'पीपरी हैं ये सब...' अनंत सिंह पर नीरज कुमार का तंज, आनंद मोहन को लेकर भी दी बड़ी प्रतिक्रिया

JDU नेता नीरज कुमार ने अनंत सिंह का नाम लिए बगैर उनके ऊपर तंज कसा है। उन्होंने बाहुबली नेता को लेकर बड़ी बात कही है।

Sawan Gupta
Published on: 27 Nov 2026 3:18 PM IST
Image Source – Social Media
X

Image Source – Social Media

Neeraj Kumar Statement: मोकामा विधायक अनंत सिंह अपनी बेटी की शाही शादी को लेकर इन दिनों काफी चर्चा में रहे। अनंत सिंह को बिहार का बाहुबली नेता माना जाता है। अब इसको लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) के विधान पार्षद नीरज कुमार ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अनंत सिंह का नाम लिए बगैर उनके ऊपर तंज कसा है। नीरज कुमार ने सवाल उठाया कि बिहार में आखिर बाहुबली कौन है? इसके अलावा नीरज कुमार ने पूर्व सांसद आनंद मोहन की रिहाई से जुड़े सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।

नाम लिए बगैर अनंत सिंह पर कसा तंज

नीरज कुमार ने अनंत सिंह का नाम लिए बगैर उनके ऊपर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में कोई बाहुबली नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ''बाहुबली कौन है बिहार में? अपने आप को कोई बाहुबली कहता है? बाहुबली कहने की कोई हिम्मत नहीं जुटाता है।'' उन्होंने आगे कहा कि पटना स्नातक क्षेत्र में उन्हें बौद्धिक जनादेश मिल चुका है। इसके बाद उन्होंने 'पीपरी' का जिक्र करते हुए कहा कि यह ऐसी चीज है, जो काटेगी तो पता भी नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि ये सब पीपरी हैं, इनका कोई मतलब नहीं है।

MLC चुनाव में अनंत सिंह और नीरज के बीच बढ़ी थी तल्खी

दरअसल, बिहार विधान परिषद चुनाव के दौरान अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच राजनीतिक तल्खी काफी बढ़ गई थी। अनंत सिंह ने जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ प्रचार किया था। दोनों नेताओं के बीच जमकर जुबानी जंग भी देखने को मिली थी। हालांकि, चुनाव में नीरज कुमार ने जीत दर्ज की। इसके बाद पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोपों के चलते अनंत सिंह को जेडीयू से निष्कासित कर दिया गया था। दोनों नेताओं के बीच पुरानी राजनीतिक अदावत भी इस बयानबाजी की एक बड़ी वजह मानी जा रही है।

आनंद मोहन की रिहाई पर क्या बोले नीरज कुमार?

नीरज कुमार ने पूर्व सांसद आनंद मोहन के मामले पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह किसी व्यक्ति का मामला नहीं, बल्कि सुप्रीम कोर्ट का मामला है। आनंद मोहन को पुनर्विचार याचिका दाखिल करने का अधिकार है, लेकिन सरकार को इसमें पार्टी बनाने का कोई मतलब नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि न्यायपालिका के फैसले पर टिप्पणी नहीं की जा सकती।

सुप्रीम कोर्ट ने आनंद मोहन की रिहाई का आदेश किया रद्द

गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की हत्या के मामले में दोषी पूर्व सांसद आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई को रद्द कर दिया था। अदालत ने बिहार सरकार के उस फैसले को भी निरस्त कर दिया, जिसके तहत जेल नियमों में बदलाव करके आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई का रास्ता साफ किया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सक्षम जेल प्राधिकारी के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story