अनंत सिंह की बेटी की शादी में खाना परोसना पड़ा भारी! पुलिस विभाग ने होमगार्ड जवान के खिलाफ की बड़ी कार्रवाई

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी में वर्दी पहनकर खाना परोसने वाले होमगार्ड जवान को पटना ट्रैफिक पुलिस ने लाइन हाजिर कर दिया है। जानिए पूरा मामला।

Sawan Gupta
Published on: 26 Nov 2026 8:28 PM IST (Updated on: 26 Nov 2026 8:28 PM IST)
Image Source – Social Media
X

Image Source – Social Media

Anant Singh Daughter Wedding: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी इन दिनों काफी चर्चा में है। इस शादी समारोह में काफी भीड़ नजर आई, जिसकी वजह से खाने के लिए अफरातफरी मच गई। जिसके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वहीं एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें एक पुलिसकर्मी वर्दी पहनकर शादी समारोह में खाना परोसते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद होमगार्ड जवान सतीश कुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सतीश कुमार पटना ट्रैफिक पुलिस में तैनात होमगार्ड जवान हैं। उनकी ड्यूटी शादी समारोह के आसपास यातायात व्यवस्था संभालने के लिए लगाई गई थी। हालांकि, वायरल वीडियो में वह शादी समारोह में वर्दी पहनकर मेहमानों को खाना परोसते दिखाई दिए। जिसके बाद उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई।

ट्रैफिक एसपी ने मांगा स्पष्टीकरण

वीडियो सामने आने के बाद पटना ट्रैफिक पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। ट्रैफिक एसपी सागर कुमार झा ने होमगार्ड जवान सतीश कुमार को जिला मुख्यालय बुलाकर स्पष्टीकरण मांगा है। उन्हें फिलहाल लाइन हाजिर करते हुए यातायात ड्यूटी से हटा दिया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस प्रशासन ने इस मामले को ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासन से जुड़ा विषय माना है। जवाब के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई पर निर्णय लिया जा सकता है।

अनंत सिंह की बेटी की शादी में उमड़ी थी भारी भीड़

अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव नदवां में ऋषिकेश कुमार के साथ हुई। शादी समारोह में बड़ी संख्या में मेहमान और आम लोग पहुंचे थे। अनंत सिंह ने शादी में आने वाले लोगों के लिए खुले निमंत्रण की बात कही थी। इसके बाद समारोह में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शादी समारोह में लोगों की संख्या इतनी अधिक हो गई कि खाने की प्लेटें तक कम पड़ गईं। सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो वायरल हुए, जिनमें लोग पत्तल की जगह गिलास और कार्टन में खाना खाते नजर आए।

शादी समारोह में हुई अव्यवस्था और अब वर्दी में खाना परोसते पुलिसकर्मी के वीडियो ने इस आयोजन को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। फिलहाल सतीश कुमार को लाइन हाजिर कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story