बिहार में 2.25 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, NTPC-अडानी समेत कई कंपनियों ने किया करार

Bihar News: बिहार में 2.25 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर एमओयू हुआ है। सीएम सम्राट चौधरी ने निवेशकों को 30 दिन में मंजूरी और रोजगार बढ़ाने का भरोसा दिया।

Newstrack Network
Published on: 20 Nov 2026 4:49 PM IST
बिहार में 2.25 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, NTPC-अडानी समेत कई कंपनियों ने किया करार
X

Bihar News: बिहार में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए 2.25 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर एमओयू (MoU) का हस्तांतरण किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को पटना के होटल मौर्या में उद्योग विभाग और ऊर्जा विभाग की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित 'उद्यमियों से संवाद' एवं 'एमओयू एक्सचेंज' समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उद्योग और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ निवेश प्रस्तावों को लेकर समझौता ज्ञापन का हस्तांतरण किया गया।


कार्यक्रम में अडानी हाइड्रो एनर्जी, टोरेंट एनर्जी स्टोरेज सॉल्यूशंस, ग्रीनको एनर्जीज, एनटीपीसी और न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया समेत कई प्रमुख संस्थानों ने निवेश प्रस्तावों को लेकर एमओयू किए।

इन कंपनियों ने किए निवेश प्रस्तावों पर एमओयू

समारोह के दौरान जिन प्रमुख संस्थानों के साथ एमओयू का हस्तांतरण किया गया, उनमें शामिल हैं-

अडानी हाइड्रो एनर्जी 7 लिमिटेड- 9,900 करोड़ रुपये।

अडानी हाइड्रो एनर्जी 15 लिमिटेड- 9,900 करोड़ रुपये।

टोरेंट एनर्जी स्टोरेज सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड- 7,684.94 करोड़ रुपये।

ग्रीनको एनर्जीज प्राइवेट लिमिटेड- 5,400 करोड़ रुपये।

एनटीपीसी लिमिटेड- 70,000 करोड़ रुपये।

न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड- 70,000 करोड़ रुपये।

फेडरेशन ऑफ एविएशन इंडस्ट्री इन इंडिया- 12,500 करोड़ रुपये।

सीटीआरएलएस- 10,000 करोड़ रुपये।

रेनवियन (रामकी ग्रुप)- 10,000 करोड़ रुपये।

SAEL इंडस्ट्रीज लिमिटेड- 4,000 करोड़ रुपये।

सीपीए प्राइवेट लिमिटेड- 3,500 करोड़ रुपये।

एम/एस रश्मि मेटलर्जिकल इंडस्ट्री लिमिटेड- 3,000 करोड़ रुपये।

राणा होल्डिंग लिमिटेड- 3,000 करोड़ रुपये।

बगमेनिया सेमीकॉन- 2,000 करोड़ रुपये।

एम/एस किविसा ऑर्गेनिक्स प्राइवेट लिमिटेड- 1,200 करोड़ रुपये।

'बिहार पर विश्वास करें और उद्योग को बढ़ाएं'

इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि बिहार पूरी तरह तैयार है। निवेशक बिहार पर विश्वास करें और खुले दिल एवं दिमाग से यहां उद्योगों को बढ़ाएं। साथ ही बिहार की प्रगति में अपना योगदान दें।


उन्होंने कहा कि बिहार तेजी से आगे बढ़ना चाहता है। राज्य सरकार का संकल्प बिहार को देश के सबसे तेज गति से औद्योगिक विकास करने वाले राज्यों में शामिल करना है। राज्य में 2.25 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव उद्यमियों और निवेशकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 में जब देश आजादी के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब विकसित भारत के निर्माण में बिहार की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। सरकार का लक्ष्य समृद्ध बिहार का निर्माण करना है। प्राचीन काल में भी बिहार ने भारत को स्वर्ण युग दिया है। आज आवश्यकता है कि ऐतिहासिक विरासत, प्रतिभा और संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए औद्योगिक एवं आर्थिक विकास की नई इबारत लिखी जाए।

पानी और जनसंख्या की चुनौतियों को ताकत में बदलने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की दो प्रमुख चुनौतियां पानी और जनसंख्या रही हैं। अब इन्हीं को राज्य की ताकत में बदलने का प्रयास किया जा रहा है। उत्तर बिहार की नदियों से निकलने वाली गाद के वैज्ञानिक प्रबंधन और निर्माण कार्यों में उसके उपयोग की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि बिहार में गाद नीति बनाई गई है। इससे एक ओर नदियों में गाद की समस्या का समाधान होगा, वहीं दूसरी ओर निर्माण कार्यों के लिए उपयोगी संसाधन भी उपलब्ध होंगे। बाढ़ नियंत्रण के लिए नदियों के तटबंधों को और ऊंचा करने तथा व्यवस्थित करने सहित आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं।

11,000 मेगावाट बिजली के लिए हुआ समझौता

मुख्यमंत्री ने ऊर्जा क्षेत्र में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए कहा कि बिजली के क्षेत्र में लगभग 23,000 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। 1.82 करोड़ परिवारों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।


उन्होंने कहा कि राज्य की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आज 11,000 मेगावाट बिजली के लिए समझौता किया गया है। इसके लिए उन्होंने ऊर्जा विभाग को बधाई एवं धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊर्जा की पर्याप्त उपलब्धता औद्योगिक विकास और निवेश को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

बिहार के उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने के लिए परिवहन और लॉजिस्टिक्स के विभिन्न साधनों का विकास किया जा रहा है। राज्य में 12 नई टाउनशिप विकसित करने की योजना है। बिहार को शिक्षा का भी प्रमुख केंद्र बनाना है। मुख्यमंत्री ने बड़े शैक्षणिक संस्थानों से बिहार में अपने संस्थान स्थापित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार स्वयं एक विशाल बाजार और प्रतिभाओं का केंद्र है।

धार्मिक और इको टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में इको टूरिज्म और धार्मिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज और भगवान बुद्ध से जुड़े स्थलों के विकास के साथ-साथ माता सीता की जन्मस्थली सीतामढ़ी में भी भव्य निर्माण एवं विकास कार्य किए जा रहे हैं।

इन प्रयासों से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर पैदा होंगे।

30 दिनों में मिलेगी निवेश प्रस्तावों को मंजूरी

मुख्यमंत्री ने निवेशकों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि राज्य में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को और बेहतर बनाया जा रहा है। निवेश संबंधी प्रस्तावों को 30 दिनों के भीतर स्वीकृति देने की व्यवस्था की जा रही है। यदि निर्धारित अवधि में स्वीकृति नहीं मिलती है, तो 31वें दिन उसे स्वतः स्वीकृत (Deemed Approval) मान लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य उद्यमियों को अनावश्यक प्रक्रियाओं से मुक्त कर निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है। यह जनता का राज है और जनता ही मालिक है। सरकार जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।

पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने रोजगार और महिला सशक्तिकरण के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि पिछले छह वर्षों में 13 लाख सरकारी नौकरियां और 2 करोड़ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। आगामी पांच वर्षों में 1 करोड़ लोगों को रोजगार एवं सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।


इसके साथ ही 1 करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने और 1 करोड़ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 50 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में उद्योगों के विकास के लिए अनुकूल माहौल, पर्याप्त संसाधन, कुशल मानवबल और विशाल बाजार उपलब्ध है। राज्य सरकार निवेशकों के साथ साझेदारी में आगे बढ़ते हुए बिहार को औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने उद्यमियों और निवेशकों से बिहार की विकास यात्रा में सहभागी बनने की अपील करते हुए कहा कि बिहार में निर्माण करें, बिहार पर विश्वास करें और विकसित एवं समृद्ध बिहार के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंट कर स्वागत किया। ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव एवं उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने अपने-अपने विभागों से संबंधित निवेश प्रस्तावों के बारे में जानकारी दी।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव, उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, बियाडा के प्रबंध निदेशक तथा सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के सचिव नवीन कुमार, उद्योग विभाग के निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, निवेशक, उद्योग जगत से जुड़े लोग और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story