TRENDING TAGS :
थार, बाइक और स्कूटी...अनंत सिंह की बेटी की शादी पर इस नेता ने क्यों जताई नाराजगी?
Shivanand Tiwari Statement:अनंत सिंह की बेटी की शादी में घुड़दौड़ के विजेताओं को थार, बाइक और स्कूटी देने की तैयारी है। बिहार में गरीबी और बच्चों के कुपोषण के बीच इस शाही आयोजन पर सवाल उठ रहे हैं।
Shivanand Tiwari
Shivanand Tiwari Statement: बिहार में एक तरफ बच्चों के कुपोषण और गरीबी के आंकड़े चिंता बढ़ा रहे हैं तो दूसरी तरफ मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी में शाही इंतजाम चर्चा का विषय बने हुए हैं। घोड़ों की रेस से लेकर इनाम में थार, बाइक और स्कूटी तक की व्यवस्था की गई है। अब इस भव्य आयोजन पर समाजवादी नेता शिवानंद तिवारी ने सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने शादी में हो रहे खर्च और धन के प्रदर्शन को बिहार की बदहाल आर्थिक-सामाजिक स्थिति से जोड़ते हुए इसे गरीबों के जले पर नमक छिड़कने जैसा बताया है। इतना ही नहीं, शादी में आमंत्रित अतिथियों के बहाने उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधा है।
बिहार की गरीबी का मजाक उड़ाने जैसा है आयोजन: शिवानंद तिवारी
शिवानंद तिवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की है। हालांकि, उन्होंने पोस्ट में अनंत सिंह का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन उनकी बेटी की शादी में हो रहे भव्य इंतजामों पर ही निशाना माना जा रहा है।
उन्होंने लिखा कि बिहार देश के सबसे गरीब राज्यों में शामिल है। राज्य में बड़ी-बड़ी सड़कें बन रही हैं और राजधानी में विकास का तामझाम भी नजर आता है, लेकिन समाज की असली तस्वीर अब भी चिंताजनक है। उनके मुताबिक, राज्य के 40 से 45 प्रतिशत बच्चों को पर्याप्त पोषण नहीं मिल पाता। उम्र के हिसाब से उनकी लंबाई नहीं बढ़ती और लंबाई के अनुपात में उनका वजन भी कम रहता है।
शादी में धन का प्रदर्शन गरीबों के जले पर नमक: तिवारी
शिवानंद तिवारी ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि जिस राज्य में बड़ी आबादी गरीबी और कुपोषण से जूझ रही हो, वहां शादी के नाम पर इस तरह धन और वैभव का प्रदर्शन अशोभनीय लगता है। उन्होंने इसे बिहार की गरीबी का मजाक उड़ाने जैसा बताया।
उनका कहना है कि ऐसे आयोजन गरीबों की परेशानियों को नजरअंदाज करते हुए अमीरी का प्रदर्शन करते हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने शादी में आमंत्रित अतिथियों को लेकर भी सवाल उठाए और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधा।
घुड़दौड़ में थार, बाइक और स्कूटी का इनाम
दरअसल, अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होने वाली है। इस मौके को यादगार बनाने के लिए उनके पैतृक गांव नदवां में बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। शादी के कार्यक्रमों में घुड़दौड़ का आयोजन भी रखा गया है, जिसमें हिस्सा लेने के लिए कई राज्यों से घोड़े गांव पहुंच चुके हैं।
इस रेस को लेकर इनाम भी खास रखे गए हैं। पहले स्थान पर आने वाले घोड़े के मालिक को थार गाड़ी दी जाएगी। दूसरे स्थान पर रहने वाले को बाइक और तीसरे स्थान पर आने वाले को स्कूटी पुरस्कार के रूप में मिलेगी।
बारिश ने बिगाड़ा मैदान का खेल, खुद जुटे अनंत सिंह
घुड़दौड़ के आयोजन के लिए तैयार किए गए मैदान में बारिश के कारण परेशानी खड़ी हो गई है। मैदान गीला होने के बाद उसे दोबारा तैयार कराया जा रहा है। इसके लिए बाहर से सूखी मिट्टी मंगाकर रेस का ट्रैक बनाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि अनंत सिंह खुद भी मैदान को दुरुस्त कराने की तैयारियों में जुटे हुए हैं।


