TRENDING TAGS :
ट्रेनें रद्द, मेट्रो स्टेशन बंद होने की चर्चा, चिराग पासवान बोले- युवाओं को कोई नहीं रोक सकता!
Chirag Paswan Bayan: CJP के 10 अक्टूबर के प्रदर्शन से पहले कई ट्रेनें रद्द और कुछ के समय में बदलाव किया गया। चिराग पासवान ने कहा कि भारत के युवाओं को कोई नहीं रोक सकता।
social media image
Chirag Paswan Bayan: CJP के 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव किया गया है। वहीं, दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशन आज रात नौ बजे से बंद रहने की बात कही गई है। इस बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भारत के युवाओं की ताकत पर भरोसा जताया।
सोनीपत में मीडिया से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि भारत के युवा किसी भी बाधा से रुकने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा, “ये भारत के युवा हैं, इनको कोई नहीं रोक सकता है प्रभु।” उन्होंने आगे कहा कि जो लोग भ्रम फैलाने की कोशिश करते हैं, उनसे पूछा जाना चाहिए कि आखिर कितनी ट्रेनें और कितनी कनेक्टिविटी रोकी जा सकती है। भारत के युवाओं ने पीढ़ियों से अपनी क्षमता साबित की है और वे दुनिया को रास्ता दिखा सकते हैं।
CJP के प्रदर्शन से पहले ट्रेनों के समय में बदलाव
CJP ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़े प्रदर्शन की योजना बनाई है। प्रदर्शन से पहले पश्चिम रेलवे ने मुंबई से दिल्ली आने वाली दो राजधानी एक्सप्रेस ट्रेनों के प्रस्थान समय में पांच घंटे की देरी की है।
इनमें मुंबई सेंट्रल-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (12951) और मुंबई सेंट्रल-हजरत निजामुद्दीन अगस्त क्रांति राजधानी एक्सप्रेस (12953) शामिल हैं। इसके अलावा बांद्रा टर्मिनस-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस (12247) को रद्द कर दिया गया है।
इसके अलावा डॉ. आंबेडकर नगर-नई दिल्ली एक्सप्रेस (20155), इंदौर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस (09309), इंदौर-नई दिल्ली एक्सप्रेस (12415) और साबरमती-नई दिल्ली एक्सप्रेस (12957) को भी रद्द किया गया है।
उत्तर पश्चिम रेलवे ने 9 और 10 अक्टूबर को 13 ट्रेनों को रद्द किया है। वहीं, दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले जम्मू मंडल की चार ट्रेनें भी रद्द कर दी गई हैं। इन बदलावों से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यात्रियों को सलाह है कि यात्रा पर निकलने से पहले संबंधित ट्रेन की स्थिति और समय-सारणी की पुष्टि कर लें।
दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशन बंद रहने की बात
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों को रात नौ बजे से बंद रखने की बात कही गई है। इससे दिल्ली में सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। खासकर उन लोगों को अपनी यात्रा की योजना में बदलाव करना पड़ सकता है, जिन्हें शाम या रात के समय मेट्रो से अपने गंतव्य तक पहुंचना है।


