TRENDING TAGS :
बिहार दारोगा भर्ती रिजल्ट रद्द होते ही पटना में बवाल, सड़क पर उतरे अभ्यर्थी, जानें पूरा मामला
बिहार पुलिस दारोगा भर्ती की मुख्य परीक्षा का रिजल्ट रद्द होने के बाद पटना में अभ्यर्थियों का प्रदर्शन तेज हो गया है। जानें BPSSC के फैसले की वजह, 1799 पदों की भर्ती और अभ्यर्थियों की मांगें।
Bihar Police SI Recruitment: बिहार पुलिस दारोगा भर्ती की मुख्य लिखित परीक्षा का रिजल्ट रद्द किए जाने के बाद पटना में अभ्यर्थियों का आक्रोश सड़क पर उतर आया है। 1,799 दारोगा भर्ती की लिखित परीक्षा में करीब 11 हजार सफल अभ्यर्थी सफल हुए थे जो आयोग के फैसले का विरोध कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी युवाओं का कहना है कि उन्होंने महीनों तक लिखित परीक्षा और फिजिकल टेस्ट की तैयारी में दिन-रात मेहनत की, लेकिन अचानक मेन्स परीक्षा का रिजल्ट रद्द कर उनकी पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया गया।
अभ्यर्थी सरकार और बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रिजल्ट रद्द करने का फैसला वापस लेने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन को देखते हुए पटना में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
‘ग्राउंड पर पसीना बहाया, अब सब कुछ फिर से शुरू होगा’
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने दारोगा भर्ती की कठिन मुख्य परीक्षा पास की थी और अब अगले चरण यानी PET (Physical Efficiency Test) की तैयारी कर रहे थे। कई अभ्यर्थियों ने कहा कि लिखित परीक्षा पास करने के बाद वे फिजिकल टेस्ट के लिए लगातार ग्राउंड पर पसीना बहा रहे थे।
अब रिजल्ट रद्द होने के बाद उन्हें फिर से अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है। युवाओं का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में बार-बार आने वाली गड़बड़ियों का खामियाजा आखिरकार ईमानदारी से परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को भुगतना पड़ता है।
क्या हैं अभ्यर्थियों की मांगें?
पटना में प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की मुख्य मांग है कि BPSSC दारोगा मुख्य परीक्षा का रिजल्ट रद्द करने का फैसला तत्काल वापस ले। इसके साथ ही मेन्स परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को PET की तारीख जल्द घोषित करने और भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की मांग की जा रही है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि यदि परीक्षा में किसी स्तर पर गड़बड़ी हुई है तो उसकी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए, लेकिन पूरी परीक्षा और रिजल्ट का खामियाजा सभी अभ्यर्थियों को नहीं भुगतना चाहिए।
10 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग ने 1,799 दारोगा पदों पर भर्ती के लिए प्रक्रिया शुरू की थी। इस भर्ती में कुल 10 लाख 36 हजार 702 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।
भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा 18 और 21 जनवरी को दो पालियों में आयोजित हुई थी। इसमें 7 लाख 26 हजार 231 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। कदाचार, ओएमआर में त्रुटि और अन्य कारणों से 29,272 अभ्यर्थियों को अयोग्य घोषित किया गया था।
जांच के बाद 6 लाख 96 हजार 959 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया और 35,857 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया गया।
27 मई को हुई थी मुख्य परीक्षा
दारोगा भर्ती की मुख्य लिखित परीक्षा 27 मई को दो पालियों में आयोजित हुई थी। इसमें 34,302 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इसके बाद आयोग ने 3 जून को अधिसूचना जारी कर परीक्षा को स्वच्छ और कदाचार मुक्त बताया था।
हालांकि, आयोग ने यह भी स्वीकार किया था कि दो जिलों के एक-एक परीक्षा केंद्र पर वीक्षक या स्टाफ की ओर से अनुपयुक्त प्रश्न-पुस्तिका की तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित की गई थीं।
अब रिजल्ट रद्द करने पर उठ रहे सवाल
मुख्य परीक्षा के बाद पहले आयोग की ओर से परीक्षा को कदाचार मुक्त बताया गया था, लेकिन बाद में सामने आई शिकायतों और कदाचार की सूचना के बाद आयोग ने परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया।
यही फैसला अब अभ्यर्थियों के विरोध की वजह बन गया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि कुछ केंद्रों पर गड़बड़ी हुई है तो उसकी जिम्मेदारी तय की जाए, लेकिन पूरी भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित करने वाला फैसला क्यों लिया गया?
फिलहाल पटना में अभ्यर्थियों का विरोध जारी है और उनकी नजर आयोग तथा सरकार के अगले कदम पर है। अभ्यर्थियों ने साफ कर दिया है कि रिजल्ट रद्द करने का फैसला वापस होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।


