बिहार में शहरी सेवाएं होंगी डिजिटल और आसान, CM सम्राट चौधरी ने लॉन्च किया UPYOG पोर्टल

Bihar News: बिहार में CM सम्राट चौधरी ने UPYOG पोर्टल लॉन्च किया। इसके जरिए 264 नगर निकायों में 10 शहरी सेवाएं ऑनलाइन मिलेंगी और नागरिकों को राहत मिलेगी।

Newstrack Network
Published on: 31 Oct 2026 8:03 PM IST
बिहार में शहरी सेवाएं होंगी डिजिटल और आसान, CM सम्राट चौधरी ने लॉन्च किया UPYOG पोर्टल
X

Bihar News: बिहार में शहरी सेवाओं को डिजिटल और पारदर्शी बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को राष्ट्रीय शहरी डिजिटल मिशन (NUDM) के तहत विकसित UPYOG पोर्टल का शुभारंभ किया। इस पोर्टल के शुरू होने से नागरिकों को विभिन्न शहरी सेवाओं के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।

लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पोर्टल की कार्यप्रणाली पर आधारित एक लघु फिल्म दिखाई गई। साथ ही मुख्यमंत्री के सामने इसका लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया। नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव ने पोर्टल की सुविधाओं और कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी।


पहले चरण में शुरू हुईं 10 डिजिटल सेवाएं

UPYOG पोर्टल का उद्देश्य नागरिकों को शहरी सेवाएं आसान, पारदर्शी और तेज तरीके से ऑनलाइन उपलब्ध कराना है। पहले चरण में पोर्टल के कुल 19 मॉड्यूल में से 10 मॉड्यूल शुरू किए गए हैं। इनमें विज्ञापन प्रबंधन, ट्रेड लाइसेंस, जल एवं सीवरेज कनेक्शन प्रबंधन, परिसंपत्ति प्रबंधन, वाहन बेड़ा प्रबंधन, नगरपालिका लेखा एवं वित्त प्रबंधन, भवन नक्शा स्वीकृति, विधि मॉड्यूल, सामग्री प्रबंधन और शिकायत निवारण जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

इस पोर्टल के माध्यम से नागरिक विभिन्न शहरी सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और डिजिटल प्रमाणपत्र भी प्राप्त कर सकेंगे। भवन निर्माण की अनुमति के लिए आवेदन से लेकर स्वीकृति तक की प्रक्रिया भी ऑनलाइन होगी। इससे सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी और सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी।

बिहार के सभी 264 नगर निकायों में लागू होगा पोर्टल

राष्ट्रीय शहरी डिजिटल मिशन के अंतर्गत विकसित इस प्लेटफॉर्म को राज्य के सभी 264 शहरी स्थानीय निकायों में लागू किया गया है। इसका उद्देश्य नगर निकायों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना और शहरी विकास से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाना है।


मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि UPYOG पोर्टल नगर विकास एवं आवास विभाग की कार्यप्रणाली को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके माध्यम से नागरिकों को शहरी सेवाओं से संबंधित जरूरी जानकारी और सुविधाएं डिजिटल माध्यम से उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि तकनीक के प्रभावी उपयोग से शहरी सेवाओं को अधिक सरल, सशक्त और सुविधाजनक बनाया जा सकेगा।

बिहार में आवासीय परियोजना और IT हब बनाने की तैयारी

कार्यक्रम के दौरान बिहार सरकार और नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन लिमिटेड (NBCC) के बीच विभिन्न विकास परियोजनाओं को लेकर समझौता ज्ञापन (MoU) का हस्तांतरण भी किया गया।

पहली परियोजना के तहत पटना में टीवी टावर के निकट बिहार राज्य आवास बोर्ड के सेक्टर-5 की लगभग 8.5 एकड़ जमीन पर वित्तपोषित आवासीय परियोजना विकसित करने की योजना है। इसके अलावा गर्दनीबाग में आधुनिक टेक पार्क के निर्माण और विकास को लेकर सूचना प्रौद्योगिकी विभाग तथा NBCC के बीच समझौता हुआ।

वहीं, जल संसाधन विभाग और NBCC के बीच भी समझौता किया गया है। इसके तहत विभाग के निरीक्षण भवनों (IB) को नए टावर के रूप में विकसित किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य इन परियोजनाओं के जरिए शहरी आधारभूत संरचना को मजबूत करना, आधुनिक सुविधाओं का विस्तार करना और राज्य में निवेश एवं राजस्व सृजन की संभावनाओं को बढ़ावा देना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि UPYOG पोर्टल की शुरुआत और NBCC के साथ हुए समझौते बिहार के शहरी विकास को नई गति देंगे। डिजिटल तकनीक और आधुनिक आधारभूत संरचना के समन्वय से नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और विकास की प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनेगी।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नीतीश मिश्रा सहित नगर विकास एवं आवास विभाग और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story