TRENDING TAGS :
जमुई मामले पर BJP की छात्र इकाई भी नाराज, ABVP ने निकाला मार्च, कर दी ये मांग
जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ कथित छेड़खानी और घटना का वीडियो वायरल होने के विरोध में ABVP ने मार्च निकाला।
Jamui Minor Harassment Case: बिहार के जमुई जिले में नाबालिग छात्रा के साथ छेड़खानी और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले को लेकर सत्ताधारी बीजेपी की छात्र इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) में भी नाराजगी है। मामले के मुख्य आरोपी नंदन यादव के खिलाफ पुलिस ने एनकाउंटर की कार्रवाई की है। इससे पहले ABVP कार्यकर्ताओं ने छात्रा के साथ हुई शर्मनाक हरकत के विरोध में जमुई में विरोध मार्च निकाला।
ABVP कार्यकर्ताओं ने जमकर की नारेबाजी
ABVP ने मंगलवार को जमुई की छात्रा के साथ हुई कथित शर्मनाक हरकत और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के विरोध में मार्च निकाला। इस मार्च में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए और उन्होंने जमकर नारेबाजी की।
मार्च के दौरान ABVP कार्यकर्ताओं ने मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि जिला प्रशासन को इस मामले में जल्द और कड़ा एक्शन लेना चाहिए। उनका कहना था कि छात्रा के साथ जिस तरह की हरकत की गई, उसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
छात्राओं की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
ABVP कार्यकर्ताओं ने शहर और आसपास के इलाकों में छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की। उनका कहना था कि छात्राओं की सुरक्षा के लिए स्कूल, कोचिंग संस्थानों और कॉलेजों के आसपास पुलिस की गश्त बढ़ाई जानी चाहिए।
कार्यकर्ताओं के मुताबिक, छात्राओं को सुरक्षित माहौल देने के लिए प्रशासन को ऐसे इलाकों पर खास ध्यान देने की जरूरत है, जहां छात्राएं पढ़ाई के लिए नियमित रूप से आती-जाती हैं।
विपक्ष के साथ ABVP भी मामले पर नाराज
इस घटना को लेकर विपक्ष की ओर से भी सवाल उठाए जा रहे हैं। वहीं, अब सत्ताधारी बीजेपी की छात्र इकाई ABVP ने भी घटना के खिलाफ विरोध जताया है। ABVP कार्यकर्ताओं ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन से मामले में तेजी से कदम उठाने को कहा है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने भी घटना की निंदा की
बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी जमुई की घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा कि सभ्य समाज में इस तरह की घटनाओं को किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
संजय सरावगी ने बताया कि जैसे ही घटना पुलिस के संज्ञान में आई, पुलिस ने खुद ही एफआईआर दर्ज की और कार्रवाई शुरू कर दी।
उन्होंने कहा, 'ऐसी घटनाएं समाज में बिल्कुल अस्वीकार्य हैं। मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति ही इस तरह की हरकत कर सकता है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है, लेकिन जमुई पुलिस ने जानकारी मिलते ही कार्रवाई शुरू कर दी।'
इस मामले को लेकर ABVP ने भी साफ किया है कि छात्राओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को और मजबूत कदम उठाने की जरूरत है। संगठन ने सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


