Bihar News: गया में होली का जश्न मातम में बदला, मिलिट्री तोप का गोला गांव पर गिरा, 3 की मौत, 3 जख्मी

Bihar News: प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के बुमेर पंचायत के गूलरवेद गांव से एक किलोमीटर की दूरी पर मिलिट्री फायरिंग रेंज है।

Krishna Chaudhary
Published on: 9 March 2023 7:33 AM IST (Updated on: 9 March 2023 7:33 AM IST)
bihar holi incident
X

bihar holi incident

Bihar News: बिहार के गया में होली के दिन एक दुखद घटना घटी है। जिले के गूलरवेद गांव में अचानक तोप का एक गोला आकर गिरा और जोरदार धमाका हुआ। धमाके में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत मौके पर ही हो गई और 3 अन्य जख्मी हो गए, जिनमें से एक की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान सभी होली खेल रहे थे, तभी अचानक तोप का गोला आ गिरा।

मिली जानकारी के मुताबिक, गोले के चपेट में आए सभी 6 लोग एक ही परिवार के हैं। मृतक तीन लोगों के तो चिथड़े उड़ गए। घटनास्थल पर खून ही खून है। गोला जहां फटा, वहां एक बड़ा गड़्ढा बन गया। गोला फटने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास हड़कंप मच गया। आनन-फानन लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने सभी घायलों को मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के बुमेर पंचायत के गूलरवेद गांव से एक किलोमीटर की दूरी पर मिलिट्री फायरिंग रेंज है। आज यानी बुधवार को तकरीबन सुबह 8 बजे सेना के जवान अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान एक तोप का गोला गूलरवेद गांव के ऊपर गिरा, जिसके चपेट में पीड़ित परिवार के 6 सदस्य आ गए।

मौके पर पहुंचे सांसद और वरीय अधिकारी

घटना की जानकारी मिलने के बाद गया के बीजेपी सांसद विजय मांझी, सिटी एसपी, डीएसपी और एसडीओ मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिले। बीडीओ ने मृतकों के परिजनों को तत्काल 20-20 हजार रूपये का मुआवजा दिया है। वहीं, 3-3 हजार अंतिम संस्कार के लिए दिया गया है। गया के एसएसपी आशीष भारती ने घटना की जांच करने की बात कही है।

वहीं, घटना को लेकर स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है। उनका कहना है कि अक्सर फायरिंग रेज से गोले उनके रिहाइशी क्षेत्र में गिरते रहते हैं। 15 दिन पहले भी एक गोला यहां आकर फटा था, जिसमें एक घर क्षतिग्रस्त हो गया था। घटना के दौरान घर में कोई मौजूद नहीं था, इसलिए किसी प्रकार की अनहोनी नहीं हुई। 8 महीने पहले गूलरवेद गांव का ही एक 20 वर्षीय नवयुवक रघु मांझी सेना की गोली का शिकार हो गया था।

Krishna Chaudhary
ABOUT THE AUTHOR

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary having four year experience of working in different positions during his Journalism. Having Expertise to create content in Politics, Crime, National and International Affiars.

Next Story