बिहार MLC चुनाव में RJD का शानदार प्रदर्शन, दरभंगा स्नातक सीट पर अनिल झा ने BJP के सर्वेश कुमार को हराया

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के चुनाव में राजद ने पटना शिक्षक और दरभंगा स्नातक सीट पर जीत दर्ज की।

Sachin Singh
Published on: 29 Oct 2026 6:17 PM IST (Updated on: 29 Oct 2026 6:18 PM IST)
बिहार MLC चुनाव में RJD का शानदार प्रदर्शन, दरभंगा स्नातक सीट पर अनिल झा ने BJP के सर्वेश कुमार को हराया
X

Bihar MLC Election Results 2026: बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर हुए चुनाव के सभी नतीजे सामने आ गए हैं। दरभंगा स्नातक सीट पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के उम्मीदवार अनिल झा ने भाजपा के सर्वेश कुमार सिंह को 450 वोटों के करीबी अंतर से हरा दिया। इस जीत के साथ ही आठों सीटों के चुनाव परिणाम घोषित हो गए हैं। इन नतीजों में राजद को सबसे ज्यादा फायदा हुआ है, जबकि भाजपा को एक सीट का नुकसान उठाना पड़ा है।

दूसरी वरीयता के वोटों ने पलटा चुनाव का नतीजा

दरभंगा स्नातक सीट की मतगणना के दौरान भाजपा उम्मीदवार सर्वेश कुमार सिंह ज्यादातर समय अनिल झा से आगे चल रहे थे। आखिरी तीन उम्मीदवारों के बीच मुकाबले में भी सर्वेश कुमार को 1,046 वोटों की बढ़त हासिल थी। लेकिन दूसरी वरीयता के मतों की गिनती में नतीजा बदल गया।

तीसरे स्थान पर रहे जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार मोहम्मद इम्तियाज के बैलेट से दूसरी वरीयता के वोट दोनों प्रमुख उम्मीदवारों को ट्रांसफर हुए। इन वोटों की गिनती के बाद राजद के अनिल झा ने बढ़त बना ली और सर्वेश कुमार को 450 वोटों से हरा दिया।

गौरतलब है कि 2020 के चुनाव में सर्वेश कुमार भाजपा से बगावत करके निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरे थे। उस चुनाव में उन्होंने जदयू के उम्मीदवार दिलीप चौधरी को हराकर पहली बार विधान परिषद में जगह बनाई थी। इस बार वह भाजपा के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे थे, लेकिन अपनी सीट नहीं बचा सके।

राजद ने जीतीं दो सीटें, भाजपा को एक सीट का नुकसान

आठ सीटों के नतीजों में राजद सबसे ज्यादा फायदे में रहा। पार्टी ने पटना शिक्षक और दरभंगा स्नातक सीट पर जीत हासिल की। इन दोनों सीटों पर पहले राजद का कोई विधान पार्षद नहीं था।

भाजपा ने तिरहुत शिक्षक और कोसी स्नातक सीट पर जीत दर्ज की। हालांकि, दरभंगा स्नातक सीट पर सर्वेश कुमार की हार के कारण पार्टी को कुल मिलाकर एक सीट का नुकसान हुआ।

अन्य सीटों की बात करें तो जदयू ने पटना स्नातक सीट जीती, जबकि जन सुराज पार्टी को दरभंगा शिक्षक सीट पर जीत मिली। सारण शिक्षक और तिरहुत स्नातक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने बाजी मारी।

दरभंगा शिक्षक सीट पर जन सुराज के सुरेश प्रसाद राय जीते

दरभंगा शिक्षक सीट का परिणाम पहले ही घोषित हो गया था। यहां जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार और बेगूसराय के शिक्षक नेता सुरेश प्रसाद राय ने कांग्रेस के विधान पार्षद मदन मोहन झा को हराया।

स्नातक सीट का नतीजा आने के साथ ही चुनाव वाली सभी आठ सीटों पर तस्वीर साफ हो गई। इन चुनावों में कई मौजूदा विधान पार्षदों को हार का सामना करना पड़ा।

पांच मौजूदा विधान पार्षद चुनाव हारे

आठ सीटों पर हुए चुनाव में पांच मौजूदा विधान पार्षद अपनी सीट नहीं बचा सके। इनमें चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान पार्षद थे।

हारने वाले उम्मीदवारों में पटना शिक्षक सीट से भाजपा के नवल किशोर यादव, दरभंगा शिक्षक सीट से कांग्रेस के मदन मोहन झा, तिरहुत शिक्षक सीट से सीपीआई के संजय सिंह, सारण शिक्षक सीट से निर्दलीय अफाक अहमद और दरभंगा स्नातक सीट से सर्वेश कुमार शामिल हैं।

वहीं, पटना स्नातक सीट से जदयू के नीरज कुमार, कोसी स्नातक सीट से भाजपा के एनके यादव और तिरहुत स्नातक सीट से निर्दलीय बंशीधर ब्रजवासी अपनी सीट बचाने में सफल रहे।

इन उम्मीदवारों ने मौजूदा एमएलसी को हराया

चुनाव में पांच उम्मीदवार ऐसे रहे, जिन्होंने मौजूदा विधान पार्षदों को हराकर विधान परिषद में जगह बनाई। इनमें पटना शिक्षक सीट से राजद के संजीव सिंह, दरभंगा शिक्षक सीट से जन सुराज पार्टी के सुरेश प्रसाद राय, दरभंगा स्नातक सीट से राजद के अनिल झा, तिरहुत शिक्षक सीट से भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह और सारण शिक्षक सीट से भाजपा के बागी निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज शामिल हैं।

इस तरह बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के चुनाव में राजद ने दो सीटें जीतकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई, जबकि भाजपा को दो सीटों पर जीत मिली। जदयू और जन सुराज पार्टी ने एक-एक सीट जीती, वहीं दो सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story