TRENDING TAGS :
बेटी की शादी या शाही महोत्सव! अनंत सिंह के यहां 4 लाख लोगों का भोज, घुड़दौड़ में थार जीतने का मौका
Anant Singh Daughter Wedding : अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को होगी। समारोह में 4 लाख लोगों के भोजन, 150 से ज्यादा पकवान और घुड़दौड़ के विजेता को महिंद्रा थार देने की तैयारी है।
Image Source – Social Media
Anant Singh Daughter Wedding: बिहार की राजनीति में 'छोटे सरकार' के नाम से मशहूर मोकामा विधायक अनंत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार चर्चा किसी राजनीतिक बयान या चुनावी समीकरण को लेकर नहीं, बल्कि उनकी छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी को लेकर हो रही है। अनंत सिंह 25 नवंबर को अपनी बेटी की शादी को यादगार बनाने के लिए ऐसी तैयारियां कर रहे हैं, जिनकी चर्चा पूरे बिहार में हो रही है।
शादी में करीब 4 लाख लोगों के भोजन का इंतजाम किया जा रहा है। इतना ही नहीं, मेहमानों के लिए 150 से अधिक तरह के पकवान तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा घुड़सवारी दौर का भी आयोजन होगा, जिसमें विजेता को ईनाम के तौर पर थार दिया जाएगा। बॉलीवुड और भोजपुरी सितारे भी शादी में शिरकत सकते हैं। कहा जा रहा है कि इस शादी के लिए 10 बीघे जमीन में भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है।
150 से ज्यादा डिश, 4 लाख लोगों के खाने का इंतजाम
अनंत सिंह ने 8 नवंबर को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि उनकी बेटी की शादी में करीब 4 लाख लोग शामिल होंगे। उनके खाने-पीने की पूरी व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर मेहमानों की संख्या बढ़ती है तो उनके लिए भी भोजन का इंतजाम किया जाएगा। शादी के मेन्यू में 150 से अधिक तरह के व्यंजन शामिल किए जाएंगे। इसमें कई तरह की मिठाइयां और बिहार के मशहूर पारंपरिक पकवान भी होंगे।
सोनू सूद से पवन सिंह तक, जुटेंगे कई सितारे
अनंत सिंह की बेटी की शादी में राजनीति के साथ फिल्म और संगीत जगत की कई बड़ी हस्तियों को भी न्योता दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद, भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह, गायक उदित नारायण, मनोज तिवारी, मैथिली ठाकुर और अक्षरा सिंह समेत कई कलाकारों को आमंत्रित किया जा रहा है। शादी में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए मेहमानों के मनोरंजन की भी व्यवस्था होगी।
घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन, विजेता को मिलेगा थार
अनंत सिंह की बेटी की शादी का एक और बड़ा आकर्षण घुड़दौड़ प्रतियोगिता होगी। इसके लिए देशभर से चर्चित घोड़ों और घुड़सवारों को बुलाने की तैयारी है। प्रतियोगिता में जीतने वालों के लिए शानदार इनाम भी रखे गए हैं। पहले स्थान पर आने वाले शख्स को महिंद्रा थार या थार रॉक्स दिया जाएगा। वहीं दूसरे स्थान पर फिनिश करने वाले को मोटरसाइकिल जबकि तीसरे स्थान पर रहने वाले को स्कूटी ईनाम में दिया जाएगा। यह प्रतियोगिता 25 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगी। इसके लिए मैदान की तैयारियां भी की जा रही हैं।
किससे हो रही है अनंत सिंह की बेटी की शादी?
अनंत सिंह और नीलम देवी की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी पटना के बिहटा क्षेत्र के निवासी ऋषिकेश कुमार से तय हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऋषिकेश पिछले करीब 11 वर्षों से अमेरिका में रह रहे हैं और उन्होंने अटलांटा की जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से MBA की पढ़ाई की है। शादी से पहले 20 नवंबर को तिलक और फलदान की रस्म होगी, जबकि 25 नवंबर को विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा।


