बिहार के कृषि उत्पादों को मिलेगा वैश्विक बाजार, CM सम्राट ने लॉजिस्टिक्स विकास का लक्ष्य किया तय

Bihar News: बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने कृषि उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही उच्च शिक्षा से जुड़ी परियोजनाओं की समयसीमा तय की।

Newstrack Network
Published on: 24 Nov 2026 5:54 PM IST
बिहार के कृषि उत्पादों को मिलेगा वैश्विक बाजार, CM सम्राट ने लॉजिस्टिक्स विकास का लक्ष्य किया तय
X

Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के कृषि उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए बेहतर ब्रांडिंग और बाजार उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। उन्होंने वर्ष 2030 तक परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स के अन्य माध्यमों को विकसित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने उच्च शिक्षा से जुड़ी निर्माणाधीन परियोजनाओं को मार्च 2027 तक पूरा करने की समय-सीमा निर्धारित की।


मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को लोकसेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में 'बिहार गति' के तहत राज्य में 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली परियोजनाओं और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उच्च शिक्षा एवं कृषि विकास से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

मार्च 2027 तक पूरे होंगे विश्वविद्यालयों के निर्माण कार्य

बैठक में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन ने विभाग से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन, शैक्षणिक भवन, इंडोर स्टेडियम और राष्ट्रीय उच्च पथ से संपर्कता पथ सहित अन्य निर्माण कार्यों की जानकारी ली। इसके साथ ही पूर्णिया विश्वविद्यालय और पटना विश्वविद्यालय के भवन निर्माण की भी समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पूर्णिया विश्वविद्यालय और पटना विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन भवनों सहित अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कार्य मार्च 2027 तक पूरा किया जाए। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय के समग्र विकास के लिए सभी हितधारकों से संवाद कर मास्टर प्लान तैयार करने को कहा। साथ ही छात्रावासों में केवल विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


उन्होंने बीएड कॉलेजों में जल्द डिग्री कॉलेज शुरू करने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

किसानों की आर्थिक समृद्धि के लिए बनेगी जिलावार कार्ययोजना

बैठक में कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के क्रियान्वयन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार के कृषि क्षेत्र की प्राथमिकताएं निर्धारित करने और किसानों के विकास के लिए नकदी फसलों की जिलावार कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि योजनाओं का मुख्य उद्देश्य किसानों की आर्थिक समृद्धि सुनिश्चित करना होना चाहिए। उन्होंने बिहार के कृषि उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग और बाजार उपलब्धता पर भी जोर दिया।

2030 तक विकसित होंगे परिवहन और लॉजिस्टिक्स के माध्यम

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2030 तक परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स के अन्य माध्यमों को विकसित करने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य बिहार के कृषि उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक आसानी से पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के आधारभूत ढांचे का सुदृढ़ीकरण और कृषि क्षेत्र का विकास राज्य की प्रगति के महत्वपूर्ण आधार हैं। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारें, ताकि विद्यार्थियों और किसानों को इनका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल, मंत्रिमंडल सचिवालय के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल, वित्त विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह और संजय कुमार सिंह, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story