TRENDING TAGS :
21 नवंबर को खुलेगा नीतीश सेतु, लेकिन लालू परिवार को नाम से क्यों है ऐतराज?
Nitish Setu Controversy: 21 नवंबर को पीएम मोदी नीतीश सेतु का उद्घाटन करेंगे, लेकिन पुल के नाम पर बिहार में सियासी घमासान छिड़ा है। तेजस्वी ने ललन सिंह पर निशाना साधा, वहीं लालू के नाम पर पुल रखने की मांग तेज हुई।
Nitish Setu Inauguration
Nitish Setu Controversy: बिहार में पुल सिर्फ नदी के दो किनारों को नहीं जोड़ते, कभी-कभी सियासत के दो धड़ों के बीच विवाद की नई खाई भी खोद देते हैं। कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल के उद्घाटन से पहले कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है। 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन करेंगे, लेकिन पुल के नाम को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने हैं। लालू परिवार पुल का नाम लालू प्रसाद यादव के नाम पर रखने की मांग कर रहा है, तो सत्ताधारी खेमे का तर्क है कि इस परियोजना को पूरा कराने में नीतीश कुमार की भूमिका सबसे अहम रही है। अब इस नामकरण की लड़ाई में तेजस्वी यादव ने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह पर भी हमला बोल दिया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जेडीयू में ललन सिंह को पूछता ही कौन है।
तेजस्वी बोले- ललन सिंह मुंह फुलाकर घूमते रहते हैं
पुल के नाम को लेकर जारी विवाद के बीच तेजस्वी यादव ने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के बयान पर पलटवार किया है। ललन सिंह ने तेजस्वी को नॉन सीरियस नेता बताया था, जिसके जवाब में आरजेडी नेता ने उन पर निशाना साधा।
तेजस्वी ने कहा कि जेडीयू में ललन सिंह को पूछता ही कौन है। उन्होंने आरोप लगाया कि ललन सिंह मुंह फुलाकर घूमते रहते हैं। पुल के निर्माण में केंद्र सरकार के योगदान को लेकर भी तेजस्वी ने सवाल उठाए। उनका दावा है कि इस परियोजना में केंद्र सरकार का एक रुपये का भी योगदान नहीं है और पुल का निर्माण उस समय की बिहार सरकार ने कराया था।
विजय चौधरी पर भी साधा निशाना
तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत के दौरान बिहार के डिप्टी सीएम विजय चौधरी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि विजय चौधरी से पूछा जाना चाहिए कि जब पुल का निर्माण कार्य शुरू हुआ था, तब बिहार में किसकी सरकार थी और उस समय सरकार का गठबंधन किसके साथ था।
पुल के उद्घाटन से पहले नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। सत्ता पक्ष जहां नीतीश कुमार के योगदान को अहम बता रहा है, वहीं विपक्ष परियोजना के निर्माण और वित्तीय योगदान को लेकर सरकार के दावों पर सवाल उठा रहा है। ऐसे में 21 नवंबर को उद्घाटन से पहले 'नीतीश सेतु' का नाम बिहार की राजनीति में बड़ा मुद्दा बन गया है।
तेज प्रताप और रोहिणी आचार्य भी चाहते हैं लालू के नाम पर हो पुल
तेजस्वी यादव के अलावा तेज प्रताप यादव और रोहिणी आचार्य भी पुल का नाम लालू प्रसाद यादव के नाम पर रखने की मांग कर चुके हैं। रोहिणी आचार्य ने बिहार सरकार के फैसले पर अफसोस जताया था। वहीं तेज प्रताप यादव ने कहा था कि पूरा देश जानता है कि बिहार किसकी वजह से जाना जाता है और कौन किसका 'प्रोडक्ट' है। उन्होंने लालू प्रसाद को मास लीडर बताते हुए पुल का नाम उनके नाम पर रखने की मांग की थी।
इस तरह पुल के नाम को लेकर लालू परिवार की तरफ से लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। एक तरफ नीतीश कुमार के नाम पर पुल का उद्घाटन होने जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ आरजेडी इसे अपने नेता के योगदान से जोड़कर नामकरण पर आपत्ति जता रही है।
उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच मजबूत होगी कनेक्टिविटी
राजनीतिक विवादों के बीच कच्ची दरगाह से वैशाली जिले के बिदुपुर तक बना सिक्स लेन पुल बिहार के परिवहन नेटवर्क के लिहाज से महत्वपूर्ण परियोजना है। यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन को आसान बनाएगा। परियोजना का राघोपुर तक का हिस्सा पहले ही चालू किया जा चुका है, जबकि राघोपुर से बिदुपुर तक के शेष हिस्से का उद्घाटन 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।
पुल शुरू होने से मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर और वैशाली समेत उत्तर बिहार के कई जिलों के लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है। पटना पहुंचना पहले के मुकाबले आसान होगा। इसके अलावा उत्तर बिहार और राजधानी के बीच माल ढुलाई, परिवहन और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिल सकती है।
फिलहाल पुल जनता के लिए सुविधा और बिहार की राजनीति के लिए विवाद का विषय बना हुआ है। उद्घाटन से पहले नाम को लेकर छिड़ी लड़ाई ने साफ कर दिया है कि बिहार में विकास की परियोजनाओं के साथ-साथ उनके नाम और श्रेय की राजनीति भी खूब चलती है।


