बिहार में जवान ने भिड़ पर तान दिया AK-47! पुलिस को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, 4 साल के मासूम की मौत पर बवाल

बिहार के समस्तीपुर में चार साल के अंशु कुमार की मौत के बाद लोगों ने जमकर हंगामा किया और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।

Sachin Singh
Published on: 12 Nov 2026 3:59 PM IST (Updated on: 12 Nov 2026 4:00 PM IST)
बिहार में जवान ने भिड़ पर तान दिया AK-47! पुलिस को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, 4 साल के मासूम की मौत पर बवाल
X

Bihar: बिहार में एक बार फिर पुलिसकर्मी के हाथ में AK-47 और सामने गुस्साई भीड़ का वीडियो चर्चा में है। इस बार मामला समस्तीपुर का है, जहां चार साल के बच्चे की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। बच्चे की मौत से नाराज लोग सड़क पर प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस उन्हें समझाने पहुंची, लेकिन देखते ही देखते मामला बिगड़ गया। भीड़ ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और उन पर हमला कर दिया।

पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ की गई और जवानों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। इसी बीच एक पुलिसकर्मी हाथ में AK-47 लेकर भीड़ की तरफ बढ़ता दिखाई दिया। हालांकि, पास मौजूद दूसरे पुलिसकर्मी ने उसे रोक लिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क पर अफरा-तफरी और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट होती नजर आ रही है।

चार साल के अंशु की मौत के बाद भड़का गुस्सा

मृतक बच्चे की पहचान अंशु कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, अंशु सड़क किनारे जा रहा था, तभी एक मोटरसाइकिल सवार ने उसे टक्कर मार दी। बच्चे के पिता का आरोप है कि बाइक सवार ने जानबूझकर उनके बेटे को टक्कर मारी। उन्होंने दावा किया कि आरोपी स्थानीय मुखिया का बेटा है। अंशु के चाचा ने भी मीडिया से बातचीत में बताया कि मोटरसाइकिल की टक्कर से बच्चे की मौत हुई है।

पिता ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप

बच्चे के पिता का कहना है कि हादसे की सूचना देने के बावजूद पुलिस काफी देर से मौके पर पहुंची। उनका आरोप है कि मोटरसाइकिल सवार उनके बेटे को टक्कर मारकर आराम से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की। पिता ने गुस्से में कहा कि उनका एक ही बेटा था और अगर आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे उसके घर जाकर आग लगा देंगे। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने भी पुलिस और स्थानीय थाने पर मुखिया के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया।

भीड़ ने पुलिसकर्मियों को घेरा, गाड़ी में की तोड़फोड़

बच्चे की मौत के बाद सड़क पर जमा भीड़ का गुस्सा पुलिस के सामने फूट पड़ा। पुलिसकर्मियों के समझाने पर लोग शांत होने के बजाय उनसे भिड़ गए। भीड़ ने पुलिस की गाड़ी को घेर लिया और उस पर चढ़कर तोड़फोड़ करने की कोशिश की। इसके बाद पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू हो गई। जवानों को दौड़ाकर पीटा गया। काफी देर तक सड़क पर हंगामे और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

AK-47 लेकर भीड़ की तरफ बढ़ा जवान, दूसरे पुलिसकर्मी ने रोका

हंगामे के दौरान एक तस्वीर और वीडियो सामने आया, जिसमें एक जवान हाथ में AK-47 लेकर भीड़ की तरफ बढ़ता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि यह जवान एसएएफ का था। हालांकि, डीएसपी ने पुलिसकर्मी द्वारा भीड़ पर AK-47 तानने की बात से इनकार किया है। डीएसपी के मुताबिक, जवान हथियार हाथ में लेकर दौड़ रहा था। इस दौरान दूसरे पुलिसकर्मी ने उसे रोक दिया। फिलहाल सामने आए वीडियो और पुलिस अधिकारी के बयान में इस घटना को लेकर अलग-अलग बातें सामने आई हैं।

सीवान में भी पुलिसकर्मी ने प्रदर्शनकारियों पर तानी थी AK-47

बिहार में पुलिसकर्मी के AK-47 लेकर प्रदर्शनकारियों के सामने आने का यह पहला मामला नहीं है। इसी साल 25 जुलाई को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बिहार में प्रदर्शन हुए थे। इस दौरान सीवान के जेपी चौक पर एक पुलिसकर्मी ने प्रदर्शन कर रहे लोगों की तरफ AK-47 से गोलियां चलाई थीं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद काफी हंगामा हुआ था।

इस मामले में पुलिसकर्मी की पहचान अभिषेक कुमार पटेल के रूप में हुई थी। वीडियो सामने आने के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे सस्पेंड कर दिया गया था। अब समस्तीपुर में बच्चे की मौत के बाद हुए हंगामे के बीच एक जवान के हाथ में AK-47 लेकर भीड़ की तरफ बढ़ने का वीडियो सामने आने से यह मामला फिर चर्चा में है।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story