अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासन की टीम पर हमला! छतों से बरसे ईंट-पत्थर, चालक ने भागकर बचाई जान

Muzaffarpur Stone Pelting: बिहार के मुजफ्फरपुर के साहेबगंज बाजार में अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर छतों से ईंट-पत्थर बरसाए गए। बुलडोजर का शीशा टूटा और चालक बाल-बाल बचा। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान में जुटी है।

Aditya Kumar Verma
Published on: 28 Nov 2026 10:56 AM IST
Muzaffarpur Stone Pelting
X

Muzaffarpur Stone Pelting

Muzaffarpur Stone Pelting: बिहार के मुजफ्फरपुर में अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर शुक्रवार को अचानक हमला हो गया। साहेबगंज बाजार के केशव चौक पर कार्रवाई करने पहुंची टीम पर कुछ लोगों ने छतों से ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। अचानक हुए इस पथराव (Stone Pelting) से मौके पर अफरातफरी मच गई। हमले में बुलडोजर का शीशा टूट गया, जबकि उसका चालक बाल-बाल बचा। हालात बिगड़ने पर प्रशासनिक टीम को अपनी जान बचाकर मौके से भागना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी पहुंचे, जिसके बाद दोबारा अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया गया।

केशव चौक पर अचानक शुरू हुआ पथराव

दरअसल, साहेबगंज बाजार में प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान (Anti-Encroachment Drive) चलाया जा रहा था। प्रशासन ने दुकानदारों को गुरुवार तक खुद ही अवैध कब्जे हटाने का समय दिया था। इसके बाद शुक्रवार को प्रशासनिक टीम बुलडोजर लेकर कार्रवाई के लिए पहुंची।

टीम ने नवल किशोर चौक से अभियान शुरू किया और आगे बढ़ते हुए केशव चौक पहुंची। इसी दौरान अचानक कुछ लोगों ने मकानों की छतों से ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। देखते ही देखते पथराव तेज हो गया और बुलडोजर को भी निशाना बनाया गया। इस हमले में बुलडोजर का शीशा टूट गया। गनीमत रही कि उसका चालक इसकी चपेट में आने से बच गया। अचानक हुए हमले के बाद मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। प्रशासनिक टीम के सदस्यों को अपनी जान बचाने के लिए वहां से पीछे हटना पड़ा।

पुलिस पहुंची तो दोबारा शुरू हुई कार्रवाई

पथराव की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। पुलिस की मौजूदगी में प्रशासन ने एक बार फिर अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया।

इसके बाद ब्रजनंदन चौक, गांधी चौक, इंद्रदेव चौक और ब्लॉक गेट तक कार्रवाई की गई। इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। कई दुकानों के टीन शेड तोड़ दिए गए, वहीं होटलों के अवैध निर्माण पर भी बुलडोजर चलाया गया।

इसके अलावा फुटपाथ पर दुकान लगाकर कारोबार करने वालों के कब्जे भी हटाए गए। केशव चौक और बाया नदी पुल के पास फल बेचने वालों की गुमटियों को भी हटाया गया। पुलिस की मौजूदगी में प्रशासन ने बाजार के अलग-अलग हिस्सों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की।

पथराव करने वालों की पहचान में जुटी पुलिस

घटना के बाद अब पुलिस पथराव करने वाले लोगों की पहचान करने में जुट गई है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक युवक की तस्वीर वायरल हो रही है। तस्वीर में कथित तौर पर युवक को ईंट फेंकते हुए देखा जा रहा है। हालांकि, इस तस्वीर की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज (CCTV Footage) की मदद से हमले में शामिल लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। प्रशासनिक टीम पर हमला करने वालों का पता लगाने के लिए घटना से जुड़े फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

नगर परिषद के अधिकारी ने थाने में दिया आवेदन

इस मामले में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मोहम्मद फिरोज ने साहेबगंज थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है। आवेदन में प्रशासनिक टीम पर हुए पथराव की घटना को लेकर कार्रवाई की मांग की गई है।

पुलिस का कहना है कि नगर परिषद के अधिकारी की ओर से मिले आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए पथराव करने वालों की पहचान करने में जुटी है।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story