जहां वोटों की गिनती, वहीं CCTV गायब! बिहार MLC चुनाव की मतगणना के बीच बवाल, धरने पर बैठे कांग्रेस प्रत्याशी

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर मतगणना के बीच पटना के बांकीपुर गर्ल्स हाई स्कूल स्थित केंद्र पर CCTV कैमरे नहीं होने को लेकर विवाद खड़ा हो गया।

Sachin Singh
Published on: 27 Oct 2026 11:15 AM IST (Updated on: 27 Oct 2026 11:15 AM IST)
जहां वोटों की गिनती, वहीं CCTV गायब! बिहार MLC चुनाव की मतगणना के बीच बवाल, धरने पर बैठे कांग्रेस प्रत्याशी
X

Bihar MLC Election Result 2026: बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर मतगणना के बीच पटना के बांकीपुर गर्ल्स हाई स्कूल में विवाद खड़ा हो गया है। यहां बनाए गए मतगणना केंद्र पर CCTV कैमरे नहीं होने को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. संजय यादव ने नाराजगी जताई और धरने पर बैठ गए। उनका कहना है कि मतगणना केंद्र के दूसरे हिस्सों में कैमरे लगे हैं, यहां तक कि बाथरूम तक में कैमरे हैं, लेकिन जिस जगह वोटों की गिनती हो रही है, वहां CCTV कैमरे नहीं लगाए गए हैं। उन्होंने मांग की कि मतगणना वाली जगह पर भी कैमरे लगाए जाएं, ताकि पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जा सके। इस मुद्दे को लेकर राजद प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार ने भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि अधिकारी उनकी बात नहीं सुन रहे हैं।

कांग्रेस प्रत्याशी ने उठाए मतगणना की पारदर्शिता पर सवाल

पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार डॉ. संजय यादव ने मतगणना केंद्र पर कैमरे नहीं होने को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि जब लोकसभा और विधानसभा चुनावों के दौरान मतगणना केंद्रों पर कैमरे लगाए जाते हैं, तो इस चुनाव में ऐसा क्यों नहीं किया गया? उनके मुताबिक, वहां हाथ से चलाए जाने वाले कैमरे से वीडियो बनाया जा रहा है। ऐसे कैमरे को जरूरत के हिसाब से बंद या चालू किया जा सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि इससे मतगणना की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो सकते हैं। कांग्रेस प्रत्याशी ने अधिकारियों से नियम स्पष्ट करने की मांग करते हुए कहा कि अगर मतगणना स्थल पर कैमरे लगाने का नियम नहीं है, तो उन्हें इसका आधार बताया जाए।

आठ सीटों पर 150 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए मंगलवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू हुई। इन सीटों पर कुल 150 उम्मीदवार मैदान में हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, राज्य के आठ केंद्रों पर चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के वोटों की गिनती की जा रही है। इनमें पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के साथ पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मतगणना एजेंटों और कर्मचारियों की जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। बिना पास के किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं है और केंद्र के भीतर मोबाइल फोन ले जाने पर भी रोक लगाई गई है।

पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार और अनुज सिंह के बीच मुकाबला

इन आठ सीटों में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र पर भी सबकी नजरें टिकी हैं। यहां जेडीयू के नीरज कुमार और जनसुराज के अनुज सिंह के बीच मुकाबला माना जा रहा है। चुनाव के दौरान अनुज सिंह को जेडीयू विधायक अनंत सिंह का समर्थन हासिल था। हालांकि, चुनाव के बाद जेडीयू ने अनंत सिंह को पार्टी से बाहर कर दिया। चुनाव प्रचार के दौरान नीरज कुमार ने अपनी जीत का भरोसा जताया था, जबकि अनंत सिंह ने उन्हें हराने का दावा किया था। अब मतगणना के दौरान इस सीट का नतीजा राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।

फिलहाल बांकीपुर मतगणना केंद्र पर CCTV कैमरों को लेकर उठे सवालों ने चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया है। कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. संजय यादव के धरने और राजद प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार की शिकायत के बीच अब यह देखना होगा कि अधिकारी इस विवाद पर क्या कदम उठाते हैं।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story