TRENDING TAGS :
नीतीश सेतु पर बवाल! PM मोदी के पोस्टर फाड़े, तेजस्वी-लालू के समर्थन में नारेबाजी; VIDEO VIRAL
Nitish Setu Viral Video: बिहार के नीतीश सेतु पर हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में बीजेपी और पीएम मोदी के पोस्टर फाड़ने तथा तेजस्वी यादव के समर्थन में नारेबाजी का दावा किया जा रहा है। जानिए क्या है पूरा मामला?
PM Modi Poster Torn
Nitish Setu Viral Video: बिहार के बहुप्रतीक्षित नीतीश सेतु का उद्घाटन होने के ठीक बाद अब इस पुल से जुड़ा एक वीडियो सियासी विवाद की वजह बन गया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ लोग पुल पर लगे बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर-बैनर फाड़ते और तेजस्वी यादव के समर्थन में नारेबाजी करते दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि भीड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पोस्टरों को भी निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि पुल पर करीब 40 मिनट तक हंगामा चलता रहा और इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इस घटना को लेकर बीजेपी ने आरजेडी समर्थकों पर तोड़फोड़ के आरोप लगाए हैं। हालांकि, वायरल वीडियो के समय को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं।
नीतीश सेतु पर अचानक जुटी भीड़
गंगा नदी पर बने नीतीश सेतु का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 नवंबर को किया था। इसके अगले दिन यानी रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। इसमें बड़ी संख्या में लोग पुल पर दौड़ते और हंगामा करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में कुछ लोग पुल के किनारे लगाए गए पोस्टर और बैनर फाड़ते दिखाई दे रहे हैं।
वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि भीड़ में शामिल लोगों ने बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टरों के साथ नीतीश कुमार के पोस्टर भी फाड़ दिए। इस दौरान तेजस्वी यादव और लालू प्रसाद यादव के समर्थन में नारेबाजी भी की गई। कुछ लोग हाथों में आरजेडी का झंडा लिए दिखाई देने की बात भी सामने आई है।
करीब 40 मिनट तक चलता रहा हंगामा
बताया जा रहा है कि नीतीश सेतु पर जुटे लोगों ने काफी देर तक हंगामा किया। करीब 40 मिनट तक चले इस घटनाक्रम के दौरान पोस्टर-बैनर फाड़े गए और नारेबाजी होती रही। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पुलिस और प्रशासन को इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वहां मौजूद लोगों को हटाया।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इसे लेकर बिहार की राजनीति में बयानबाजी शुरू हो गई। हालांकि, हंगामे की पूरी अवधि और पुलिस के पहुंचने के समय की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
(वीडियो क्रेडिट- सोशल मीडिया)
बीजेपी ने आरजेडी समर्थकों पर लगाए आरोप
नीतीश सेतु पर हुए हंगामे को लेकर बीजेपी ने आरजेडी पर निशाना साधा है। बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने आरोप लगाया कि आरजेडी समर्थकों ने पुल पर लगे पोस्टर-बैनर फाड़े और तेजस्वी यादव के समर्थन में नारेबाजी की। उनका कहना है कि आरजेडी विकास के कामों पर राजनीति कर रही है और तोड़फोड़ की मानसिकता को बढ़ावा दे रही है।
नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद पहले से गरम है बिहार का सियासी माहौल
नीतीश सेतु के उद्घाटन से पहले ही इसके नाम और श्रेय को लेकर बिहार में राजनीतिक विवाद चल रहा था। आरजेडी नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पुल के उद्घाटन और निर्माण में केंद्र सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए थे। उन्होंने दावा किया था कि इस परियोजना का उद्घाटन तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहले ही कर चुके हैं और पुल पर आवागमन भी शुरू हो चुका था।
अब उद्घाटन के बाद पोस्टर फाड़ने और नारेबाजी का वीडियो सामने आने से यह विवाद और बढ़ गया है।


