TRENDING TAGS :
गांवों में ही सुलझेंगे छोटे विवाद, सम्राट सरकार ने ग्राम कचहरियों को दी आर्थिक मजबूती
Bihar News: बिहार में न्याय व्यवस्था को आसान बनाने की पहल, 899 राजस्व न्यायालयों में वर्चुअल सुनवाई शुरू और ग्राम कचहरियों का सालाना बजट 4 हजार से बढ़ाकर 24 हजार रुपये किया गया।
Bihar News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अगुवाई में बिहार सरकार ने ग्रामीणों और किसानों को त्वरित, पारदर्शी और सुलभ न्याय देने के लिए दो ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। राज्य के 899 राजस्व न्यायालयों में वर्चुअल सुनवाई व्यवस्था के लोकार्पण के बाद अब राज्य की पहली पेपरलेस 'ई-कैबिनेट' बैठक में ग्राम कचहरियों का वार्षिक बजट 6 गुना बढ़ने का निर्णय लिया गया है। गांव, गरीब और किसानों के हितों की रक्षा करना किसी भी संवेदनशील सरकार का मुख्य काम होता है। बिहार सरकार की यह पहल इसी दिशा में बढ़ाया गया सराहनीय कदम है।
राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली (RCMS) के तहत शुरू की गई वर्चुअल सुनवाई व्यवस्था से आम लोगों को भूमि और राजस्व से जुड़े मामलों के लिए अंचल या अनुमंडल कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अब पक्षकार घर से ही डिजिटल तरीके से सुनवाई में शामिल हो सकते हैं, अपने साक्ष्य और जरूरी दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं और मामलों की ताजा स्थिति भी जान सकते हैं।
इस नई डिजिटल व्यवस्था से गरीब और वंचित लोग समय और पैसे दोनों बचा सकेंगे। वर्चुअल सुनवाई की पूरी रिकॉर्डिंग और ट्रांसक्रिप्शन पारदर्शिता के लिए मिलेगी। आदेशों की गुणवत्ता जांचने के लिए एक अलग सेल बनेगा। आम लोगों को सुनवाई की तारीख और समय SMS के साथ कॉल सेंटर और दूसरे तरीके से भी बताया जाएगा। इससे मुकदमे जल्दी निपटेंगे और न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ भी घटेगा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई ई-कैबिनेट की बैठक में 34 प्रस्ताव पास हुए। इनमें ग्राम कचहरियों को मजबूत करने का फैसला खास है। सरकार ने ग्राम कचहरियों के सालाना प्रशासनिक खर्च को 4,000 रुपये से बढ़ाकर 24,000 रुपये कर दिया है। जाहिर सी बात है संसाधन बढ़ने से छोटे विवाद गांव में ही आसानी से सुलझाए जा सकेंगे।
एक ओऱ ग्राम कचहरियों को आर्थिक रूप से मजबूत करना और दूसरी तरफ राजस्व न्यायालयों को पूरी तरह ऑनलाइन करना डिजिटल बिहार और सुशासन की दिसा में सरकार का अहम कदम है। सरकार की इस रणनीति से ग्रामीण क्षेत्रों में मुकदमेबाजी का तनाव कम होगा और किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।


