बिहार विधानसभा में 30 नवंबर से सियासी हलचल, 5 दिनों में क्या-क्या होगा? जानें पूरा शेड्यूल

Bihar Assembly Winter Session 2026: बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र 30 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलेगा। पांच बैठकों वाले इस सत्र में सरकार 2026-27 का दूसरा अनुपूरक बजट पेश करेगी, जिस पर 3 दिसंबर को चर्चा और मतदान होगा। जानिए किस दिन सदन में क्या-क्या होगा।

Shalni Kumari
Published on: 7 Nov 2026 5:10 PM IST
Bihar Assembly Session Date
X

Bihar Assembly Winter Session 2026

Bihar Assembly Winter Session 2026: बिहार में नई विधानसभा के गठन के बाद अब सदन की कार्यवाही का अगला अहम पड़ाव तय हो गया है। विधानसभा का शीतकालीन सत्र (Winter Session) 30 नवंबर से शुरू होकर 4 दिसंबर तक चलेगा। पांच दिनों के इस सत्र में सरकार जहां वित्तीय वर्ष 2026-27 का दूसरा अनुपूरक बजट (Second Supplementary Budget) पेश करेगी, वहीं विधायी कामकाज और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होगी। सत्र के दौरान कुल पांच बैठकें आयोजित की जाएंगी। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने संविधान के अनुच्छेद 174 (Article 174) के तहत विधानसभा का सत्र बुलाने की अनुमति दी है।

विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, 30 नवंबर को सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होगी। इस सत्र में सरकार को वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान जरूरी अतिरिक्त खर्चों के लिए द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरणी सदन के सामने रखनी है। इसके अलावा विभिन्न सरकारी विधेयकों (Government Bills) और दूसरे निर्धारित सरकारी कार्यों को भी निपटाया जाएगा।

पहले दिन पेश होगा 2026-27 का दूसरा अनुपूरक बजट

शीतकालीन सत्र के पहले दिन यानी 30 नवंबर को सदन में कई महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। यदि किसी सदस्य का शपथ ग्रहण (Oath Taking) बाकी होगा तो उसकी प्रक्रिया कराई जाएगी। इसके साथ ही पिछले विधानसभा सत्र के बाद राज्यपाल की ओर से जारी अध्यादेशों (Ordinances) की प्रमाणित प्रतियां सदन के पटल पर रखी जाएंगी।

पहले ही दिन वित्तीय वर्ष 2026-27 की द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरणी भी पेश की जाएगी। इसके अलावा दिवंगत व्यक्तियों के सम्मान में शोक प्रकाश किया जाएगा। अनुपूरक बजट के जरिए सरकार उन अतिरिक्त खर्चों के लिए विधानसभा से मंजूरी मांगेगी, जिनकी जरूरत मौजूदा वित्तीय वर्ष के दौरान महसूस हुई है।

1 और 2 दिसंबर को विधेयकों पर होगी चर्चा

कार्यक्रम के अनुसार, 1 दिसंबर और 2 दिसंबर को सदन में सरकारी विधेयकों और अन्य राजकीय कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। इन दोनों दिनों में सरकार की ओर से पेश किए जाने वाले विधेयकों पर चर्चा और उन्हें पारित कराने से जुड़ी कार्यवाही हो सकती है। इसके साथ ही निर्धारित सरकारी कामकाज भी निपटाया जाएगा।

3 दिसंबर को अनुपूरक बजट पर चर्चा और मतदान

सत्र का तीसरा और महत्वपूर्ण विधायी पड़ाव 3 दिसंबर को होगा। गुरुवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 की द्वितीय अनुपूरक बजट (Supplementary Budget) पर सदन में विस्तार से चर्चा की जाएगी। चर्चा पूरी होने के बाद बजट पर मतदान (Voting) कराया जाएगा। इसी दिन अनुपूरक बजट से संबंधित विनियोग विधेयक (Appropriation Bill) भी सदन में पेश किया जाएगा और उस पर जरूरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

आखिरी दिन विधायक रखेंगे गैर सरकारी संकल्प

4 दिसंबर को शीतकालीन सत्र का अंतिम दिन निर्धारित किया गया है। इस दिन गैर सरकारी सदस्यों के कार्य यानी गैर सरकारी संकल्पों (Non-Government Resolutions) पर चर्चा होगी। विधायक अपने-अपने संकल्प सदन में रख सकेंगे। इसके लिए विधानसभा सचिवालय ने सूचना देने की समय-सीमा और प्रक्रिया भी तय की है।

सचिवालय के निर्देशों के मुताबिक, कोई भी सदस्य एक दिन के लिए एक से अधिक गैर सरकारी संकल्पों की सूचना नहीं दे सकेगा। संकल्पों को सदन में रखने के लिए निर्धारित समय के भीतर सूचना देना अनिवार्य होगा।

विधायकों के सवालों के लिए अलग से जारी होगी सूची

सत्र के दौरान विधायकों की ओर से पूछे जाने वाले प्रश्नों (Legislative Questions) की सूची अलग से जारी की जाएगी। अल्पसूचित और तारांकित प्रश्नों (Short Notice and Starred Questions) की प्राथमिकता तय करने के लिए पहले की तरह लॉटरी का सहारा लिया जाएगा।

विधानसभा सचिवालय ने स्पष्ट किया है कि जरूरत पड़ने पर सत्र का निर्धारित कार्यक्रम बदला भी जा सकता है। यदि 4 दिसंबर के बाद भी सदन की कार्यवाही जारी रखने की आवश्यकता हुई तो इसके लिए अलग से कार्यक्रम जारी किया जाएगा। फिलहाल पांच दिनों के इस सत्र में बजट, सरकारी विधेयकों और विधायकों के संकल्पों से जुड़े कामकाज पर नजर रहेगी।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story