी की तैयारियों पर क्यों भड़के अनंत सिंह?
Anant Singh Daughter Wedding: अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में बेमौसम बारिश ने तैयारियां बिगाड़ दी हैं। घुड़दौड़ का मैदान कीचड़ से भर गया है और हेलीकॉप्टर से आने वाले 25 मेहमान अब सड़क मार्ग से पहुंचेंगे।
Mokama MLA
Anant Singh Daughter Wedding: बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह अपनी बेटी शिवांगी की शादी को यादगार बनाने के लिए भव्य तैयारियों में जुटे हैं, लेकिन ऐन मौके पर मौसम ने पूरा खेल बिगाड़ दिया है। मोकामा के पैतृक गांव नदवां में शादी की रस्मों से लेकर मेहमानों के स्वागत तक के लिए खास इंतजाम किए गए थे। घुड़दौड़ के लिए मैदान तैयार कराया गया था और करीब 25 मेहमानों के हेलीकॉप्टर से पहुंचने की व्यवस्था भी की गई थी। मगर पिछले तीन दिनों से हो रही बेमौसम बारिश ने इन तैयारियों पर पानी फेर दिया है। मैदान में कीचड़ भर गया है और हेलीपैड भी इस्तेमाल के लायक नहीं बचा है। अब अनंत सिंह ने साफ कर दिया है कि न कीचड़ में घोड़े दौड़ेंगे और न ही हेलीकॉप्टर से मेहमान उतर पाएंगे।
अनंत सिंह ने बताई परेशानी
शिवांगी की शादी में घुड़दौड़ का आयोजन खास आकर्षण होने वाला था। इसके लिए नदवां गांव में बाकायदा मैदान तैयार कराया गया था, लेकिन लगातार बारिश ने पूरी व्यवस्था बिगाड़ दी। अनंत सिंह के मुताबिक, पिछले तीन दिनों से मौसम खराब है। इस वजह से तैयारियों से जुड़े काम भी ठीक से नहीं हो पा रहे हैं।
एक न्यूज चैनल से बातचीत में उन्होंने अपनी परेशानी जाहिर करते हुए कहा, "कादो में घोड़ा नहीं दौड़ेगा, प्लेन नहीं उतरेगा।" उन्होंने बताया कि उनके इलाके में केवाल मिट्टी है, बलुआही मिट्टी नहीं। ऐसे में बारिश के बाद जमीन को सूखने में काफी वक्त लगता है।
अनंत सिंह के मुताबिक, अगर बारिश थम जाती है तो मैदान में बालू डालकर उसे ठीक करने की कोशिश की जा सकती है। लेकिन मौसम इसी तरह खराब रहा तो घुड़दौड़ का आयोजन संभव नहीं हो पाएगा।
हेलीकॉप्टर से आने वाले थे 25 मेहमान
शादी में मेहमानों की एंट्री भी खास अंदाज में होनी थी। करीब 25 लोगों के हेलीकॉप्टर से नदवां पहुंचने की योजना थी। इसके लिए गांव में अलग से हेलीपैड भी तैयार कराया गया था, लेकिन बारिश ने इस इंतजाम को भी बेकार कर दिया है।
अनंत सिंह ने बताया कि खराब मौसम के चलते हेलीकॉप्टर उतरने की अनुमति नहीं मिली है। उन्होंने साफ कहा कि अब हेलीकॉप्टर से मेहमानों के आने की दूर-दूर तक कोई संभावना नहीं है। यहां तक कि धूप निकलने के बाद भी हेलीकॉप्टर की लैंडिंग मुश्किल हो सकती है।
ऐसे में अब सभी मेहमानों को सड़क मार्ग से ही शादी समारोह में पहुंचना होगा। बेटी की शादी को भव्य बनाने के लिए किए गए खास इंतजामों में मौसम ने बदलाव जरूर करा दिया है। अब देखना होगा कि बारिश थमने के बाद घुड़दौड़ के मैदान को दोबारा तैयार किया जा पाता है या नहीं।


