TRENDING TAGS :
Bihar Police Vacancy 2026: सम्राट सरकार ने दी बड़ी खुशखबरी! बिहार पुलिस में 20 हजार से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती
Bihar Police Vacancy 2026: गृह विभाग की तरफ से जारी अधिसूचना के अनुसार बिहार पुलिस में कुल 20,937 पदों को भरा जाएगा।
Bihar Police Vacancy 2026
Bihar Police Vacancy 2026: बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी आ गयी है। राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर बहाली और प्रोन्नति की प्रक्रिया शुरू करने का बड़ा निर्णय लिया है। गृह विभाग की तरफ से जारी अधिसूचना के अनुसार बिहार पुलिस में कुल 20,937 पदों को भरा जाएगा। इस निर्णय के बाद लाखों अभ्यर्थियों में बड़ा ही उत्साह का माहौल है।
खाली पड़े पदों को भरने के लिए उठाया ये बड़ा कदम
पटना से मिली जानकारी के मुताबिक, सरकार ने लंबे वक़्त से खाली पड़े पदों को भरने के लिए यह बड़ा कदम उठाया है। अधिसूचना के अनुसार कुल पदों में से 10,468 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी, जबकि 10,469 पद विभागीय प्रोन्नति के माध्यम से भरे जाएंगे। यानी जहां नए युवाओं को सरकारी नौकरी पाने का सुनहरा मौका मिलेगा, वहीं पुलिस विभाग में पहले से कार्य कर रहे सभी को प्रमोशन का लाभ भी दिया जाएगा।
गृह विभाग की अधिसूचना जारी
सरकार का मानना है कि पुलिस बल में बढ़ोतरी होने से राज्य की कानून-व्यवस्था और ज्यादा मजबूत होगी। हाल के सालों में लगातार यह मांग उठ रही थी कि पुलिस विभाग में रिक्त पदों को जल्द से जल्द भरा जाए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और भी बेहतर बनाया जा सके। अब गृह विभाग की अधिसूचना जारी होने के बाद भर्ती प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
जल्द ही दिशा-निर्देश होंगे जारी
जानकारी के अनुसार, गृह विभाग जल्द ही भर्ती प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर सकता है। इसमें भर्ती की प्रक्रिया, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, परीक्षा पैटर्न और आवेदन की तारीखों से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। इसे लेकर ऐसा माना जा रहा है कि बिहार पुलिस भर्ती बोर्ड जल्द ही आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर सकता है।
राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर भी इस फैसले को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार इसे राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम बता रही है। इन सब के बीच खास बात यह है कि बिहार में लंबे वक़्त से युवा सरकारी नौकरियों की बहाली का इंतजार कर रहे थे। ऐसे में इस निर्णय से लाखों उम्मीदवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इधर, विभागीय प्रोन्नति से जुड़े फैसले को लेकर भी पुलिसकर्मियों में खुशी का माहौल है। प्रमोशन के माध्यम से बड़ी संख्या में कर्मचारियों को नई जिम्मेदारियां मिलेंगी, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार आने की संभावना जताई जा रही है।
अब सभी की नज़रें सरकार की अगली अधिसूचना पर टिकी हैं, जिसमें भर्ती प्रक्रिया की पूरी रूपरेखा सामने आ सकती है। ऐसा माना जा रहा है कि आगामी दिनों में बिहार पुलिस की यह बहाली राज्य की सबसे बड़ी भर्ती प्रक्रियाओं में से एक साबित हो सकती है।


