जोरदार धमाके के बाद पसरा सन्नाटा, त्योहार के बीच परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Bihar News: बिहार के अरवल में त्योहार के दौरान पटाखा फोड़ते समय 13 वर्षीय अविनाश कुमार की मौत हो गई। हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं, गांव में पसरा मातम।

Kumud Gupta
Published on: 10 Nov 2026 10:40 PM IST
जोरदार धमाके के बाद पसरा सन्नाटा, त्योहार के बीच परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
X

फोटो-सोशल मीडिया

Bihar News: त्योहार का मौका था, घर में खुशियों का माहौल था और हर तरफ उत्सव की रौनक थी, लेकिन किसी ने सोचा भी नहीं था कि कुछ पल बाद यही खुशियां चीख-पुकार और मातम में बदल जाएंगी। जिस उम्र में बच्चे त्योहारों का आनंद लेते हैं, अपनों के साथ हंसते-खेलते हैं और छोटी-छोटी खुशियों में अपनी दुनिया तलाशते हैं, उस उम्र में 13 वर्षीय अविनाश कुमार की जिंदगी अचानक थम गई। बिहार के अरवल जिले में पटाखा फोड़ने के दौरान हुए हादसे में अविनाश की मौत हो गई। बेटे को खोने के गम ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया। जिस घर में त्योहार की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब अपनों को खोने का दर्द और सन्नाटा पसरा है। इस घटना ने पूरे गांव को भी झकझोर कर रख दिया है।

पटाखा फोड़ने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, घटना बिहार के अरवल जिले के रामपुर चौरम थाना क्षेत्र के अलावल चक गांव की है। यहां रहने वाले प्रमोद कुमार का 13 वर्षीय बेटा अविनाश कुमार मंगलवार दोपहर टीन के डिब्बे में पटाखा रखकर फोड़ रहा था। इसी दौरान जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके के साथ टीन के डब्बे का धारदार टुकड़ा उसकी गर्दन में जा घुसा।

वह गंभीर रूप से जख्मी होकर गिर पड़ा। अचानक हुए हादसे से स्वजन के होश उड़ गए। घटना के बाद स्वजन आनन-फानन उसे मोटरसाइकिल से अरवल सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।

वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। स्वजन उसे लेकर पीएमसीएच पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद मंगलवार शाम अविनाश ने दम तोड़ दिया।

अविनाश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बच्चे की हंसी से घर में रौनक रहती थी, उसकी असमय मौत ने परिवार की खुशियां छीन लीं।

Kumud Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Kumud Gupta

Mail ID - gkumud27@gmail.com Content Writergkumud27@gmail.com

I am currently pursuing a Bachelor of Journalism and Mass Communication (BJMC) and am a 5th Semester student at KITM Group of Institutions, Khatima, Uttarakhand. I have a strong interest in content writing, particularly on crime, politics, social issues, and history.

Next Story