TRENDING TAGS :
सुधा को अंतरराष्ट्रीय ब्रांड बनाने की तैयारी, बिहार में दूध उत्पादन बढ़ाने पर सम्राट सरकार का जोर
Bihar News: राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर बिहार सरकार ने दूध उत्पादन बढ़ाने, पशुपालकों की आय मजबूत करने और सुधा को अंतरराष्ट्रीय ब्रांड बनाने की दिशा में लक्ष्य तय किए।
Bihar News: जिसके आहार में दूध और दही का मान,ऊसकी सेहत बनेगी सबसे बड़ी पहचान। दूध और दही सिर्फ पोषण का आधार नहीं, बल्कि बिहार के लाखों ग्रामीण परिवारों की आजीविका का भी महत्वपूर्ण साधन है। विश्व दुग्ध दिवस हो या भारत का राष्ट्रीय दुग्ध दिवस, दोनों का उद्देश्य दुग्ध उत्पादन के महत्व, पशुपालकों के योगदान और डेयरी क्षेत्र की संभावनाओं को सामने लाना है। बिहार में भी दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में लगातार विस्तार हो रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार ने इस क्षेत्र को नई ऊंचाई देने के लिए बड़े लक्ष्य निर्धारित किए हैं। सरकार की कोशिश है कि बिहार दूध उत्पादन के साथ-साथ प्रसंस्करण, विपणन और दुग्ध उत्पादों के कारोबार में भी अपनी मजबूत पहचान बनाए।
राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को पटना के बापू सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री गौधन विकास ऋण योजना से पशुपालकों को गाय और भैंस उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने दुग्ध उत्पादन लक्ष्य को एक लाख लीटर से अधीक बढ़ाने की बात कही पशु सखी का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि महिलाओं को पशुपालन से जोड़कर पशुओं से प्राप्त उत्पादों और जैविक खाद के निर्माण का लाभ प्राप्त किया जाएगा। एक बार फिर उन्होंने विकसित राष्ट्र और समृद्ध बिहार की बात कही जिसमें पशुपालकों का योगदान अहम बताया।
केंद्रीय पशुपालन एवं डेयरी विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, बिहार में वर्ष 2024-25 के दौरान 1 करोड़ 33 लाख 97 हजार टन से अधिक दूध का उत्पादन हुआ। वर्ष 2023-24 में यह आंकड़ा लगभग 1 करोड़ 28 लाख 53 हजार टन था। यानी राज्य में दूध उत्पादन में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। वर्ष 2024-25 में बिहार में प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता 285 ग्राम रही, जबकि राष्ट्रीय औसत 485 ग्राम प्रतिदिन था। सरकार की कोशिश है कि उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ राज्य में दूध की उपलब्धता और पोषण स्तर में भी सुधार हो।
एक करोड़ लीटर प्रतिदिन उत्पादन का लक्ष्य
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार में प्रतिदिन एक करोड़ लीटर दूध उत्पादन का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए पशुपालकों को उन्नत नस्ल के पशु, आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण, बेहतर पशु स्वास्थ्य सुविधाएं और डेयरी से जुड़ा मजबूत बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने सुधा ब्रांड को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थापित करने की भी बात कही है।
27 जुलाई 2026 को नालंदा के बिहारशरीफ डेयरी परियोजना परिसर में प्रतिदिन 20 मीट्रिक टन क्षमता वाले दही एवं लस्सी प्लांट की आधारशिला रखी गई। इसके साथ सुधा कैफेटेरिया और कॉम्फेड द्वारा संचालित पेट्रोल पंप की परियोजना भी शुरू की गई। इसी कार्यक्रम में 300 सुधा विक्रेताओं के बीच डीप फ्रीजर वितरित किए गए। सरकार ने बकरी पालन को बढ़ावा देने के लिए अलग फेडरेशन बनाने और बकरी के दूध के संग्रहण, प्रसंस्करण एवं विपणन की व्यवस्था विकसित करने की पहल भी की है।
सहकारी समितियों से गांव-गांव तक पहुंचेगा डेयरी विकास
दुग्ध उत्पादन को संगठित करने में बिहार राज्य दुग्ध सहकारी संघ यानी कॉम्फेड की महत्वपूर्ण भूमिका है। सुधा ब्रांड के माध्यम से दूध और दुग्ध उत्पादों को बाजार तक पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक गांव में दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति गठित करने का लक्ष्य रखा है।
1 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री ने कॉम्फेड में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर 5,832 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के माध्यम से 1,06,063 लाभार्थियों के बैंक खातों में 68.51 करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष हस्तांतरण किया गया। साथ ही सुधा संपर्क कॉल सेंटर की शुरुआत हुई। सरकारी जानकारी के अनुसार, राज्य में कुल 33,897 दुग्ध उत्पादक समितियां सक्रिय थीं और प्रतिदिन लगभग 23.90 लाख किलोग्राम दूध का संग्रहण हो रहा था। वित्तीय वर्ष 2026-27 में इसे बढ़ाकर प्रतिदिन 50 लाख लीटर करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
महिलाओं की भागीदारी से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था
बिहार में डेयरी क्षेत्र महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण का भी बड़ा माध्यम बन सकता है। जीविका समूहों और ग्रामीण महिला पशुपालकों को दुग्ध उत्पादन से जोड़कर उनकी आमदनी बढ़ाने की संभावनाएं हैं। सरकार की योजना में महिला पशुपालकों को प्राथमिकता देने, पशुओं की उपलब्धता बढ़ाने और पशु चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर है।हालांकि, इस क्षेत्र में कई चुनौतियां भी हैं। पशुओं के चारे की उपलब्धता, उन्नत नस्ल, समय पर चिकित्सा, दूध के उचित मूल्य, शीत भंडारण और गांवों से बाजार तक परिवहन व्यवस्था को और बेहतर बनाने की कोशिश हो रही है।


